Independence Day: 15 अगस्त को मुख्यमंत्री मोहन यादव भोपाल में करेंगे ध्वजारोहण, जानिए कौन-सा मंत्री कहां फहराएगा तिरंगा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 15 अगस्त 2026 को राजधानी भोपाल में आयोजित राज्य-स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण करेंगे। साथ ही प्रदेशवासियों के नाम संदेश देंगे। 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राजधानी भोपाल सहित जिला मुख्यालयों पर विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियां भी होंगी।
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिकृत सूची के अनुसार, विधानसभा अध्यक्ष, उपमुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री एवं राज्यमंत्री विभिन्न जिला मुख्यालयों पर ध्वजारोहण करेंगे। उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा मंदसौर, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल रीवा और विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ग्वालियर में ध्वजारोहण करेंगे।
किस जिले में कौन-सा मंत्री करेगा ध्वजारोहण
- मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह खण्डवा
- मंत्री कैलाश विजयवर्गीय देवास
- मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल नरसिंहपुर
- मंत्री राकेश सिंह जबलपुर
- मंत्री करन सिंह वर्मा सीहोर
- मंत्री राव उदय प्रताप सिंह छिंदवाड़ा
- मंत्री सम्पतिया उइके मंडला
- मंत्री तुलसीराम सिलावट इंदौर
- मंत्री एदल सिंह कंषाना मुरैना
- मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया झाबुआ
- मंत्री गोविंद सिंह राजपूत सागर
- मंत्री विश्वास कैलाश सारंग खरगौन
- मंत्री नारायण सिंह कुशवाह दतिया
- मंत्री नागर सिंह चौहान अलीराजपुर
- मंत्री प्रदुम्न सिंह तोमर शिवपुरी
- मंत्री राकेश शुक्ला श्योपुर
- मंत्री इन्दर सिंह परमार शाजापुर में ध्वजारोहण करेंगे।
राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)
- राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर टीकमगढ़
- राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र भाव सिंह लोधी दमोह
- राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल अनूपपुर
- राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल उज्जैन
- राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल विदिशा
- राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नारायण सिंह पंवार राजगढ़
- राज्यमंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल रायसेन
- राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी सतना
- राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार छतरपुर
- राज्यमंत्री राधा सिंह सिंगरौली में ध्वजारोहण करेंगी।
इन जिलों में कलेक्टर करेंगे ध्वजारोहण
रतलाम, शहडोल, नर्मदापुरम, धार, बालाघाट, पांढुर्णा, सिवनी, निवाड़ी, सीधी, बड़वानी, मउगंज, गुना, उमरिया, आगर-मालवा, हरदा, नीमच, अशोकनगर, कटनी, भिण्ड, पन्ना, बैतूल, डिण्डौरी, मैहर और बुरहानपुर जिले में संबंधित जिले के कलेक्टर ध्वजारोहण करेंगे।
आज भोजशाला मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, 5 याचिकाओं पर होगी बहस, नमाज की जगह को लेकर भी टिकीं नजरें
मध्यप्रदेश के धार की भोजशाला मामले में आज बुधवार 12 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी है। दरअसल मामला इंदौर हाईकोर्ट के उस फैसले से जुड़ा है जिसमें 15 मई 2026 को भोजशाला को मां सरस्वती का मंदिर बताते हुए हिंदू पक्ष को रोजाना पूजा की अनुमति दी गई थी। इस फैसले के खिलाफ मुस्लिम पक्ष ने सुप्रीम कोर्ट में पांच अलग-अलग याचिकाएं दायर की हैं।
