पंजाब की 200+ रन डिफेंड करने में 10वीं हार:रोहित ने कोहली की बराबरी की; तिलक ने 106 मीटर लंबा सिक्स लगाया; मोमेंट्स-रिकॉर्ड्स
मुंबई इंडियंस ने आखिरी ओवर में रोमांचक जीत दर्ज करते हुए पंजाब किंग्स को 6 विकेट से हरा दिया। धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में पंजाब ने 201 रन का टारगेट दिया था, जिसे मुंबई ने 19.5 ओवर में हासिल कर लिया। गुरुवार को तिलक वर्मा ने नाबाद 75 रन की पारी खेली। उन्होंने 106 मीटर लंबा छक्का भी लगाया। वहीं, रोहित शर्मा IPL में सबसे ज्यादा मैच खेलने के मामले में विराट कोहली की बराबरी पर पहुंच गए। दूसरी ओर, पंजाब किंग्स को 200+ रन डिफेंड करते हुए टी-20 क्रिकेट में रिकॉर्ड 10वीं हार झेलनी पड़ी। मुंबई-पंजाब मैच के टॉप रिकॉर्ड्स-मोमेंट्स… 1. 200+ रन डिफेंड करने में पंजाब की 10वीं हार पंजाब किंग्स 200+ रन के लक्ष्य का बचाव करने में सबसे ज्यादा बार हारने वाली टीम बन गई। टीम को अब तक 10 बार 200+ रन डिफेंड करते हुए हार मिली है। मुंबई ने पंजाब के खिलाफ 200+ रन का लक्ष्य हासिल करते हुए टी-20 क्रिकेट में अपनी आठवीं जीत दर्ज की। मुंबई अब सबसे ज्यादा 200+ रन चेज जीतने वाली टीमों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। इस मामले में पंजाब किंग्स 11 जीत के साथ टॉप पर है, जबकि ऑस्ट्रेलिया और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 7-7 बार 200+ रन का लक्ष्य हासिल किया है। 2. रोहित ने कोहली की बराबरी की मुंबई के बल्लेबाज रोहित शर्मा IPL में सबसे ज्यादा मैच खेलने के मामले में विराट कोहली की बराबरी पर पहुंच गए हैं। पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबला रोहित के करियर का 279वां IPL मैच रहा। अब रोहित और कोहली, दोनों के नाम IPL में 279-279 मैच हो गए हैं। इस सूची में महेंद्र सिंह धोनी 278 मैच के साथ तीसरे स्थान पर हैं। 3. मुंबई एक सीजन में 3 अलग कप्तान वाली पहली टीम मुंबई IPL 2026 में तीन अलग-अलग कप्तानों में खेलने वाली पहली टीम बन गई, जिसके तीनों कप्तान भारतीय रहे। इस सीजन हार्दिक पंड्या, सूर्यकुमार यादव और जसप्रीत बुमराह ने टीम की कप्तानी की। इससे पहले IPL इतिहास में मुंबई, पुणे वारियर्स, हैदराबाद और पंजाब एक सीजन में तीन कप्तानों के साथ उतर चुकी हैं। 4. पंजाब ने दो लगातार सीजन में 8 बार 200+ का स्कोर बनाया पंजाब ने IPL 2026 में 8वीं बार 200+ का स्कोर बनाया। इसके साथ ही टीम ने एक सीजन में सबसे ज्यादा 200+ टोटल बनाने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। खास बात यह है कि पंजाब लगातार दूसरे सीजन ऐसा करने वाली पहली टीम बन गई। इससे पहले गुजरात टाइटंस ने 2025 और सनराइजर्स हैदराबाद ने 2026 में एक सीजन में 8 बार 200+ स्कोर बनाया था। पंजाब IPL इतिहास में 40 बार 200+ स्कोर बनाने वाली तीसरी टीम बन गई है। PBKS ने इस मामले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स की बराबरी कर ली। 5. बुमराह ने पहली बार IPL में कप्तानी की जसप्रीत बुमराह IPL में सबसे ज्यादा मैच खेलने के बाद पहली बार कप्तानी करने वाले खिलाड़ियों की सूची में दूसरे स्थान पर आ गए। उन्होंने 156 मैच खेलने के बाद टीम की कमान संभाली। इस लिस्ट में पहले नंबर पर रवींद्र जडेजा हैं। उन्होंने 200 मैच बाद चेन्नई की कप्तानी की थी। 