Mohan Bhagwat New York में 29 अगस्त को भारतीय समुदाय को करेंगे संबोधित
(सागर कुलकर्णी) वाशिंगटन, 10 अगस्त राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत इस महीने के अंत में अमेरिका की यात्रा के दौरान भारतीय-अमेरिकी समुदाय के सदस्यों को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम संगठन के शताब्दी वर्ष में चलाए जा रहे वैश्विक संपर्क अभियान का हिस्सा है। भागवत 29 अगस्त को न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में ‘यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशंस’ (सार्वभौमिक एकता समारोह) नामक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
इसका आयोजन ‘अमेरिकन हिंदूस फॉर इंगेजमेंट एंड डायलॉग’ (एएचईएडी) कर रहा है। कार्यक्रम में 5,000 से अधिक भारतीय मूल के अमेरिकियों के शामिल होने की उम्मीद है। इसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रस्तुतियां भी होंगी।
एएचईएडी फोरम की अदिति बनर्जी ने एक बयान में कहा, ‘‘यह कार्यक्रम हिंदू त्योहार रक्षाबंधन के उत्सव के साथ-साथ एकता, नागरिक जिम्मेदारी और वैश्विक सद्भाव का समकालीन संदेश भी प्रस्तुत करेगा।’’ उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में विभिन्न धर्मों से जुड़े वक्ता भी शामिल होंगे।
Donald Trump प्रशासन में अमेरिका ने 1.75 लाख से अधिक US Visa रद्द किए
(सागर कुलकर्णी) वाशिंगटन, 10 अगस्त अमेरिका ने सोमवार को घोषणा की कि उसने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल में लापरवाही से वाहन चलाने से लेकर यौन उत्पीड़न तक कई तरह के अपराधों के कारण 1.75 लाख से अधिक वीजा रद्द किए हैं। अमेरिका के विदेश विभाग ने एक बयान में कहा कि ये वीजा लगातार की जाने वाली जांच के तहत रद्द किए गए, जिसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि वीजा पाने वाले लोग इसकी शर्तों का पालन करें और अमेरिकियों के लिए खतरा न बनें। विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘राष्ट्रपति ट्रंप के कार्यकाल में अमेरिका के विदेश विभाग ने ऐसे विदेशी नागरिकों के 1,75,000 से अधिक वीजा रद्द किए हैं, जिन्होंने अपने वीजा की शर्तों का उल्लंघन किया, अपराध किए, अमेरिकी नागरिकों के खिलाफ हिंसा का आह्वान किया, अमेरिकियों के साथ धोखाधड़ी की, हमारी आव्रजन व्यवस्था का दुरुपयोग किया या राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डाला।’’ देशवार वीजा रद्द किए जाने का ब्योरा तत्काल उपलब्ध नहीं था।
बयान में कहा गया, ‘‘अमेरिकी वीजा अधिकार नहीं, बल्कि विशेषाधिकार है। विभाग उन लोगों से हमारे समुदायों की सुरक्षा के लिए उपलब्ध हर उपाय का इस्तेमाल करने के लिए प्रतिबद्ध है, जो इसका दुरुपयोग करते हैं।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi









