Responsive Scrollable Menu

भोपाल में नेशनल सेलिंग चैंपियनशिप का आगाज, 12 राज्यों के 100 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

भोपाल के बड़े तालाब की लहरों पर देश के बेहतरीन सेलर्स के बीच मुकाबला शुरू हो गया है। दरअसल मंगलवार से बोट क्लब पर राजा भोज नेशनल सेलिंग चैंपियनशिप (रैंकिंग) 2026 का आगाज हुआ। सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। 11 से 16 अगस्त तक चलने वाली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 12 राज्यों से आए करीब 100 राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के सेलर्स हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में खिलाड़ी अपनी गति, संतुलन, तकनीक और रणनीति के दम पर बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे।

दरअसल यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए सिर्फ एक खेल आयोजन नहीं है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण मंच भी है। छह दिनों तक चलने वाले मुकाबलों में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर उनकी राष्ट्रीय रैंकिंग तय की जाएगी। यही रैंकिंग आगे चलकर खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करने की राह आसान करेगी। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों की तकनीकी क्षमता, शारीरिक संतुलन और बदलती परिस्थितियों के अनुसार रणनीति बनाने की क्षमता की परीक्षा होगी।

YAI और SAI की निगरानी में प्रतियोगिता

दरअसल प्रतियोगिता के तकनीकी स्तर और सुचारू संचालन के लिए याचिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया (YAI) का तकनीकी सहयोग मिल रहा है। YAI के 12 अनुभवी ज्यूरी मेंबर्स और वरिष्ठ पदाधिकारी भोपाल में मौजूद हैं, जो प्रतियोगिता की तकनीकी व्यवस्था और निर्णयन प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं।

इसके साथ ही भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के वरिष्ठ अधिकारी भी आयोजन से जुड़े हुए हैं। मध्यप्रदेश याटिंग एसोसिएशन स्थानीय स्तर पर प्रतियोगिता के संचालन और व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहा है। इस आयोजन से मध्यप्रदेश के स्थानीय खिलाड़ियों को देश के अनुभवी सेलर्स के साथ मुकाबला करने और उनसे सीखने का मौका भी मिल रहा है।

खेल मंत्री ने गिनाईं भोपाल की उपलब्धियां

वहीं खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि भोपाल का बड़ा तालाब और यहां की झीलें सेलिंग, रोइंग, कयाकिंग और केनोइंग जैसे वाटर स्पोर्ट्स के लिए प्राकृतिक रूप से अनुकूल हैं। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश राज्य जल क्रीड़ा अकादमी वर्ष 2007 से खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराकर तैयार कर रही है। अकादमी में सेलिंग, रोइंग, कयाकिंग, केनोइंग और स्लालम की सुविधाएं मौजूद हैं। अकादमी के खिलाड़ियों ने अब तक 28 अंतरराष्ट्रीय और 69 राष्ट्रीय पदक जीते हैं। इसके अलावा खिलाड़ी 37 अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

वर्ष 2025 की राजा भोज मल्टीक्लास सेलिंग चैंपियनशिप में भी मध्यप्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया था। टीम ने 8 स्वर्ण, 5 रजत और 3 कांस्य समेत कुल 16 पदक अपने नाम किए थे।

विदेशी प्रशिक्षकों से तैयार हो रहे खिलाड़ी

दरअसल वाटर स्पोर्ट्स में भारतीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत बनाने के लिए खेल विभाग विदेशी प्रशिक्षकों की सेवाएं भी ले रहा है। इन विशेषज्ञों की देखरेख में खिलाड़ियों की तकनीक, फिटनेस, मानसिक मजबूती और दबाव में बेहतर प्रदर्शन करने की क्षमता पर काम किया जा रहा है। खेल मंत्री ने कहा कि भोपाल में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों को बड़े स्तर पर एक्सपोजर मिलता है। देश के शीर्ष खिलाड़ियों के साथ मुकाबला करने से स्थानीय खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने में मदद मिलती है।

1000 करोड़ की लागत से बन रहा अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर

भोपाल को बड़े खेल हब के रूप में विकसित करने के लिए सरकार कई स्तरों पर काम कर रही है। शहर में करीब 1000 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर विकसित किया जा रहा है। इस परिसर के पहले चरण का काम लगभग पूरा हो चुका है और जल्द ही इसका लोकार्पण किया जाएगा। नवंबर में इसी परिसर में अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी एशियन चैंपियनशिप का आयोजन प्रस्तावित है।

Continue reading on the app

भोपाल में तिरंगा यात्रा की तैयारियां तेज, सीएम और BJP प्रदेश अध्यक्ष भी होंगे शामिल, विधायक रामेश्वर शर्मा के साथ अफसरों ने किया रूट निरीक्षण