6. प्रियांश-प्रभसिमरन की जोड़ी के एक हजार रन पूरे प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह IPL इतिहास की पहली अनकैप्ड भारतीय जोड़ी बन गई, जिसने 1000+ पार्टनरशिप रन पूरे किए। प्रियांश ने लगातार दूसरे सीजन 350+ रन बनाए। वह ऐसा करने वाले दूसरे अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी बने। उनसे पहले अंबाती रायडू ने यह कारनामा किया था। वहीं प्रभसिमरन सिंह कई IPL सीजन में 400+ रन बनाने वाले तीसरे अनकैप्ड भारतीय बल्लेबाज बने। 7. शार्दूल ने दूसरी बार पंजाब के खिलाफ 4 विकेट लिए मुंबई इंडियंस के ऑलराउंडर शार्दूल ठाकुर ने पंजाब किंग्स के खिलाफ एक बार फिर शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। यह दूसरा मौका है, जब शार्दूल ने पंजाब के खिलाफ IPL मैच में 4 विकेट हासिल किए हैं। पंजाब किंग्स के खिलाफ शार्दूल का रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने 16 मैचों में 24 विकेट लिए हैं। इस दौरान उनका औसत 20.54, स्ट्राइक रेट 12.8 और इकॉनमी 9.60 की रही है। उनका बेस्ट प्रदर्शन 4/36 का है। टॉप-7 मोमेंट्स… 1. दो जीवनदान के बाद प्रभसिमरन ने जड़ी फिफ्टी पंजाब के ओपनर प्रभसिमरन सिंह को पारी की शुरुआत में दो बड़े जीवनदान मिले, जिसका उन्होंने पूरा फायदा उठाया। पहले दूसरे ओवर में जसप्रीत बुमराह की गेंद पर नमन धीर ने उनका आसान कैच छोड़ दिया। इसके बाद सातवें ओवर में कॉर्बिन बॉश भी अपने फॉलो-थ्रू में उनका कैच नहीं पकड़ सके। इन दोनों मौकों का फायदा उठाते हुए प्रभसिमरन ने शानदार बल्लेबाजी की और 11वें ओवर में सिंगल लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया। यह इस सीजन मुंबई इंडियंस के खिलाफ उनकी दूसरी फिफ्टी रही। इससे पहले उन्होंने वानखेड़े स्टेडियम में 80 रन की पारी खेली थी। धरमशाला में उनकी इस पारी पर टीममेट्स और दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। 2. शार्दूल को एक ओवर में दो विकेट मुंबई के तेज गेंदबाज शार्दूल ठाकुर ने 12वें ओवर में लगातार दो बड़े विकेट लेकर पंजाब किंग्स को झटका दिया। ओवर की दूसरी गेंद पर उन्होंने सेट बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह को आउट कराया। प्रभसिमरन बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में लॉन्ग ऑन पर कॉर्बिन बॉश को कैच दे बैठे। उन्होंने 32 गेंदों में 57 रन की शानदार पारी खेली। इसके बाद शार्दूल ने पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर को क्लीन बोल्ड कर दिया। ऑफ स्टंप के बाहर पिच हुई गेंद हल्का बाहर निकली और अय्यर के बल्ले का किनारा बचाते हुए सीधे ऑफ स्टंप पर जा लगी। शार्दूल ने इस ओवर में दो विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया। 3. राज बावा ने एक हाथ से कैच लपका मुंबई के ऑलराउंडर राज बावा ने सूर्यांश शेडगे का बेहतरीन कैच पकड़ लिया। 14वें ओवर में शार्दूल ठाकुर की लेग स्टंप की ओर जाती फुल गेंद पर शेडगे ने फ्लिक शॉट खेला, लेकिन गेंद हवा में शॉर्ट मिडविकेट की दिशा में चली गई। राज बावा ने अपनी बाईं ओर शानदार डाइव लगाते हुए एक हाथ से मुश्किल कैच लपक लिया। 4. कॉर्बिन के ओवर में दो कैच छूटे मुंबई के फील्डर्स ने कॉर्बिन बॉश के ओवर में दो आसान कैच छोड़ दिए। 