'मान सरकार के अच्छे कामों को रोकने का षड्यंत्र शुरू', संजय सिंह ने राघव चड्ढा के BJP में शामिल होने पर की तीखी टिप्पणी
आम आदमी पार्टी ने पंजाब से पार्टी के सात राज्यसभा सांसदों को भाजपा में शामिल होने पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. ‘आप’ के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय सिंह ने कहा कि यह पंजाब के साथ धोखा है. पंजाब से गद्दारी करने वाले इन सातों सांसदों को पंजाब के लोग कभी माफ नहीं करेंगे. शुक्रवार को “आप” मुख्यालय पर पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा के साथ प्रेस वार्ता कर संजय सिंह ने कहा कि पंजाब की भगवंत मान सरकार के अच्छे कामों को रोकने का षड्यंत्र बड़े पैमाने पर शुरू हो गया है.
पंजाब सरकार 30 साल से सूखी पड़ी नहरों में पानी पहुंचाने का काम करती है, दलित और आदिवासी समाज से आने वाली महिलाओं को 1500 रुपए और माताओं-बहनों के खाते में हर महीने 1000 रुपए पहुंचाने का काम करती है, पंजाब के किसी भी व्यक्ति को गंभीर से गंभीर बीमारी हो जाने पर 10 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज कराने का काम करती है.
सातों नाम पंजाब की जनता को याद रखने चाहिए
संजय सिंह ने कहा कि ऐसा बेहतरीन काम करने वाली भगवंत मान और आम आदमी पार्टी की सरकार को भाजपा, नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने रोकने, तोड़ने और उनके काम को बाधित करने का काम किया है. उन्होंने पंजाब की जनता को धोखा दिया है. आज इन्होंने आम आदमी पार्टी के राज्यसभा के सात सांसदों को तोड़कर भाजपा में शामिल किया. ये सातों नाम पंजाब की जनता को याद रखने चाहिए. पंजाब के साथ गद्दारी करने वाले इन लोगों को पंजाब की जनता कभी माफ नहीं करेगी.
संजय सिंह ने आगे कहा कि राघव चड्ढा को पार्टी ने विधायक बनाया, सांसद बनाया, क्या-क्या नहीं दिया? पंजाब की जनता ने उन्हें इतना प्यार दिया और राज्यसभा में पहुंचाया, लेकिन वे भाजपा की गोद में पहुंच गए. संदीप पाठक को पंजाब की जनता के प्यार और आशीर्वाद से राज्यसभा पहुंचने का मौका मिला और पार्टी ने उन्हें बड़ी-बड़ी जिम्मेदारियां दीं. राजेंद्र गुप्ता को भी पार्टी ने कहां से कहां तक पहुंचाया और राज्यसभा भेजा.
पंजाब के लोग इन्हें कभी माफ नहीं करेंगे
संजय सिंह ने बताया कि विक्रमजीत सिंह साहनी, विश्वविद्यालय चलाने वाले अशोक मित्तल और स्वाति मालीवाल; इन सभी को आम आदमी पार्टी और पंजाब की जनता ने जमीन से उठाकर देश की संसद में पहुंचाने का काम किया. इसी तरह हरभजन सिंह को पंजाब के लोगों ने प्यार और आशीर्वाद देकर संसद के अंदर पहुंचाया. लेकिन इन सातों लोगों ने पंजाब की जनता की पीठ में छुरा मारने का काम किया है. इन्होंने पंजाब के साथ गद्दारी और लोगों को धोखा देने का काम किया है. इन लोगों ने पंजाब की एक अच्छी सरकार, जो जनता के लिए काम कर रही थी, उसे रोकने और बाधित करने का काम किया है. पंजाब के लोग इन्हें कभी माफ नहीं करेंगे.
संजय सिंह ने पीएम मोदी और अमित शाह से कहा कि यह घिनौना खेल जो उन्होंने आम आदमी पार्टी और पंजाब की जनता के साथ खेला है और भगवंत मान की सरकार को रोकने व उनके काम को बाधित करने का जो प्रयास किया है; उस गद्दारी और धोखेबाजी के लिए पंजाब की जनता उन्हें भी कभी माफ नहीं करेगी. सब देख रहे हैं कि कौन कहां से कैसे उठकर आया और किसे कहां से कहां पहुंचाया गया.
ईडी और सीबीआई का इस्तेमाल किया जा रहा
संजय सिंह ने कहा कि पंजाब में एक अच्छी सरकार चल रही है, मुख्यमंत्री भगवंत मान वहां के लोगों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और सरकारी नौकरियों पर इतना अच्छा काम कर रहे हैं, लेकिन आज उस सरकार के खिलाफ ऑपरेशन लोटस का खेल खेला जा रहा है. हमारे सांसदों को तोड़ा जा रहा है और उन्हें अपनी पार्टी में शामिल किया जा रहा है. इसके लिए ईडी और सीबीआई का इस्तेमाल किया जा रहा है.
संजय सिंह ने याद दिलाया कि अभी तीन-चार दिन पहले ही अशोक मित्तल के यहां ईडी का छापा पड़ा था, तो चीजें अपने आप जुड़ जाती हैं. ईडी का छापा पड़ा और उन्हें तोड़ लिया गया. इसका सीधा मतलब है कि प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग करके और भय दिखाकर यह ऑपरेशन लोटस चलाया जा रहा है. पंजाब की जनता इन गद्दारों को कभी माफ नहीं करेगी.
