वजन घटाने से लेकर इम्युनिटी बढ़ाने तक, शहद सेवन के कई फायदे
नई दिल्ली, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग फिट रहने के लिए कई तरह के तरीके अपनाते हैं। कुछ प्राकृतिक चीजें ऐसी है, जो बिना किसी साइड इफेक्ट के बेहतर रिजल्ट देती है। इनमें से एक है शहद, जिसे सदियों से सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता रहा है। हल्की मिठास और पौष्टिक गुणों से भरपूर शहद न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाता है, बल्कि शरीर को अंदर से मजबूत बनाने में भी मदद करता है। खास बात यह है कि अब लोग इसे वजन घटाने के लिए भी अपनी डाइट में शामिल करने लगे हैं।
वैज्ञानिक रिसर्च के अनुसार, शहद में एंटीऑक्सिडेंट्स, विटामिन्स और मिनरल्स पाए जाते हैं, जो शरीर को फायदा पहुंचाते हैं। इसके एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण शरीर को संक्रमण से बचाने में मदद करते हैं। यही वजह है कि शहद को रोजमर्रा की डाइट में शामिल करने की सलाह दी जाती है। अगर सही मात्रा में इसका सेवन किया जाए, तो यह शरीर की इम्युनिटी को मजबूत करने में भी सहायक होता है।
वजन घटाने में शहद को लाभकारी माना जाता है। शहद शरीर के मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाने में मदद करता है। जब मेटाबॉलिज्म सही तरीके से काम करता है, तो शरीर में जमा अतिरिक्त चर्बी धीरे-धीरे कम होने लगती है। इसके अलावा, शहद मीठा होने के बावजूद रिफाइंड शुगर की तुलना में ज्यादा हेल्दी विकल्प माना जाता है, जिससे लोग बिना ज्यादा नुकसान के अपनी मीठा खाने की इच्छा भी पूरी कर सकते हैं।
वजन कम करने के लिए शहद और नींबू का मिश्रण सबसे ज्यादा लोकप्रिय है। आमतौर पर लोग सुबह खाली पेट एक गिलास गुनगुने पानी में एक चम्मच शहद और आधा नींबू मिलाकर पीते हैं। यह ड्रिंक शरीर को डिटॉक्स करने में मदद करता है और फैट बर्न करने की प्रक्रिया को तेज करता है। इसके नियमित सेवन से शरीर हल्का महसूस होता है और पाचन तंत्र भी बेहतर तरीके से काम करता है।
इसके अलावा, शहद और दालचीनी भी मोटापा घटाने में मददगार हैं। एक कप ग्रीन टी में शहद और थोड़ी सी दालचीनी मिलाकर पीने से शरीर को ऊर्जा मिलती है और मोटापा कम करने में मदद मिलती है। दालचीनी ब्लड शुगर को संतुलित रखती है, जबकि शहद शरीर को नेचुरल एनर्जी देता है।
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि शहद का सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए। ज्यादा मात्रा में लेने से नुकसान भी हो सकता है।
--आईएएनएस
पीके/वीसी
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
खाड़ी क्षेत्र में सभी भारतीय नाविक सुरक्षित, 2,262 से ज्यादा की हुई वापसी: सरकार
नई दिल्ली, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। सरकार ने मंगलवार को बताया कि खाड़ी क्षेत्र में मौजूद सभी भारतीय नाविक पूरी तरह सुरक्षित हैं और पिछले 24 घंटे में किसी भी भारतीय झंडे वाले जहाज से जुड़ी कोई घटना सामने नहीं आई है।
पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय ने मंगलवार को एक आधिकारिक बयान में कहा कि डायरेक्टरेट जनरल ऑफ शिपिंग (डीजी शिपिंग) ने अब तक खाड़ी क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों से 2,262 से ज्यादा भारतीय नाविकों की सुरक्षित वापसी करवाई है, जिनमें पिछले 24 घंटे में 85 लोग शामिल हैं।
डीजी शिपिंग के कंट्रोल रूम ने सक्रिय होने के बाद से अब तक 6,292 कॉल और 13,228 से ज्यादा ईमेल संभाले हैं। इनमें पिछले 24 घंटे में 219 कॉल और 361 ईमेल शामिल हैं।
मंत्रालय ने बताया कि देश भर के बंदरगाहों पर कामकाज सामान्य रूप से चल रहा है और कहीं भी भीड़ या रुकावट की स्थिति नहीं है।
बयान में कहा गया कि मंत्रालय लगातार विदेश मंत्रालय, भारतीय दूतावासों और समुद्री क्षेत्र से जुड़े हितधारकों के साथ समन्वय बनाए हुए है ताकि भारतीय नाविकों की सुरक्षा और समुद्री गतिविधियों का संचालन बिना बाधा जारी रहे।
वहीं, विदेश मंत्रालय ने भी कहा कि खाड़ी क्षेत्र में भारतीय दूतावास और मिशन भारतीय समुदाय के लगातार संपर्क में हैं और उनकी सुरक्षा के लिए जरूरी सलाह (एडवाइजरी) जारी कर रहे हैं।
इस बीच, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कुवैत और इजरायल के विदेश मंत्रियों से बातचीत कर क्षेत्र की स्थिति और वहां रह रहे भारतीयों की सुरक्षा पर चर्चा की।
इसके अलावा, उन्होंने सिंगापुर और ऑस्ट्रेलिया के अपने समकक्षों से भी पश्चिम एशिया के हालात को लेकर बातचीत की।
मंत्रालय राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ भी लगातार संपर्क में है, ताकि जानकारी का बेहतर आदान-प्रदान हो सके और समन्वय मजबूत बना रहे।
सरकार ने कहा कि भारतीय नागरिकों की सुरक्षा, संरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिकता है। भारतीय दूतावास 24 घंटे हेल्पलाइन के जरिए लोगों की मदद कर रहे हैं और स्थानीय सरकारों के साथ भी लगातार संपर्क में हैं।
--आईएएनएस
डीबीपी
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation





