19वें ओवर में विष्णु विनोद का कैच डीप मिडविकेट पर रॉबिन मिन्ज के हाथों से निकल गया। स्लोअर बाउंसर पर विनोद ने पुल शॉट खेला था, लेकिन रॉबिन गेंद को सही तरह से जज नहीं कर सके और गेंद हाथों से निकलकर सीधे छक्के के लिए चली गई। इसके बाद आखिरी बॉल में जेवियर बार्टलेट का कैच तिलक वर्मा ने छोड़ दिया। बैक ऑफ लेंथ गेंद पर बार्टलेट ने लॉन्ग ऑन की दिशा में जोरदार शॉट खेला। तिलक ने छलांग लगाकर कैच लेने की कोशिश की, लेकिन गेंद हाथों से फिसलकर बाउंड्री के पार चली गई। 5. चहल ने रोहित को बोल्ड किया पंजाब के स्पिनर युजवेंद्र चहल ने मुंबई को बड़ा झटका देते हुए रोहित शर्मा को बोल्ड कर दिया। 9.3 ओवर में चहल ने तेज रफ्तार लेग ब्रेक ऑफ स्टंप के आसपास डाली, जिस पर रोहित बैकफुट पर जाकर ड्राइव खेलने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, गेंद सीधी निकल गई और रोहित का बल्ला चूकते हुए ऑफ स्टंप उखाड़ गई। 6. तिलक ने जड़ा 106 मीटर लंबा छक्का मुंबई के बल्लेबाज तिलक वर्मा ने युजवेंद्र चहल के ओवर में 106 मीटर लंबा छक्का जड़ दिया। 15.1 ओवर में चहल ने ऑफ स्टंप के बाहर फ्लाइटेड गेंद डाली, जिस पर तिलक ने शानदार शॉट खेलते हुए गेंद को लॉन्ग ऑन के ऊपर स्टैंड्स में पहुंचा दिया। यह IPL 2026 का संयुक्त रूप से सबसे लंबा छक्का रहा। तिलक का शॉट इतना लंबा था कि गेंद स्टेडियम के बाहर चली गई और अंपायरों को नई गेंद मंगानी पड़ी। 7. तिलक ने सिक्स लगाकर मुंबई को जिताया मुंबई के बल्लेबाज तिलक वर्मा ने आखिरी ओवर में शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत दिला दी। 20वें ओवर में मुंबई को 15 रन चाहिए थे। पहले विल जैक्स ने बाउंड्री लगाकर दबाव कम किया, फिर तिलक ने 19.4 और 19.5 पर लगातार दो छक्के जड़कर मैच खत्म कर दिया। आखिरी गेंद से पहले बार्टलेट ने शॉर्ट गेंद डाली, जिस पर तिलक ने शानदार पुल शॉट खेलते हुए गेंद को लॉन्ग लेग के पार भेज दिया। मैच जिताने के बाद तिलक ने हवा में छलांग लगाकर जश्न मनाया।
IPL में आज CSK vs LSG:चेन्नई ने पिछले तीनों मैच जीते; हेड टु हेड में दोनों टीमें बराबरी पर
IPL 2026 का 59वां मैच चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच खेला जाएगा। मुकाबला लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में शाम 7.30 बजे खेला जाएगा। प्ले-ऑफ की रेस में बने रहने के लिए चेन्नई के लिए यह मुकाबला काफी अहम है। टीम पिछले तीनों मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर है। ऋषभ पंत की कप्तानी वाली लखनऊ टीम टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है। दोनों टीमें 8वीं बार आमने-सामने होंगी दोनों टीमों के बीच अब तक 7 मैच खेले गए हैं। LSG और CSK ने 3-3 मैच जीते हैं, जबकि एक मुकाबला बेनतीजा रहा। पिछले सीजन दोनों के बीच एक मैच हुआ था, जिसे CSK ने जीता। इस सीजन दोनों टीमें दूसरी बार आमने-सामने होंगी। चेपॉक में खेला गया पिछला मैच भी CSK ने जीता था। पंत की फॉर्म चिंता का कारण लखनऊ के लिए यह सीजन निराशाजनक रहा है। टीम पॉइंट्स टेबल में 10वें स्थान पर है। कप्तान ऋषभ पंत खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं, जिसका असर टीम के प्रदर्शन पर पड़ा है। निकोलस पूरन, जोश