Char Dham Yatra: IRCTC लाया 13 दिनों का खास टूर प्लान, कम बजट में केदारनाथ और बद्रीनाथ के दर्शन
Char Dham Yatra Package 2026 Price: धर्म और आस्था के केंद्र चारधाम की यात्रा करना हर हिंदू श्रद्धालु का सपना होता है. इस सपने को साकार करने के लिए आईआरसीटीसी एक बहुत ही व्यवस्थित और आरामदायक टूर पैकेज लेकर आया है. इस बार की खास बात यह है कि यात्रा की शुरुआत मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से होने जा रही है. अगर आप भी केदारनाथ की पहाड़ियों, बद्रीनाथ के पावन मंदिर और गंगोत्री-यमुनोत्री के पवित्र उद्गम स्थलों के दर्शन करना चाहते हैं, तो यह मौका आपके लिए बेहद खास है. आईआरसीटीसी ने इस पूरे सफर को इस तरह डिजाइन किया है कि बुजुर्गों से लेकर युवाओं तक, हर किसी को सफर में किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
यात्रा का पूरा कार्यक्रम और तारीखें
यह पूरी यात्रा कुल 12 रात और 13 दिनों की होने वाली है. आईआरसीटीसी ने इसके लिए दो अलग-अलग तारीखें तय की हैं, ताकि लोग अपनी सुविधा के अनुसार बुकिंग कर सकें. पहली यात्रा 5 मई 2026 को शुरू होगी और दूसरी यात्रा 1 जून 2026 को रवाना होगी. भोपाल से शुरू होने वाली इस यात्रा में यात्रियों को हवाई जहाज के माध्यम से ले जाया जाएगा और उसके बाद आगे के सफर के लिए आरामदायक बसों की व्यवस्था की गई है. इस लंबी अवधि में आपको चारों धामों के दर्शन के साथ-साथ वहां की प्राकृतिक सुंदरता को निहारने का पूरा समय मिलेगा.
मिलेगी ठहरने और भोजन की उत्तम सुविधा
लंबी यात्रा में सबसे बड़ी चिंता रहने और खाने की होती है. आईआरसीटीसी ने इसका समाधान पहले ही कर दिया है. इस पैकेज के तहत यात्रियों को अच्छे होटलों में ठहराया जाएगा. इसके साथ ही ब्रेकफास्ट और डिनर की सुविधा भी पैकेज में शामिल है. इसका मतलब है कि आपको खाने-पीने की तलाश में भटकना नहीं पड़ेगा. आईआरसीटीसी का मैनेजमेंट इस बात का पूरा ख्याल रखता है कि श्रद्धालुओं को घर जैसा खाना और साफ-सुथरा माहौल मिले. होटल से मंदिर तक जाने के लिए भी ट्रांसपोर्ट की पूरी जिम्मेदारी विभाग की ही होगी.
सुरक्षा और गाइड का रहेगा साथ
पहाड़ी रास्तों पर यात्रा करना थोड़ा चुनौतीपूर्ण हो सकता है, इसलिए आईआरसीटीसी ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. हर यात्री को ट्रैवल इंश्योरेंस की सुविधा दी जा रही है. साथ ही, पूरे सफर के दौरान एक प्रोफेशनल गाइड और एस्कॉर्ट सेवा भी साथ रहेगी. ये गाइड आपको हर मंदिर के महत्व और वहां की कथाओं के बारे में जानकारी देंगे. इसके अलावा, किसी भी आपात स्थिति में सहायता के लिए टीम हमेशा तैयार रहेगी. व्यवस्थित ढंग से की गई यह प्लानिंग उन लोगों के लिए वरदान है जो पहली बार उत्तराखंड की इन वादियों में जा रहे हैं.
कितना आएगा कुल खर्च?
अब बात करते हैं इस पैकेज की कीमत की, जो आपके ठहरने के विकल्प पर निर्भर करती है. अगर आप अकेले सफर करना चाहते हैं और होटल का कमरा किसी के साथ शेयर नहीं करना चाहते, तो आपको 95,200 रुपये का भुगतान करना होगा. अगर आप दो लोग एक साथ सफर कर रहे हैं, तो प्रति व्यक्ति किराया कम होकर 72,500 रुपये हो जाता है. वहीं, अगर आप परिवार या दोस्तों के साथ तीन लोगों के ग्रुप में यात्रा कर रहे हैं, तो प्रति व्यक्ति खर्च मात्र 69,800 रुपये आएगा. इस कीमत में हवाई टिकट, बस का किराया, होटल, खाना और इंश्योरेंस सब कुछ शामिल है.
क्यों चुनें आईआरसीटीसी का यह पैकेज?
चारधाम यात्रा के दौरान भारी भीड़ और प्राइवेट टैक्सियों की मनमानी से बचने के लिए सरकारी संस्था के साथ जाना हमेशा समझदारी भरा फैसला होता है. आईआरसीटीसी न केवल आपको तय बजट में यात्रा कराता है, बल्कि पारदर्शिता भी रखता है. आपको किसी भी छिपे हुए चार्ज का डर नहीं रहता.
भोपाल से सीधे फ्लाइट की सुविधा
भोपाल से सीधे फ्लाइट की सुविधा होने के कारण यात्रियों का काफी समय बच जाता है और वे थकान मुक्त होकर भगवान के दर्शन कर पाते हैं. अगर आप भी इस भक्तिमय सफर का हिस्सा बनना चाहते हैं, तो आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी सीट बुक कर सकते हैं. समय रहते बुकिंग करना जरूरी है क्योंकि चारधाम यात्रा के लिए सीटें बहुत जल्दी भर जाती हैं.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation
