दरअसल मामले की सुनवाई पहले 5 और 6 अगस्त को होनी थी लेकिन उस दौरान सुनवाई नहीं हो सकी। अब 12 अगस्त की तारीख पर सुप्रीम कोर्ट में दोनों पक्षों की दलीलों और आगे की कानूनी प्रक्रिया पर चर्चा होने की उम्मीद है। इस सुनवाई को इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि कोर्ट के अंतरिम आदेश के बाद भोजशाला परिसर के पास शुक्रवार की नमाज को लेकर प्रशासन और मुस्लिम पक्ष के बीच कई दौर की बातचीत हो चुकी है।
भोजशाला विवाद में इंदौर हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती
बता दें कि भोजशाला को लेकर लंबे समय से हिंदू और मुस्लिम पक्ष के बीच अलग-अलग दावे रहे हैं। इसी विवाद से जुड़े मामले में इंदौर हाईकोर्ट ने 15 मई 2026 को अपना फैसला सुनाया था। कोर्ट ने भोजशाला को मां सरस्वती का मंदिर बताते हुए हिंदू समाज को वहां रोजाना पूजा की अनुमति दी थी। मुस्लिम पक्ष ने हाईकोर्ट के इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है।
दरअसल मुस्लिम पक्ष की ओर से कुल पांच याचिकाएं दाखिल की गई हैं। इन याचिकाओं में हाईकोर्ट के फैसले पर सवाल उठाते हुए उसे चुनौती दी गई है। अब सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई में यह देखा जाएगा कि कोर्ट इस मामले में आगे किस तरह की कानूनी प्रक्रिया तय करता है। चूंकि मामला धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक स्थल से जुड़ा है, इसलिए सुनवाई के दौरान कोर्ट के निर्देशों पर दोनों पक्षों के साथ प्रशासन की भी नजर रहेगी। फिलहाल भोजशाला परिसर में पूजा और शुक्रवार की नमाज को लेकर व्यवस्था कोर्ट के आदेशों के मुताबिक ही संचालित की जा रही है।
सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश के बाद बदली नमाज की व्यवस्था
वहीं इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने 14 जुलाई को अंतरिम आदेश जारी किया था। कोर्ट ने मध्यप्रदेश सरकार से कहा था कि मुस्लिम समाज के लिए शुक्रवार की नमाज की व्यवस्था भोजशाला के पास किसी खाली जगह पर की जाए। इसके बाद जिला प्रशासन ने मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर चालीस पीर दरगाह के पास उपलब्ध जमीन का विकल्प सामने रखा था। प्रशासन की ओर से वहां नमाज के लिए जगह तैयार करने की कोशिश भी की गई थी।
हालांकि मुस्लिम पक्ष ने इस व्यवस्था पर आपत्ति जताई। उनका कहना था कि चालीस पीर दरगाह की जगह भोजशाला से काफी दूर है और सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक नमाज के लिए भोजशाला से लगी खाली जमीन उपलब्ध कराई जानी चाहिए। इसी मुद्दे को लेकर बाद में प्रशासन को दूसरी जगह तलाशनी पड़ी। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद भोजशाला के पीछे दाहिनी तरफ स्थित खसरा नंबर 612 की जमीन को शुक्रवार की नमाज के लिए तय किया गया।
पिछले दो शुक्रवार को मुस्लिम समाज के लोगों ने इसी जमीन पर नमाज अदा की है। दोनों मौकों पर प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के इंतजाम किए गए और नमाज शांतिपूर्वक पूरी हुई। अब 12 अगस्त की सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई के बाद यह साफ हो सकता है कि आने वाले शुक्रवार को नमाज की व्यवस्था इसी तरह जारी रहेगी या इसमें कोई बदलाव होगा।
14 अगस्त की नमाज पर भी रहेगी नजर
वहीं 12 अगस्त के बाद अगला शुक्रवार 14 अगस्त को है। इसलिए बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई के आदेश का सीधा असर आगे की व्यवस्था पर पड़ सकता है। प्रशासन को कोर्ट के निर्देश के आधार पर नमाज के लिए जगह, सुरक्षा और आने-जाने की व्यवस्था तय करनी होगी।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Mp Breaking News








