ईरान ने सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई का वीडियो जारी किया:जंग के बाद पहला वीडियो, जमीन पर बैठे लोगों से बात करते नजर आए
ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई का एक वीडियो सामने आया है। इसे ईरान की अर्ध-सरकारी न्यूज एजेंसी मेहर ने जारी किया है। इसमें मुजतबा जमीन पर बैठे लोगों के बीच नजर आ रहे हैं और उनसे बातचीत करते दिख रहे हैं। सुप्रीम लीडर बनने के बाद यह उनका पहला वीडियो है। हालांकि, वीडियो कब रिकॉर्ड किया गया था, इसकी जानकारी नहीं दी गई है। हाल ही में इजराइली मीडिया में उनकी सेहत को लेकर गंभीर दावे किए गए थे। इजराइली चैनल 14 ने ईरानी अधिकारियों और मुजतबा की मेडिकल टीम के करीबी सूत्रों के हवाले से दावा किया था कि उनकी हालत गंभीर है और वे अस्पताल में भर्ती हैं। रिपोर्ट में यहां तक कहा गया था कि जल्द ही उनकी मौत हो सकती है। सऊदी मीडिया ने किया था ईरान से बाहर होने का दावा सऊदी मीडिया अल-हदथ ने एक इजराइली सुरक्षा सूत्र के हवाले से दावा किया था कि मुजतबा इस समय ईरान में नहीं हैं। सूत्र के मुताबिक, मुजतबा के नाम से जारी किए जा रहे आधिकारिक संदेश IRGC के नए प्रमुख अहमद वाहिदी और दूसरे वरिष्ठ अधिकारी तैयार कर रहे हैं। मुजतबा के सुप्रीम लीडर बनने के बाद से वह सार्वजनिक तौर पर नजर नहीं आए थे। उन्होंने कोई भाषण भी नहीं दिया। सरकारी न्यूज एजेंसियों ने उनके नाम से सिर्फ कुछ लिखित संदेश जारी किए थे। ईरानी मीडिया के मुताबिक, अपने पिता और पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद भी मुजतबा ने सरकार के किसी मंत्री से मुलाकात नहीं की थी। वे अपने पिता के अंतिम संस्कार में भी नजर नहीं आए थे। राष्ट्रपति मसूद पजशकियान भी कह चुके हैं कि सुप्रीम लीडर से सीधे संपर्क करना मुश्किल है। ईरान पहले भी खारिज कर चुका है सेहत से जुड़े दावे ईरान पहले भी मुजतबा की सेहत को लेकर लगाई जा रही अटकलों को खारिज कर चुका है। इससे पहले इजराइली मीडिया ने दावा किया था कि 28 फरवरी को अमेरिका-इजराइल के हमले में मुजतबा गंभीर रूप से घायल हुए थे। ईरानी अधिकारियों ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा था कि उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं लगी। अब मेहर की ओर से वीडियो जारी किए जाने को भी उनकी सेहत को लेकर चल रही अटकलों के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है।
विश्व आदिवासी दिवस 2026 पर आज इंदौर में निकाला जाएगा जुलूस, ट्रैफिक किया गया डायवर्ट, एयरपोर्ट जाने से पहले देखें रूट
इंदौर में विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर रविवार को बड़ा जुलूस निकाला जाएगा। दरअसल जुलूस सुबह 6 बजे लालबाग से शुरू होकर टंट्या मामा भील चौराहे तक जाएगा। इसे देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने शहर के कई प्रमुख रास्तों पर डायवर्जन की व्यवस्था की है। पुलिस के मुताबिक, जुलूस आगे बढ़ने के साथ अलग-अलग इलाकों में ट्रैफिक को जरूरत के हिसाब से बदला जाएगा।
दरअसल विश्व आदिवासी दिवस का मुख्य जुलूस लालबाग परिसर से शुरू होगा। यहां से जुलूस कलेक्टोरेट चौराहा, पलसीकर चौराहा, सोनकर धर्मशाला चौराहा, सिंधी कॉलोनी चौराहा, टावर चौराहा और भंवरकुआं चौराहा होते हुए टंट्या मामा भील चौराहे तक पहुंचेगा। अंतिम स्थान पर माल्यार्पण का कार्यक्रम होगा। जुलूस के दौरान इन रास्तों पर बड़ी संख्या में लोगों के मौजूद रहने की संभावना है, इसलिए सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है।
इन क्षेत्र में भी ट्रैफिक डायवर्ट किया जा सकता है
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार जरूरत पड़ने पर राजीव गांधी चौराहा, आईटी पार्क चौराहा, चोइथराम चौराहा, महू नाका चौराहा, कलेक्टोरेट चौराहा, मोती तबेला चौराहा, बियाबानी चौराहा, हरसिद्धि चौराहा, कलाकुली मस्जिद और राऊजी बाजार क्षेत्र में भी ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा। यानी वाहन चालकों को अपनी मंजिल के हिसाब से वैकल्पिक रास्ता चुनना होगा। पुलिस ने साफ किया है कि डायवर्जन का समय ट्रैफिक की स्थिति के मुताबिक बदला जा सकता है। इसलिए जरूरी काम से निकलने वालों को आखिरी समय तक इंतजार नहीं करने की सलाह दी गई है।
एयरपोर्ट जाने वालों के लिए ट्रैफिक पुलिस ने बताए वैकल्पिक रास्ते
वहीं जुलूस का असर खास तौर पर लालबाग, कलेक्टोरेट, टावर और भंवरकुआं इलाके में देखने को मिल सकता है। ऐसे में एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों के लिए ट्रैफिक पुलिस ने कुछ वैकल्पिक रूट बताए हैं। पुलिस की सलाह है कि यात्री अपनी फ्लाइट के समय को ध्यान में रखते हुए सामान्य दिनों की तुलना में काफी पहले घर से निकलें, ताकि रास्ते में डायवर्जन या जाम मिलने पर परेशानी न हो।
दरअसल चोइथराम की तरफ से एयरपोर्ट जाने वाले लोग चोइथराम चौराहा से चाणक्यपुरी चौराहा, अन्नपूर्णा चौराहा, महू नाका चौराहा, गंगवाल चौराहा, बड़ा गणपति चौराहा और वायरलेस चौराहा होते हुए एयरपोर्ट की तरफ जा सकते हैं। वहीं पलासिया और शहर के पूर्वी हिस्से से आने वाले यात्रियों के लिए विजय नगर, बापट चौराहा, लवकुश चौराहा और सुपर कॉरिडोर चौराहा होते हुए एयरपोर्ट पहुंचने का रास्ता इस्तेमाल किया जा सकता है।
केसरबाग ब्रिज के निर्माण कार्य से भी बढ़ेगी परेशानी
वहीं इंदौर में रविवार को ट्रैफिक की परेशानी सिर्फ आदिवासी दिवस के जुलूस तक सीमित नहीं रहेगी। केसरबाग ब्रिज का निर्माण कार्य पहले से चल रहा है, जिसके कारण इस इलाके में सामान्य दिनों में भी वाहनों का दबाव बना रहता है। जुलूस के दौरान यहां स्थिति और व्यस्त हो सकती है। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को चोइथराम और चाणक्यपुरी चौराहे की तरफ अनावश्यक जाने से बचने की सलाह दी है। इसके लिए रिंग रोड, फूटी कोठी और अन्नपूर्णा की तरफ के वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल किया जा सकता है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
Mp Breaking News










