PAK vs BAN: कैच लेने की कोशिश में पाकिस्तानी गेंदबाज सिर के बल गिरा, स्ट्रेचर पर बाहर ले जाना पड़ा
PAK vs BAN 2nd Test: बांग्लादेश के खिलाफ सिलहट में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के पहले दिन पाकिस्तान टीम को बड़ा झटका लगते-लगते बच गया। टीम के तेज गेंदबाज हसन अली मैदान पर एक खतरनाक हादसे का शिकार हो गए और उन्हें स्ट्रेचर पर बाहर ले जाना पड़ा। हालांकि बाद में उनकी मैदान पर वापसी ने पाकिस्तान टीम और फैंस दोनों को राहत दी।
मैच में पाकिस्तान के कप्तान शान मसूद ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पारी के आठवें ओवर में यह डरावना हादसा हुआ। हसन अली बांग्लादेश के बल्लेबाज तंजीद हसन तमीम को गेंदबाजी कर रहे थे। बल्लेबाज ने गेंद सीधा उनकी तरफ खेल दी। कैच पकड़ने की कोशिश में हसन आगे की ओर उछले, लेकिन संतुलन बिगड़ गया और वह जोर से सिर के बल जमीन पर गिर पड़े।
????WILL PAKISTAN BE ALLOWED TO MAKE A CONCUSSION SUBSTITUTE??
— Talha Nawaz (@TalhaDigital007) May 16, 2026
- Hassan Ali Absence Can Really Harm Us pic.twitter.com/BYcsg053hd
हसन अली कैच लेने के चक्कर में चोटिल
गिरते ही हसन अली दर्द में नजर आए। तुरंत मेडिकल टीम और साथी खिलाड़ी उनकी मदद के लिए मैदान पर पहुंचे। हालत गंभीर लगने पर स्ट्रेचर बुलाया गया और उन्हें मैदान से बाहर ले जाया गया। कुछ देर के लिए स्टेडियम में सन्नाटा छा गया और पाकिस्तान टीम की चिंता बढ़ गई। हालांकि इसके बाद एक अच्छी खबर सामने आई। हसन अली 15वें ओवर में दोबारा मैदान पर लौट आए। इतना ही नहीं, उन्होंने 19वें ओवर से फिर गेंदबाजी भी शुरू कर दी। उनकी वापसी ने साफ कर दिया कि चोट उतनी गंभीर नहीं थी, जितना पहले लग रहा था।
हसन को स्ट्रेचर से बाहर ले जाना पड़ा
मैच की बात करें तो पाकिस्तान के गेंदबाजों ने शुरुआत में शानदार प्रदर्शन किया। अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद अब्बास सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 22 रन देकर दो विकेट झटके। पाकिस्तान ने बांग्लादेश को शुरुआती झटके देकर दबाव में ला दिया था।
अब्बास ने पारी की दूसरी ही गेंद पर महमुदुल हसन को बिना खाता खोले आउट कर दिया। इसके बाद टेस्ट डेब्यू कर रहे तंजीद हसन तमीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की। उन्होंने अब्बास और खुर्रम शहजाद के खिलाफ कुछ शानदार शॉट लगाए।
बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने भी जिम्मेदारी भरी बल्लेबाजी की। पहले टेस्ट में शानदार शतक लगाने वाले शांतो ने मुशफिकुर रहीम के साथ मिलकर टीम को संभाला। लंच तक बांग्लादेश का स्कोर 3 विकेट पर 101 रन था। शांतो 26 और मुशफिकुर 18 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे।
इससे पहले ढाका टेस्ट में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 104 रन से हराकर सीरीज में बढ़त बनाई थी। वहीं पाकिस्तान के लिए एक राहत की खबर यह भी रही कि स्टार बल्लेबाज बाबर आजम घुटने की चोट से उबरकर दूसरे टेस्ट में टीम में लौट आए हैं।
