Yogi Adityanath का दावा: पहले Kanwar Yatra बंद थी, अब भक्तों पर हो रही पुष्प वर्षा
सिद्धार्थनगर (उप्र), नौ अगस्त उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सिद्धार्थनगर में समाजवादी पार्टी (सपा) की पूर्ववर्ती सरकार पर कांवड़ यात्रा में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है और अब उन पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की जा रही है। सिद्धार्थनगर जिले के बांसी में विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया, ‘‘उत्तर प्रदेश में जब सपा की सरकार थी, तब वह कांवड़ यात्रा निकालने की अनुमति नहीं देती थी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर तय किया गया कि कांवड़ यात्रा नहीं रुकेगी और शिव भक्तों को पूरी सुरक्षा मिलेगी।’’ मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आज कांवड़ यात्रियों पर हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा हो रही है। मेरठ से हरिद्वार के बीच बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री शांतिपूर्वक यात्रा कर रहे हैं।
यह बदले उत्तर प्रदेश की तस्वीर है, जहां आस्था, सुरक्षा और विकास साथ-साथ आगे बढ़ रहे हैं।’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘पहले प्रदेश में आए दिन दंगे-उपद्रव होते थे, लेकिन पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में एक भी दंगा नहीं हुआ। बेटियों व व्यापारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।’’ एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने सिद्धार्थनगर के काला नमक चावल का उल्लेख करते हुए कहा कि इसकी मांग तेजी से बढ़ी है। बाजार में एक किलो काला नमक चावल की कीमत करीब 200 रुपये तक है और मांग के अनुरूप आपूर्ति नहीं हो पा रही है।
उन्होंने कहा कि इसके लिए बड़े सुविधा केंद्र को मंजूरी दी गई है। कपिलवस्तु में भगवान बुद्ध से जुड़े पर्यटन और आध्यात्मिक विकास को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। यहां विपश्यना केंद्र के निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत की गई है।
योगी ने कहा कि राज्य सरकार ने युवाओं, महिलाओं, गरीबों, किसानों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, ग्राम चौकीदारों, रसोइयों और कोटेदारों सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लिए बजट में प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सपनों को साकार करने के लिए सभी को विकास और राष्ट्र निर्माण के अभियान का हिस्सा बनना चाहिए।
Penang Deputy CM जगदीप सिंह देव ने Akal Takht जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह से की मुलाकात
अमृतसर, नौ अगस्त पेनांग के उपमुख्यमंत्री-द्वितीय वाई. बी. जगदीप सिंह देव के नेतृत्व में मलेशिया के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को आनंदपुर साहिब में अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में मलेशियाई कारोबारी एवं समुदाय के नेता दातो (मानद उपाधि) प्रो. डॉ. बी. एस. बैंस, इतिहासकार सिमर सिंह और मीरपुर रियासत के परिवार से ताल्लुक रखने वाले अक्षय सिंह देव समेत अन्य लोग शामिल थे। एक बयान के अनुसार, प्रतिनिधिमंडल ने वैश्विक सिख समुदाय, उसकी विरासत एवं धार्मिक संस्थानों, मलेशिया में रह रहे सिखों और पंजाब के ऐतिहासिक सिख संस्थानों के बीच सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संबंधों को मजबूत करने के महत्व पर चर्चा की।
देव ने अकाल तख्त साहिब के प्रति गहरा सम्मान व्यक्त किया और कहा कि वह युवा पीढ़ी और भारत से बाहर रहने वाले सिखों को उनके धर्म, विरासत व इतिहास से जोड़ने का काम कर रहे सिख धार्मिक नेताओं की भूमिका की सराहना करते हैं। देव, पेनांग के वरिष्ठ नेता हैं और उनके परिवार की चौथी पीढ़ी मलेशियाई राजनीति में सक्रिय है। वह वर्तमान में पेनांग के उपमुख्यमंत्री-द्वितीय का पद संभाल रहे हैं, जो राज्य सरकार में दूसरा सबसे बड़ा राजनीतिक पद है।
वह 2008 से पेनांग में निर्वाचित जनप्रतिनिधि हैं। बयान के अनुसार, प्रतिनिधिमंडल ने मलेशिया में ऐतिहासिक सिख संस्थानों और गुरुद्वारों के संरक्षण के महत्व पर भी जोर दिया। जत्थेदार ने मुलाकात के दौरान मलेशिया में सिख विरासत और ऐतिहासिक गुरुद्वारों के संरक्षण के प्रति प्रतिनिधिमंडल की प्रतिबद्धता की सराहना की।
उन्होंने दुनिया भर में युवा पीढ़ी और सिख प्रवासियों के बीच सिख पहचान, परंपराओं, गुरबाणी व सिख मूल्यों के संरक्षण के महत्व पर भी जोर दिया।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi










