राष्ट्रपति मुर्मू की जीवन यात्रा प्रेरणास्पद, उनकी मेजबानी के लिए धन्यवाद: ली जे म्युंग
नई दिल्ली, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आतिथ्य से गदगद हुए। सोमवार रात राजकीय भोज का आयोजन राष्ट्रपति भवन में किया गया था। ली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक तस्वीर के साथ लंबे चौड़े पोस्ट में अपनी भारतीय समकक्ष की जीवन यात्रा को प्रेरक बताया।
उन्होंने एक्स पर लिखा कि सोमवार शाम, भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से आयोजित रात्रिभोज में शामिल होकर मैंने अच्छा समय बिताया।
ली ने राष्ट्रपति मुर्मू के जीवन का संक्षिप्त वर्णन करते हुए आगे लिखा, मैं राष्ट्रपति मुर्मू की जीवन यात्रा से बहुत प्रेरित हुआ—एक ऐसी यात्रा जो सामाजिक बाधाओं और व्यक्तिगत कठिनाइयों पर विजय पाने और स्वयं को अपने समुदाय तथा वंचितों की सेवा के लिए समर्पित करने की कहानी है। मैं यह महसूस कर सका कि आज भारत जिस आत्मविश्वास का प्रदर्शन करता है, वह सीधे तौर पर राष्ट्रपति के साहस और दूरदृष्टि का परिणाम है।
दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति ने कहा कि दोनों देशों में संभावनाएं असीम हैं। उन्होंने उम्मीद जताई, भविष्य में, हम राजनीति और अर्थशास्त्र के दायरे से आगे बढ़कर, एक-दूसरे के दृढ़ भागीदार के रूप में आगे बढ़ेंगे और मिलकर एक साझा भविष्य का निर्माण करेंगे।
अपनी पोस्ट के आखिर में उन्होंने राष्ट्रपति मुर्मू और भारत की जनता के आत्मीय आतिथ्य के लिए गहरी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए हिंदी में धन्यवाद लिखा।
इससे पहले राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से एक्स पर एक वीडियो क्लिप पोस्ट की गई। इसमें आतिथ्य सत्कार और राजकीय भोज की झलक है। दोनों राष्ट्राध्यक्षों का संबोधन, जिसमें द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दिखती है।
बता दें, कि भारत दौरे पर आए दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्युंग ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से विशेष मुलाकात की। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने ली जे-म्युंग का राष्ट्रीय राजधानी में भव्य स्वागत किया।
इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि भारत दक्षिण कोरिया के साथ एआई, सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स और स्वच्छ ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में व्यापार और सहयोग बढ़ाने के लिए तत्पर है। दोनों देश हरित तकनीक और औद्योगिक साझेदारी को मजबूत कर युवाओं के लिए नए अवसर बनाने और 2030 तक व्यापार बढ़ाने पर सहमत हुए हैं।
--आईएएनएस
केआर/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
हड्डियों की मजबूती से मानसिक शांति तक, एक आसन में छिपा है सेहत का राज
नई दिल्ली, 21 नई दिल्ली (आईएएनएस)। आज की व्यस्त जीवनशैली में लोग अक्सर अपने स्वास्थ्य को नजरअंदाज करने की भूलकर बैठते हैं। लंबे समय तक काम करना और स्क्रीन के सामने समय बिताना शरीर में थकान, तनाव और कई स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन रहा है। ऐसे समय में प्राचीन भारतीय विज्ञान योग एक सरल, प्राकृतिक और प्रभावी समाधान के रूप में सामने आता है।
योग के अनेक आसनों में पर्वतासन एक ऐसा आसन है, जो शरीर को मजबूत बनाने के साथ-साथ मन को शांत और स्थिर रखने में मददगार है।
पर्वतासन दो शब्दों से मिलकर बना है। पर्वत यानी पहाड़ और आसन यानी की मुद्रा या फिर स्थिति। इस आसन को करते समय शरीर की पूरी आकृति एक ऊंचे, मजबूत और स्थिर पहाड़ की तरह होती है। यह आसन शुरुआती अभ्यासकर्ताओं के लिए बहुत आसान है और वे रोजाना कुछ ही समय करके शानदार परिणाम पा सकते हैं।
भारत सरकार के आयुष मंत्रालय ने इसे सरल और प्रभावी योगासन बताया है। उनके अनुसार, इस आसन के नियमित अभ्यास से पैरों, जांघों, पीठ और कंधों की मांसपेशियों को मजबूती मिलती है। साथ ही, यह रीढ़ की हड्डी को सीधा और लचीला रखने में मदद करता है।
इसके करने के दौरान पेट पर दबाव पड़ता है, जिससे पेट की मांसपेशियां सक्रिय होती हैं और पाचन तंत्र में सुधार आता है। नियमित अभ्यास से शरीर की मुद्रा सुधरती है और कद भी दिखने में लंबा लगता है।
मानसिक रूप से पर्वतासन बहुत फायदेमंद है। यह एकाग्रता बढ़ाता है, तनाव और चिंता को कम करता है। मन को स्थिरता प्रदान करता है, जिससे निर्णय लेने की क्षमता मजबूत होती है। छात्रों और कामकाजी लोगों के लिए यह आसन खासतौर पर उपयोगी है।
पर्वतासन सिर्फ शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर और मन के बीच संतुलन स्थापित करने का माध्यम है। आज की भागती-दौड़ती जिंदगी में रोजाना 5-10 मिनट पर्वतासन का अभ्यास करने से आप महसूस करेंगे कि शरीर हल्का, ऊर्जावान और मन शांत हो गया है, लेकिन गंभीर पीठ दर्द, घुटने की समस्या या हाल ही में सर्जरी हुई हो, तो इसे करने से बचें।
--आईएएनएस
एनएस/वीसी
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation

