LSG vs CSK: आकाश सिंह ने चेन्नई के धुरंधरों को धूल चटाने के बाद क्यों किया पर्ची सेलिब्रेशन? खोल दिया राज
Akash singh Celebration: लखनऊ सुपर जायंट्स के युवा तेज गेंदबाज आकाश सिंह ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद अपनी वायरल सेलिब्रेशन का राज खोल दिया। मैच के दौरान हर विकेट लेने के बाद जेब से कागज निकालने वाले आकाश सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गए थे। अब उन्होंने बताया है कि यह सेलिब्रेशन उन्हें मोटिवेट करने और बल्लेबाजों पर दबदबा बनाने का तरीका है।
चेन्नई के खिलाफ मुकाबले में आकाश सिंह ने 3 विकेट लेकर लखनऊ सुपर जायंट्स की 7 विकेट से जीत में अहम भूमिका निभाई। यह उनके आईपीएल करियर का अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन भी रहा। विकेट लेने के बाद उन्होंने जेब से एक कागज निकाला, जिस पर लिखा था, 'अक्की को ये पता है कि टी20 क्रिकेट में विकेट कैसे लेने हैं।'
मैच के बाद आकाश ने कहा कि यह लाइन उनके आत्मविश्वास और सोच को मजबूत करती है। उन्होंने बताया कि हर खिलाड़ी को अलग-अलग चीजें प्रेरित करती हैं और उनके लिए यह तरीका काम करता है।
आकाश ने पर्ची सेलिब्रेशन का राज खोला
आकाश ने कहा, ;कुछ दिन मैं वह कागज दिखाता हूं और कुछ दिन नहीं। यह उस दिन की मेरी मानसिकता को दिखाता है। जब आप किसी बात को लिखते हैं और खुद पर भरोसा रखते हैं, तो वही चीज मैदान पर सच होने लगती है।'
आकाश सिंह राजस्थान के रहने वाले
राजस्थान के भरतपुर से आने वाले 24 साल के आकाश सिंह ने आईपीएल की शुरुआत राजस्थान रॉयल्स से की थी। इसके बाद वह चेन्नई सुपर किंग्स की 2023 की खिताबी टीम का हिस्सा भी रहे। अब एलएसजी के लिए खेलते हुए उन्होंने अपनी गेंदबाजी से अलग पहचान बनानी शुरू कर दी है।
आकाश ने कहा कि पिछले दो साल में लखनऊ सुपर जायंट्स के सपोर्ट स्टाफ ने उनके आत्मविश्वास को काफी बढ़ाया। उन्होंने भारत अरुण, जहीर खान और टॉम मूडी जैसे कोच का जिक्र करते हुए कहा कि टीम मैनेजमेंट लगातार खिलाड़ियों को तैयार रखता है, चाहे वे प्लेइंग इलेवन में हों या नहीं।
उन्होंने कप्तान ऋषभ पंत की भी जमकर तारीफ की। आकाश के मुताबिक पंत ने मैच से पहले उनसे कहा था कि नई गेंद उनकी सबसे बड़ी ताकत है और उन्हें अपनी स्विंग पर भरोसा रखना चाहिए।
पंत भैया ने काफी सपोर्ट किया: आकाश
आकाश ने कहा, 'ऋषभ भैया ने मुझसे कहा था कि मैं नई गेंद से दोनों तरफ स्विंग करा सकता हूं। इसलिए मैंने अपनी ताकत पर भरोसा रखा और विकेट की बाउंस का फायदा उठाने की कोशिश की।'
चेन्नई के खिलाफ सफलता पर उन्होंने कहा कि पहले CSK के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करने की वजह से उन्हें बल्लेबाजों की कमजोरियों का अंदाजा था। हालांकि उनका पहला फोकस अपनी गेंदबाजी की ताकत पर ही रहा।
आकाश ने यह भी बताया कि मैच से दो दिन पहले ही उन्हें इशारा मिल गया था कि उन्हें मौका मिल सकता है। वहीं कागज वाली सेलिब्रेशन को लेकर उन्होंने कहा कि वह अक्सर क्रिकेट से जुड़े विचार लिखते रहते हैं और उसी दौरान यह लाइन उनके दिमाग में आई थी।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi






















