Delhi Police ने पकड़ी 12 करोड़ की ड्रग्स, 3 विदेशी नागरिकों सहित 5 गिरफ्तार
नयी दिल्ली, आठ अगस्त दिल्ली पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें तीन विदेशी नागरिक शामिल हैं। पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में सक्रिय एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करने का दावा किया है और करीब 12 करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन और एमडीएमए बरामद की है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान नाइजीरियाई नागरिक मोरिस ओकाली (52) और इबेग्बु चिगोजी सैमुअल (50), घाना के नागरिक इमैनुएल (38), तथा दिल्ली निवासी समीर (28) और लेडी (36) नामक एक महिला के रूप में हुई है। अपराध शाखा ने बताया कि टीम मादक पदार्थों के तस्करों के बारे में खुफिया जानकारी जुटा रही थी, तभी उसे विशेष सूचना मिली कि हेरोइन और एमडीएमए की थोक और खुदरा तस्करी में कथित रूप से शामिल ओकाली, 19 और 20 जुलाई की दरम्यानी रात शाहदरा के एक अस्पताल के पास मादक पदार्थों की खेप पहुंचाने के लिए आएगा। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, “जाल बिछाया गया और ओकाली को काले रंग का कंधे पर लटकाने वाला बैग लेकर जाते समय पकड़ लिया गया।
बैग की तलाशी लेने पर 2.004 किलोग्राम हेरोइन और 863 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ।” उन्होंने बताया कि इसके बाद अपराध शाखा थाने में मामला दर्ज किया गया। जांच और ओकाली की पुलिस हिरासत रिमांड के दौरान, उसकी निशानदेही पर 23 जुलाई को चंद्र विहार, निलोठी से इमैनुएल और सैमुअल को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सैमुअल के पास से 254 ग्राम हेरोइन और इमैनुएल के पास से 14 ग्राम एमडीएमए बरामद किया।
पुलिस ने बताया कि दो और आरोपियों, समीर और लेडी, को 31 जुलाई को गिरफ्तार किया गया। समीर को गाजियाबाद के शालीमार गार्डन से पकड़ा गया और उसके पास से 300 ग्राम हेरोइन बरामद की गई, जबकि लेडी को पश्चिम विहार से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी दिल्ली-एनसीआर में सहयोगियों के एक संगठित नेटवर्क के जरिए हेरोइन और एमडीएमए की खरीद, भंडारण, परिवहन और वितरण में शामिल थे।
नाइजीरियाई नागरिक ओकाली 2020 में भारत आया था और चंदर विहार, निलोठी एक्सटेंशन में रह रहा था। पुलिस ने बताया कि उसका भारतीय वीजा समाप्त हो चुका था और वह देश में अवैध रूप से रह रहा था। इससे पहले उसे 2024 में निहाल विहार थाने में विदेशी अधिनियम के तहत दर्ज एक मामले में गिरफ्तार किया गया था।
अधिकारी ने बताया, “टीमों ने आरोपियों के पास से कुल 2.554 किलोग्राम हेरोइन, 881 ग्राम एमडीएमए और 11 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इन मादक पदार्थों की कीमत करीब 12 करोड़ रुपये आंकी गई है।” पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने और पूरे आपूर्ति नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए जांच जारी है।
Rajasthan Rain Alert: मानसून फिर सक्रिय, IMD ने कई इलाकों में चेतावनी जारी की
जयपुर, आठ अगस्त दक्षिण-पश्चिम मानसून के फिर सक्रिय होने से राजस्थान में कई स्थानों पर तेज बारिश जारी है और भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आगामी दिनों में राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार, शनिवार सुबह तक पिछले 24 घंटे के दौरान कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हुई। सबसे अधिक नौ सेंटीमीटर बारिश अलवर के थानागाजी और चुरू के सादुलपुर/राजगढ़ में दर्ज की गई।
इस दौरान दौसा और पिलानी में आठ सेंटीमीटर, कोटकासिम, डीडवाना और सुजानगढ़ में सात-सात सेंटीमीटर तथा झुंझुनू के भुहाना, मलसीसर और चिड़ावा एवं अलवर के बहरोड़ में पांच-पांच सेंटीमीटर बारिश हुई। राज्य की राजधानी जयपुर, भरतपुर, सीकर और बीकानेर सहित कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश हुई। वहीं शनिवार दिन में चुरू में 11 मिलीमीटर, पिलानी में आठ मिलीमीटर, दौसा में 7.5 मिलीमीटर व संगरिया में छह मिलीमीटर बारिश हुई।
जयपुर स्थित मौसम केंद्र के अनुसार, पूर्वी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में आगामी एक सप्ताह तक मानसून के सक्रिय रहने और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। विभाग के अनुसार, “नौ अगस्त को भी राज्य के कुछ भागों में हल्की मध्यम बारिश होगी। वहीं 10 से 12 अगस्त को दक्षिण-पूर्वी व पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने व कुछ भागों में मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश होगी।” विभाग ने बताया कि जोधपुर, बीकानेर संभाग के सीमावर्ती क्षेत्रों को छोड़कर कुछ भागों में आगामी तीन-चार दिन हल्की मध्यम बारिश हो सकती है।
विभाग के अनुसार, पश्चिमी राजस्थान में 14 अगस्त से व पूर्वी राजस्थान में 15 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में कमी होगी। इस बीच, भारी बारिश के कारण कोटपूतली-बहरोड़ से गुजरने वाले जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई जगहों पर जलभराव की सूचना मिली। शहरी इलाकों में बाज़ारों और घरों में भी पानी घुस गया।
लगातार भारी बारिश की वजह से भरतपुर में स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रहे। अलवर के गोविंदगढ़ में एक घर की छत गिर गई हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। चूरू में भी शनिवार सुबह से बारिश हुई, जिससे निचले इलाकों और कई कॉलोनियों में जलभराव हो गया।
डीबी अस्पताल के दोनों दरवाजों पर पानी जमा होने से मरीजों और स्टाफ को परेशानी हुई।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi











