मजबूत रुपया, अमेरिका-ईरान वार्ता समेत इन कारणों के चलते सेंसेक्स 1,100 अंक बढ़ा
मुंबई, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को बड़ी तेजी देखी गई। सुबह 11 बजे सेंसेक्स 1,086 अंक या 1.41 प्रतिशत बढ़कर 77,933 और निफ्टी 347 अंक या 1.46 प्रतिशत बढ़कर 24,189 पर था।
बाजार में चौतरफा तेजी देखी जा रही है। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 1,112 अंक या 1.93 प्रतिशत की बढ़त के साथ 58,619 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 353 अंक या 2.11 प्रतिशत की मजबूती के साथ 17,115 पर था।
बाजार में तेजी की वजह अमेरिका-ईरान के बीच बातचीत फिर से शुरू होने की संभावना है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि पिछले सप्ताहांत में अमेरिका-ईरान के बीच शांति के लिए समाप्त हुई वार्ता अगले दो दिनों में फिर से पाकिस्तान में शुरू हो सकती है।
इसके अलावा, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी भी भारतीय शेयर बाजार में बढ़ोतरी की एक वजह है। कच्चा तेल का दाम अब 95 डॉलर प्रति बैरल के आसपास आ गया है। हालांकि, ब्रेंट क्रूड 0.95 प्रतिशत की बढ़त के साथ 95.69 डॉलर प्रति बैरल और डब्लूटीआई क्रूड 0.42 प्रतिशत की तेजी के साथ 91.66 डॉलर प्रति बैरल पर था।
अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर के ऐलान के बाद से अब तक कच्चे तेल का दाम 15 प्रतिशत से अधिक गिर गया है।
वैश्विक बाजारों में तेजी भी भारतीय शेयर बाजार में बढ़त की वजह है। सोल, टोक्यो, हांगकांग और जकार्ता के बाजार हरे निशान में थे। अमेरिका के बाजार भी मंगलवार को हरे निशान में बंद हुए थे।
डॉलर के मुकाबले रुपए की मजबूती भी शेयर बाजार में तेजी की एक वजह है। अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया 20 पैसे की तेजी के साथ खुला था।
इसके अलावा, इंडिया विक्स में गिरावट भी शेयर बाजार में तेजी की एक वजह है। खबर लिखे जाने तक यह 7.85 प्रतिशत की गिरावट के साथ 18.87 पर था।
--आईएएनएस
एबीएस/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
चिराग पासवान ने अस्पताल में भर्ती चाचा पशुपति पारस से की मुलाकात, उन्हें पिता-तुल्य बताया
पटना, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान अपने चाचा पशुपति कुमार पारस से मिलने अस्पताल पहुंचे। पूर्व केंद्रीय मंत्री और आरएलजेपी प्रमुख पशुपति पारस को अचानक तबीयत बिगड़ने और सांस लेने में दिक्कत के बाद पटना के कंकड़बाग स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है और डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं।
जैसे ही चिराग पासवान को अपने चाचा की तबीयत खराब होने की खबर मिली, वे तुरंत साईं अस्पताल पहुंचे। वहां पहुंचकर उन्होंने पैर छूकर आशीर्वाद लिया और फिर उन्हें गले लगाया। इस दौरान उन्होंने डॉक्टरों से पारस की सेहत को लेकर विस्तार से जानकारी ली और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
अस्पताल में पशुपति पारस के समर्थकों की भीड़ भी देखने को मिली, जो उनकी सेहत के बारे में जानकारी लेने पहुंचे थे। मीडिया से बात करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि उनके चाचा उनके लिए पिता समान हैं। उन्होंने साफ कहा कि “राजनीति अपनी जगह है, लेकिन मैं यहां एक बेटे के तौर पर उनकी तबीयत जानने आया हूं।
दरअसल, राम विलास पासवान के निधन के बाद चिराग पासवान और पशुपति पारस के रिश्तों में खटास आ गई थी। साल 2021 में लोक जनशक्ति पार्टी दो हिस्सों में बंट गई थी, जिसमें एक गुट की कमान पारस ने संभाली जबकि चिराग पासवान ने अपनी अलग पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) बनाई।
हालांकि, हाल के घटनाक्रमों से दोनों के रिश्तों में नरमी के संकेत मिल रहे हैं जिससे भविष्य में सुलह की अटकलें भी तेज हो गई हैं।
अगर चुनावी प्रदर्शन की बात करें तो 2019 के लोकसभा चुनाव में लोक जनशक्ति पार्टी ने बिहार में छह सीटें जीती थीं। वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव में चिराग पासवान की पार्टी ने एनडीए के तहत 5 सीटें हासिल कीं, जिसके बाद वे केंद्रीय मंत्री बने। 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी ने 29 सीटों पर चुनाव लड़ा और 19 सीटों पर जीत दर्ज की।
फिलहाल डॉक्टरों ने पारस की सेहत को लेकर विस्तृत जानकारी नहीं दी है लेकिन सूत्रों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है।
--आईएएनएस
वीकेयू/पीएम
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation


















