Rupee कमजोर होकर US Dollar के खिलाफ 95.42 पर पहुंचा, कच्चे तेल में तेजी बनी वजह
रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में छह पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.42 पर आ गया। ब्रेंट कच्चे तेल की कीमत करीब 90 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंचने और अमेरिका-ईरान के बीच जल्द समझौते तथा होर्मुज जलडमरूमध्य के फिर से खुलने की उम्मीद कमजोर पड़ने से रुपये पर दबाव रहा। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि ब्रेंट कच्चे तेल की कीमतों में तेजी की मुख्य वजह होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर बनी अनिश्चितता है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.40 प्रति डॉलर पर खुला। बाद में यह फिसलकर 95.42 प्रति डॉलर पर आ गया जो पिछले बंद भाव के मुकाबले छह पैसे की गिरावट दर्शाता है। रुपया मंगलवार को छह पैसे टूटकर 95.36 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.05 प्रतिशत की बढ़त के साथ 99.87 पर रहा। घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 35.99 अंक टूटकर 78,097.31 अंक पर और निफ्टी 31.15 अंक फिसलकर 24,444.55 अंक पर रहा। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव एक प्रतिशत चढ़कर 89.80 डॉलर प्रति बैरल रहा।
शेयर बाजारों के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को शुद्ध रूप से 258.55 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।
Delhi Weather: राजधानी में न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री दर्ज, हल्की बारिश के आसार
राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और मौसम विभाग ने हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और पालम में यह 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा। लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 89 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi









.jpg)