स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर की पूर्व संध्या पर राजधानी भोपाल में देशभक्ति का एक अनूठा रंग देखने को मिलेगा, जिसकी तैयारियों को प्रशासनिक और पुलिस अमले ने अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। आगामी 14 अगस्त को भोपाल में आयोजित होने वाली भव्य और विशाल तिरंगा यात्रा को लेकर प्रशासनिक स्तर पर हलचल काफी तेज हो गई है। कर्मश्री संस्था के तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस गरिमामयी तिरंगा यात्रा की सुरक्षा और सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को खुद हुजूर क्षेत्र के विधायक और कर्मश्री संस्था के अध्यक्ष रामेश्वर शर्मा के साथ भोपाल के कलेक्टर प्रियंक मिश्रा और पुलिस कमिश्नर संजय कुमार सड़क पर उतरे। इन वरिष्ठ अधिकारियों और जन प्रतिनिधि ने संयुक्त रूप से उस पूरे मार्ग का बारीकी से निरीक्षण किया जहां से यह ऐतिहासिक यात्रा गुजरने वाली है।

यह महत्वपूर्ण तिरंगा यात्रा 14 अगस्त को प्रातः 10 बजे कोलार के मदर टेरेसा स्कूल से शुरू होगी और वहां से आगे बढ़ते हुए संत हिरदाराम नगर यानी संत नगर तक पहुंचेगी। इतनी लंबी और बड़ी यात्रा के दौरान व्यवस्थाओं में कोई कमी न रहे, इसके लिए प्रशासनिक अमले ने प्रस्थान स्थल से लेकर यात्रा के अंतिम पड़ाव तक के पूरे मार्ग का जायजा लिया। इस निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यातायात के सुचारू संचालन, सुरक्षा के कड़े इंतजाम, वाहनों की पार्किंग व्यवस्था, संभावित भीड़ के नियंत्रण, आम जनता के लिए नागरिक सुविधाओं और मार्ग में विभिन्न स्थानों पर बनने वाले स्वागत मंचों की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की। प्रशासनिक अधिकारियों ने आयोजन समिति के सदस्यों से बातचीत कर हर एक व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली और सभी आवश्यक कार्यों को समय सीमा के भीतर पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भी होंगे शामिल

इस तिरंगा यात्रा का महत्व इसलिए भी बढ़ गया है क्योंकि इसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी शामिल होने जा रहे हैं। दोनों ही वरिष्ठ नेताओं ने इस यात्रा में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराने की पूर्ण सहमति दे दी है। इसके लिए विधायक रामेश्वर शर्मा ने खुद वल्लभ भवन पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की थी और उन्हें इस भव्य आयोजन का निमंत्रण पत्र सौंपा था। इसके पश्चात वे भाजपा के प्रदेश कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से भेंट कर उन्हें भी यात्रा में शामिल होने का सादर आमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया।

तिरंगा यात्रा के लिए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था चाक-चौबंद करने के निर्देश

सुरक्षा और सुगम यातायात को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि भीड़ प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं में कोई कोताही न बरती जाए। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि यात्रा के मार्ग पर आम नागरिकों को आवागमन में किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए एक बेहद सुदृढ़ और व्यावहारिक ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाए। वहीं दूसरी ओर पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने भी सुरक्षा व्यवस्थाओं का कड़ा जायजा लिया। उन्होंने संभावित भीड़ को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सुरक्षा प्रबंधन और सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों की बैठक ली और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

तिरंगा यात्रा में हजारों नागरिकों के शामिल होने की उम्मीद

निक्शन के समापन पर कलेक्टर और पुलिस कमिश्नर दोनों ही अधिकारियों ने आयोजन समिति को इस राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत यात्रा की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं। कर्मश्री संस्था के आयोजकों के मुताबिक, इस तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, अखंडता, देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना और हर घर तिरंगा अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। 14 अगस्त को आयोजित होने वाली इस भव्य तिरंगा यात्रा में भोपाल और आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में नागरिकों के शामिल होने की पूरी उम्मीद जताई जा रही है।

 

भोपाल से रवि कुमार की रिपोर्ट

Continue reading on the app

  Sports

मैदान पर जब मिलता है विराट कोहली का टॉनिक, चीते की तरह भागते हैं टीम इंडिया के 5 फील्डर्स

Virat Kohli: दुनियाभर में विराट कोहली की बल्लेबाजी और उनके फिटनेस के चर्चे हैं, लेकिन पूर्व फील्डिंग कोच टी दिलीप ने उनके एक और खास गुण की तारीफ की है. दिलीप के मुताबिक मैदान पर विराट कोहली का जोश सिर्फ उनका खेल नहीं बदलता, बल्कि आसपास मौजूद खिलाड़ियों में भी नया जोश भर देता है. Tue, 11 Aug 2026 23:49:17 +0530

  Videos
See all

पुलिस कार्रवाई के खिलाफ BJP का बंद | #shorts #shortvideo #viralvideo #viralshorts #tmktech #vivo #v29pro
2026-08-11T18:50:16+00:00

Sanjay Nishad Exclusive Interview: यूपी चुनाव, निषाद वोट बैंक से लेकर विपक्ष पर क्या बोले संजय? #tmktech #vivo #v29pro
2026-08-11T18:45:06+00:00
Editor Choice
See all
Photo Gallery
See all
World News
See all
Top publishers