इंग्लिस और मिचेल मार्श जैसे खिलाड़ी अकेले दम पर मैच पलट सकते हैं। घरेलू मैदान का फायदा लखनऊ को मिल सकता है। मिचेल मार्श टीम के टॉप रन स्कोरर हैं। उन्होंने 11 मैचों में 377 रन बनाए हैं। गेंदबाजी यूनिट भी रनों पर अंकुश लगाने और लक्ष्य बचाने में नाकाम रही है। पहले लेग में लखनऊ 203 रन का स्कोर भी डिफेंड नहीं कर पाई थी। प्रिंस यादव टीम के टॉप विकेट टेकर हैं। उन्होंने 11 मैचों में 8.17 की इकोनॉमी से 16 विकेट लिए हैं। चेन्नई के ऑलराउंडर जेमी ओवरटन IPL से बाहर मैच से पहले चेन्नई को बड़ा झटका लगा है। ऑलराउंडर जेमी ओवरटन जांघ की चोट के कारण टूर्नामेंट के बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं। वे इलाज के लिए इंग्लैंड लौट गए हैं। ओवरटन ने इस सीजन 10 मैचों में 14 विकेट लिए थे। उनकी गैरमौजूदगी में गेंदबाजी की जिम्मेदारी मुकेश चौधरी, अंशुल कंबोज और नूर अहमद पर होगी। कंबोज 11 मैचों में 19 विकेट लेकर टीम के टॉप विकेटटेकर हैं। उर्विल और सैमसन के कंधों पर बल्लेबाजी का भार चेन्नई की बल्लेबाजी इस सीजन में उतार-चढ़ाव भरी रही है, लेकिन ऋतुराज गायकवाड, संजू सैमसन और उर्विल पटेल ने टीम को संभाला है। उर्विल की आक्रामक बल्लेबाजी ने पावरप्ले में टीम को तेज शुरुआत दिलाई है। मिडिल ओवर्स में शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा और डेवाल्ड ब्रेविस से बड़े स्कोर की उम्मीद होगी। इकाना की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जा रही है। संजू सैमसन टीम के टॉप रन स्कोरर हैं। उन्होंने 11 मैचों में 169.29 की स्ट्राइक रेट से 430 रन बनाए हैं। इकाना में अब तक 27 मैच खेले गए लखनऊ के इकाना स्टेडियम की पिच पर स्पिनर्स को मदद मिलने की उम्मीद है। यहां पिछले मैच में सुपर ओवर देखने को मिला था। यहां अब तक कुल 27 IPL मैच खेले गए। 11 मैच में पहले बैटिंग और 14 में चेज करने वाली टीमों को जीत मिली। यहां IPL का सबसे बड़ा स्कोर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के नाम है, जिन्होंने 2024 में लखनऊ के खिलाफ 235/6 रन बनाए थे। सबसे छोटा स्कोर लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के नाम दर्ज है, जब वे 2023 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ महज 108 रन पर सिमट गए थे। मौसम साफ रहेगा आज लखनऊ में होने वाले मैच के दौरान मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है। मैच के समय तापमान 26 डिग्री से 30 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है, और आसमान साफ रहेगा। दोनों टीमों की पॉसिबल प्लेइंग-11 चेन्नई सुपर किंग्स: ऋतुराज गायकवाड (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), उर्विल पटेल, कार्तिक शर्मा, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, अकील हुसैन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, मुकेश चौधरी, सरफराज खान। लखनऊ सुपर जाइंट्स: मिचेल मार्श, जोस इंग्लिस, निकोलस पूरन, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), ऐडन मार्करम, अक्षत रघुवंशी, हिम्मत सिंह, शहबाज अहमद, मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और दिग्वेश राठी।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 

















