Puducherry पहुंचे Amit Shah ने BJP कार्यकर्ताओं को दिया संगठन विस्तार का संदेश
पुडुचेरी, नौ अगस्त केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं से इस केंद्र शासित प्रदेश में पार्टी संगठन को और मजबूत करने का आह्वान किया। भाजपा की पुडुचेरी इकाई के एक प्रवक्ता के अनुसार, केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विपक्ष ‘‘महत्वहीन मुद्दों’’ को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करने की कोशिश कर रहा है और उसका स्पष्ट दृष्टिकोण नहीं होना उसकी ‘‘कमजोरियों’’ को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक मजबूत राजनीतिक ताकत के रूप में उभर रही है और पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत करने के लिए प्रयास करने का आह्वान किया।
पुडुचेरी में भाजपा, ऑल इंडिया एन आर कांग्रेस (एआईएनआरसी) के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार में एक सहयोगी दल है। आठ अगस्त को यहां पहुंचे शाह ने रविवार को पुलिस मैदान में आयोजित एक समारोह में हिस्सा लिया और केंद्र शासित प्रदेश की पुलिस को उसकी निष्ठा, अनुशासन और दक्षता के सम्मान में ‘राष्ट्रपति ध्वज’ प्रदान किया। भाजपा की पुडुचेरी इकाई के अध्यक्ष वी. पी. रामलिंगम ने केंद्रीय गृह मंत्री का स्वागत किया।
इस अवसर पर भाजपा के विधायक और पार्टी के विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि भी मौजूद थे। इससे पहले शाह ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत की। कार्यक्रम के उद्घाटन में बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया।
पार्टी के एक सूत्र ने बताया कि 20,000 से अधिक राष्ट्रीय ध्वज घरों में वितरित किए जाएंगे, ताकि लोग 15 अगस्त को 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों की छतों पर तिरंगा फहरा सकें।
Rahul Navin बने रहेंगे ED Director, केंद्र सरकार ने कार्यकाल एक साल और बढ़ाया
नयी दिल्ली, नौ अगस्त केंद्र सरकार ने प्रवर्तन निदेशालय के निदेशक राहुल नवीन का कार्यकाल एक वर्ष के लिए बढ़ा दिया है और यह 13 अगस्त से प्रभावी होगा। एक सरकारी आदेश में यह जानकारी दी गई। भारतीय राजस्व सेवा के आयकर कैडर के 1993 बैच के अधिकारी नवीन(59)धनशोधन रोधी संघीय एजेंसी का 14 अगस्त 2024 से पूर्णकालिक निदेशक के तौर पर कार्य कर रहे हैं।
मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (एसीसी)ने शनिवार को जारी आदेश में नवीन के ईडी के निदेशक के तौर पर कार्यकाल को 13 अगस्त 2026 से एक साल यानी 13 अगस्त, 2027 तक बढ़ाने की मंज़ूरी दी। इसमें उनके सेवानिवृत्ति की तारीख (31 जुलाई, 2027) के बाद भी सेवा का विस्तार शामिल है, या फिर अगले आदेश तक इनमें से जो भी पहले हो का विस्तार भी शामिल है। नियमों के अनुसार, किसी अधिकारी को दो साल के कार्यकाल के लिए ईडी का निदेशक नियुक्त किया जा सकता है, जिसके बाद उन्हें एक-एक साल के लिए तीन बार सेवा विस्तार दिया जा सकता है।
सितंबर 2023 में, नवीन को एजेंसी का कार्यवाहक निदेशक बनाया गया था। नवीन के कार्यकाल के दौरान, ईडी ने कई चर्चित मामलों की जांच शुरू कीं, जिनमें राजनीतिक परामर्श कंपनी आई-पैक, रिलायंस अनिल अंबानी समूह और कई ऑनलाइन मनी गेमिंग कंपनियों से जुड़ी जांच शामिल हैं। उनके कार्यकाल में ईडी ने घर खरीदारों के साथ रियल एस्टेट की बड़ी कंपनियों द्वारा की गई धोखाधड़ी के कई मामलों पर संज्ञान लिया है।
एजेंसी ने धनशोधन रोधी कानून के तहत मिली शक्तियों का इस्तेमाल करके पीड़ितों को करोड़ों रुपये की संपत्ति वापस दिलाई। नवीन ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी)-कानपुर से बीटेक और एमटेक और मेलबर्न की स्विनबर्न यूनिवर्सिटी ऑफ़ टेक्नोलॉजी से एमबीए किया है। उन्होंने प्रत्यक्ष कर से जुड़े अंतरराष्ट्रीय कराधान और अंतरण प्रक्रिया के कई मुद्दों पर किताबें और पत्रिकाओं में लेख भी लिखे हैं।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi










