BJP MP Mukesh Rajput समेत 87 लोगों पर Kasganj में FIR दर्ज, कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई
एटा (उप्र), आठ अगस्त फर्रुखाबाद से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद मुकेश राजपूत, उनके परिवार के सदस्यों, सुरक्षाकर्मियों और अन्य सहयोगियों समेत कुल 87 लोगों के खिलाफ एटा से सटे कासगंज जिले के सहावर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। एमपी-एमएलए अदालत के आदेश पर यह मामला दर्ज किया गया। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि यह कार्रवाई सात सितंबर 2025 को सांसद की बहन रीना और उनके ससुराल पक्ष के बीच हुए संपत्ति विवाद के सिलसिले में की गई है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इस विवाद के दौरान सांसद ने अपने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए अपने बहनोई रवींद्र को घर से बाहर निकलवा दिया था। वहीं, पीड़ित द्वारा शिकायत में दुकान और मकान पर कब्जे व मारपीट का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि रवींद्र को घर से बेदखल करने के बाद सांसद के भेजे हुए लोगों ने जबरन उनकी दुकान और मकान पर कब्जा कर लिया और इस दौरान मारपीट, बलवा और सामान लूटने जैसी वारदात को अंजाम दिया गया।
पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की थी, लेकिन कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गयी। परिवार के मुताबिक पुलिस द्वारा तत्काल कदम न उठाए जाने के बाद पीड़ित पक्ष ने न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिये, जिसके अनुपालन में सहावर थाने में सांसद मुकेश राजपूत सहित 37 नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ लूट, बलवा, मारपीट और अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक ओ. पी. सिंह ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों एवं सबूतों के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Jaipur Police ने पुरानी इमारत का सोना चांदी हड़पने के आरोप में 5 लोगों को किया गिरफ्तार
जयपुर, आठ अगस्त जयपुर में एक पुरानी इमारत को ढहाने के दौरान मिले कीमती सामान को खुर्द-बुर्द करने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को बताया कि इस कीमती सामान में चांदी की सिल्लियां व स्वर्ण कलश शामिल हैं। मानक चौक थाने की पुलिस और जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने आरोपियों से कुल 66.400 किलोग्राम वजन की चांदी की दो बड़ी सिल्लियां बरामद भी की हैं।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि 15 जुलाई को मानक चौक पुलिस थाने में एक शिकायत दर्ज की गई थी। शिकायत में कहा गया था कि विद्याधर का रास्ता त्रिपोलिया बाजार में एक पुरानी इमारत को गिराने के दौरान मिली कीमती चीजें मालिक को नहीं सौंपी गईं और ठेकेदार महेश मल्होत्रा व उनके साथियों ने कथित तौर पर खुर्द-बुर्द कर दिया। शिकायत के अनुसार इमारत गिराने के दौरान मिली कीमती चीज़ों में 40-45 किलोग्राम वजनी चांदी की 10-15 चांदी की सिल्लियां, सोने के सिक्कों से भरे हुए 14-15 स्वर्ण कलश, चांदी के 8000-10000 पुराने सिक्के एवं अन्य बहुमूल्य संपत्ति शामिल है।
पुलिस ने कहा कि यह मामला चुनौतीपूर्ण था क्योंकि कथित घटना लगभग 10 महीने पहले हुई थी। तब तक इमारत को गिराकर नया ढांचा खड़ा किया जा चुका था और देरी तथा सीसीटीवी फुटेज न होने के कारण तुरंत सबूत जुटाना मुश्किल हो गया था। उन्होंने बताया कि आरोपों की पुष्टि करने और आरोपियों का पता लगाने के लिए एक विशेष टीम बनाई गई थी।
जांच के दौरान टीम ने तकनीकी इंटेलिजेंस और मुखबिरों से मिली जानकारी का इस्तेमाल किया। पुलिस ने कथित घटना के बाद आरोपियों के मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड और जयपुर तथा आसपास के इलाकों में उनकी गतिविधियों की भी जांच की। पुलिस ने बताया कि टीम ने आरोपियों पर नजर रखी और उनकी जीवनशैली तथा वित्तीय गतिविधियों में आए बदलावों की भी जांच की।
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान मिली जानकारी की पुष्टि करने के बाद पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान महेश मल्होत्रा (ठेकेदार), जगदीश राजोरिया, ओमप्रकाश खिंची, अनुज अरोड़ा और रजनी मल्होत्रा के तौर पर हुई है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi











