TMC MP Shatrughan Sinha ने Patna में Lalu Prasad से मुलाकात कर उन्हें जननेता बताया
पटना, आठ अगस्त अभिनेता और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने यहां राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद के आवास पर उनसे मुलाकात की और उनकी जमकर तारीफ की और उन्हें जननेता व बहुत अच्छा व्यक्ति बताया। सिन्हा ने कहा कि उन्होंने प्रसाद और उनकी पत्नी राबड़ी देवी के साथ काफी बातचीत की। उन्होंने पत्रकारों से कहा, मैं यहां सिर्फ लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी से मिलने आया था।
लालू जी मेरे पुराने पारिवारिक मित्र हैं, वह एक बड़े कद के राजनेता और जननेता हैं। सबसे बढ़कर, वह एक बहुत अच्छे इंसान हैं। जब भी मैं पटना आता हूं, उनसे मिलता हूं।
टीएमसी सांसद ने कहा कि वह लालू प्रसाद के बेटे तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव से मुलाकात नहीं कर सके, क्योंकि वे किसी जरूरी काम से शहर से बाहर थे। उन्होंने कहा, हालांकि, मेरी लालू जी और राबड़ी जी के साथ काफी बातचीत हुई। सिन्हा ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत भाजपा से की थी।
कांग्रेस में कुछ समय रहने के बाद वह टीएमसी में शामिल हो गए थे। उन्होंने राष्ट्रीय पात्रता प्रवेश परीक्षा (नीट) पेपर लीक के खिलाफ छात्रों के प्रदर्शन से निपटने के तरीके को लेकर केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की शुक्रवार को आलोचना की थी, जबकि छात्रों के समर्थन में आगे आने के लिए राहुल गांधी की जमकर तारीफ की थी।
Abhishek Banerjee के सहयोगी सुमित रॉय से West Bengal CID की 10 घंटे पूछताछ
कोलकाता, आठ अगस्त तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी के करीबी सहयोगी सुमित रॉय से पश्चिम बंगाल सीआईडी ने शनिवार को करीब 10 घंटे तक पूछताछ की। यह पूछताछ पश्चिम मेदिनीपुर जिले में सरकारी जमीन धोखाधड़ी मामले के सिलसिले में की गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अपराध जांच विभाग (सीआईडी) के अधिकारियों ने रॉय से जांच एजेंसी के मुख्यालय भवानी भवन में पूछताछ की। उच्चतम न्यायालय ने जांच में सहयोग करने की शर्त पर उन्हें 14 अगस्त तक गिरफ्तारी से अंतरिम संरक्षण प्रदान किया है। सीआईडी के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘हमारे अधिकारियों ने उनसे कई घंटों तक पूछताछ की।
जांच अभी शुरुआती चरण में है और इस समय कुछ भी साझा नहीं किया जा सकता।’’ रॉय सुबह जांच एजेंसी के समक्ष पेश हुए थे और रात करीब आठ बजकर 20 मिनट पर मुख्यालय से बाहर निकले। जब अधिकारी से पूछा गया कि क्या रॉय को सीआईडी जांचकर्ताओं के सामने दोबारा पेश होना होगा, तो उन्होंने कहा कि यह मामले की जरूरतों पर निर्भर करेगा। सीआईडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पूर्व में कहा था कि एजेंसी रॉय के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है और सबूतों के आधार पर दावों का सत्यापन करेगी।
अधिकारी ने कहा था, ‘‘हम आरोपों की जांच कर रहे हैं और सभी संबंधित दस्तावेज जुटा रहे हैं। हर आरोप का सत्यापन सबूतों के आधार पर किया जाएगा और उसके बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’’ उच्चतम न्यायालय ने रॉय को जांच में सहयोग करने और जरूरत पड़ने पर सुबह 10 बजे से शाम छह बजे के बीच पूछताछ के लिए उपलब्ध रहने का निर्देश दिया था। अदालत ने यह भी निर्देश दिया था कि पूछताछ के दौरान उनके साथ कोई वकील या अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं रहेगा।
सालबनी भूमि धोखाधड़ी मामले में तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक सुजय हाजरा की गिरफ्तारी के बाद सीआईडी रॉय की तलाश कर रही थी।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi










