Agra में Fake Call Center का भंडाफोड़, 2500 लोगों से ठगी करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार
आगरा (उप्र), नौ अगस्त आगरा जिले के ताजगंज इलाके में पुलिस ने रविवार को एक फर्जी काल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, ये चारों कॉल सेंटर के जरिए नौकरी का झांसा देकर बेरोजगारों से ठगी करते थे।
थाना ताजगंज इलाके में साइबर प्रकोष्ठ की टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) आदित्य ने बताया कि 15 राज्यों से 100 से अधिक शिकायत मिली थीं कि नौकरी दिलाने के नाम पर उनके साथ ठगी की गई है। इन्हीं शिकायतों के आधार पर जांच पड़ताल की गई तो फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा हुआ।
आरोपियों ने एक फर्जी कंपनी बनाई थी और नौकरियों का विज्ञापन भी जारी करते थे। उन्होंने बताया कि कॉल सेंटर से लड़कियां किसी कंपनी में गार्ड, सुपरवाइजर या अन्य पदों की नौकरी लगवाने का झांसा देती थीं। नौकरी पाने के लालच में कुछ लोग फंस जाते थे।
पंजीकरण के नाम पर उनसे करीब दो हजार रुपये जमा कराए जाते थे। पंजीकरण के बाद वर्दी और अन्य चीजों के लिए आठ हजार रुपये जमा कराए जाते थे। आखिर में नियुक्ति प्रमाण पत्र लेने के एवज में 10 हजार रुपये फिर से लिए जाते थे।
डीसीपी ने बताया कि अभी तक पूछताछ में पता चला है कि ढाई हजार से अधिक लोग इस ठगी का शिकार हो चुके हैं। आरोपियों के पास से 10 मोबाइल फोन, 32 पासबुक, 28 एटीएम कार्ड, 12 क्यूआर कोड के अलावा नियुक्ति पत्र सहित अलग-अलग तरह के दस्तावेज मिले हैं। मामले में गिरफ्तार एक आरोपी तरुण बिहार का रहने वाला है और दूसरा आरोपी अजय जौनपुर का रहने वाला है।
अभी इस गिरोह से जुड़े कई लोगों की तलाश की जा रही है।
Odisha के गंजाम जिले में मिनी-ट्रक पलटने से आठ कांवड़िए घायल हुए
ब्रह्मपुर (ओडिशा), नौ अगस्त ओडिशा के गंजाम जिले में रविवार को कांवड़ियों को ले जा रहा एक मिनी-ट्रक पलट जाने से कम से कम आठ श्रद्धालु घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह हादसा चमाखंडी थाना क्षेत्र के कालियाबाली के पास उस समय हुआ, जब लगभग 20 लोगों को ले जा रहा वाहन सड़क पर पलट गया।
चमाखंडी थाना प्रभारी श्रद्धांजलि सुबुद्धि ने बताया कि ये कांवड़िए रुशिकुल्या नदी से जल लेने के लिए यहां पास स्थित जगदलपुर से जा रहे थे, तभी यह दुर्घटना घटी। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की योजना सोमवार को अलेश्वर शिव मंदिर जाकर जलाभिषेक करने की थी। अधिकारी ने बताया कि वाहन चालक सहित घायल व्यक्तियों को इलाज के लिए छत्रपुर के उप-मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उन्होंने बताया कि बाद में गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को इलाज के लिए ब्रह्मपुर के एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। थाना प्रभारी ने कहा, वाहन को जब्त कर लिया गया है और पुलिस वाहन के दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi










