इंग्लैंड और न्यूजीलैंड महिला टीमों के बीच खेली जा रही तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज का दूसरा मुकाबला लगातार बारिश की वजह से रद्द हो गया। नॉर्थहैम्पटन में बुधवार को खेले जाने वाले इस मुकाबले में एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी, जिससे दोनों टीमों और क्रिकेट प्रशंसकों को निराशा हाथ लगी है।
मौजूद जानकारी के अनुसार, खराब मौसम के कारण मैच की शुरुआत पहले ही देरी से हुई थी। लगातार रुक-रुक कर हो रही बारिश के चलते निर्धारित समय दोपहर एक बजे की बजाय मुकाबला शाम चार बजे शुरू करने का फैसला लिया गया था। साथ ही मैच को घटाकर 32-32 ओवर का कर दिया गया था।
गौरतलब है कि देरी के बाद न्यूजीलैंड महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था, लेकिन टॉस के कुछ ही देर बाद फिर से तेज बारिश शुरू हो गई। मैदान पर पानी भरने और मौसम में सुधार नहीं होने के कारण अंपायरों ने आखिरकार शाम करीब 4 बजकर 40 मिनट पर मुकाबला रद्द घोषित कर दिया हैं।
बता दें कि इंग्लैंड की टीम इस तीन मैचों की सीरीज में फिलहाल 1-0 से आगे चल रही है। पहले मुकाबले में इंग्लैंड ने बेहद रोमांचक जीत दर्ज की थी। डरहम में खेले गए उस मैच में इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को एक विकेट से हराया था। उस मुकाबले में युवा खिलाड़ी टिली कोर्टीन-कोलमैन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था और शानदार गेंदबाजी करते हुए दो विकेट अपने नाम किए थे। उन्होंने चार्ली डीन के साथ आखिरी विकेट के लिए अहम साझेदारी भी निभाई थी।
दूसरे मुकाबले के लिए इंग्लैंड टीम में दो बदलाव किए गए थे। अनुभवी स्पिन गेंदबाज सोफी एक्लेस्टोन की टीम में वापसी हुई थी। उन्होंने पहला मुकाबला नहीं खेला था। वहीं एलिस कैप्सी भी बीमारी से उबरने के बाद टीम में शामिल होने वाली थीं। उनकी जगह जोडी ग्रूकॉक को बाहर किया गया था, जिन्होंने पिछले मैच में पदार्पण किया था। तेज गेंदबाज लॉरेन फाइलर को भी अंतिम एकादश से बाहर रखा गया था।
दूसरी तरफ न्यूजीलैंड महिला टीम ने अपने विजयी संयोजन में कोई बदलाव नहीं किया था। हालांकि बारिश की वजह से दोनों टीमों को मैदान पर उतरने का मौका नहीं मिल सका हैं।
अब सीरीज का तीसरा और अंतिम एकदिवसीय मुकाबला शनिवार को कार्डिफ में खेला जाएगा। इसके बाद दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज भी खेली जानी हैं।
Continue reading on the app