ऋषभ पंत ने उत्तराखंड में जमीन दिलाने की मदद मांगी:बोले- 3 साल से तलाश रहा हूं, पहला घर बनाऊंगा; CM धामी का मिला रिस्पॉन्ड
भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत ने उत्तराखंड में जमीन खरीदकर अपना घर बनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मदद मांगी है। शुक्रवार देर रात करीब 1 बजे सोशल मीडिया पर CM धामी को टैग करते हुए पंत ने कहा कि वह पिछले करीब 3 साल से उत्तराखंड में जमीन तलाश रहे हैं, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली। पंत ने कहा कि वह दिल्ली से अपना बेस उत्तराखंड शिफ्ट करना चाहते हैं। उनका सपना है कि उत्तराखंड में अपना पहला घर बनाएं और अपने ‘पहाड़ी लोगों’ के बीच रहकर प्रदेश के लिए काम करें। उन्होंने जमीन खरीदने की प्रक्रिया में स्पष्टता नहीं होने की बात भी कही। पंत की अपील पर CM धामी ने भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि पंत के उठाए विषय के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जा रहा है। अधिकारी जल्द ही उनसे संपर्क करेंगे और नियमानुसार हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करेंगे। पंत बोले- प्रक्रिया मेरे लिए नाइटमेयर बन गई पंत ने मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए लिखा कि वह लंबे समय से दिल्ली से उत्तराखंड अपना बेस शिफ्ट करने की कोशिश कर रहे हैं। इसके लिए वह करीब तीन साल से जमीन खरीदने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अब तक जमीन नहीं मिल पाई। उन्होंने जमीन खरीदने की प्रक्रिया को लेकर परेशानी जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें अब तक ऐसी कोई स्पष्टता नहीं मिल पाई है, जिससे यह प्रक्रिया उनके लिए आसान हो सके। पंत ने मुख्यमंत्री से इस मामले को देखने और उनकी मदद करने की अपील की है। अपने पहाड़ी लोगों के बीच लौटना चाहता हूं पंत ने अपनी पोस्ट में उत्तराखंड से अपने भावनात्मक जुड़ाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह अपनी मातृभूमि में लौटना चाहते हैं और अपने पहाड़ी लोगों के बीच रहना चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड में रहकर वह प्रदेश के लिए काम करना और इसके विकास में अपना योगदान देना चाहते हैं। यानी पंत की मांग सिर्फ जमीन खरीदने तक सीमित नहीं है। वह उत्तराखंड में अपना घर बनाकर दिल्ली से अपना बेस यहां शिफ्ट करना चाहते हैं। पंत बोले- मुफ्त जमीन नहीं, खरीदना चाहता हूं पंत ने यह भी स्पष्ट किया कि वह सरकार से मुफ्त जमीन नहीं मांग रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर सरकार जमीन उपलब्ध कराने में मदद करती है तो वह उसे सरकार की तय दर पर खरीदने के लिए तैयार हैं। उनकी इच्छा उत्तराखंड में अपना पहला घर बनाने की है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री से जमीन खरीदने की प्रक्रिया में मदद मांगी है। CM धामी ने कहा- अधिकारी जल्द करेंगे संपर्क पंत की पोस्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जवाब देते हुए लिखा कि ऋषभ पंत उत्तराखंड के गौरव हैं और उन्होंने अपने शानदार खेल और उपलब्धियों से देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है। CM ने कहा कि अपनी मातृभूमि के प्रति पंत का प्रेम और यहां लौटकर योगदान देने की भावना सराहनीय है। धामी ने आगे कहा कि पंत ने जो विषय उठाया है, उसके संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जा रहे हैं। अधिकारी जल्द ही पंत से संपर्क करेंगे और नियमानुसार हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करेंगे। 2022 में धामी सरकार ने बनाया था ब्रांड एंबेसडर ऋषभ पंत का उत्तराखंड सरकार और CM धामी से जुड़ाव पुराना है। अगस्त 2022 में धामी सरकार ने उन्हें उत्तराखंड का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया था। उस समय सरकार ने कहा था कि पंत की सफलता राज्य के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। पंत का जन्म हरिद्वार जिले के रुड़की में हुआ है। अब करीब चार साल बाद पंत ने सार्वजनिक रूप से उत्तराखंड में घर बनाने और अपना बेस यहां शिफ्ट करने की इच्छा जताई है। अब जमीन खरीदने की प्रक्रिया पर नजर पंत की अपील और CM धामी के जवाब के बाद अब संबंधित अधिकारियों की कार्रवाई पर नजर रहेगी। पंत ने मुख्यमंत्री से सीधे मदद मांगी है, जबकि धामी ने नियमानुसार हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया है। मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि पंत उत्तराखंड मूल के हैं और सार्वजनिक रूप से राज्य में लौटकर बसने की इच्छा जाहिर कर चुके हैं। उत्तराखंड के सबसे बड़े व्यक्तिगत टैक्सपेयर भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत लगातार दूसरे वित्तीय वर्ष में भी उत्तराखंड के सबसे बड़े व्यक्तिगत आयकरदाता बने हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में उन्होंने 23.84 करोड़ रुपए आयकर जमा किया। व्यक्तिगत करदाताओं में पंत पहले स्थान पर रहे, जबकि नॉन-कॉरपोरेट करदाताओं की ओवरऑल सूची में वे चौथे स्थान पर हैं। वहीं, कॉरपोरेट श्रेणी में ONGC सबसे बड़ा टैक्सपेयर रहा। कंपनी ने 2025-26 में 13,564 करोड़ रुपए आयकर जमा किया। IPL 2026 में रहा था खराब प्रदर्शन 28 साल के पंत के लिए IPL 2026 यादगार नहीं रहा। लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की कप्तानी करते हुए उन्होंने 28.36 की औसत और 138.05 के स्ट्राइक रेट से 312 रन बनाए। उनकी कप्तानी में LSG अंक तालिका में 10वें और आखिरी स्थान पर रही। अब पंत की कोशिश श्रीलंका सीरीज में शानदार प्रदर्शन कर उस निराशा को पीछे छोड़ने की होगी। जून के बाद पहली बार खेलेंगे इंटरनेशनल मैच पंत आखिरी बार जून 2026 में मुल्लांपुर में अफगानिस्तान के खिलाफ इकलौता टेस्ट खेलते नजर आए थे। इसके बाद वह प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर रहे। अब श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से उनकी इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी होगी। ------------------- ये खबर भी पढ़ें : उत्तराखंड की वादियों में घूमने पहुंचे ऋषभ पंत: राहुल तेवतिया के साथ खिंचवाई फोटो, इंस्टा पर लिखा- पहाड़ियों का दिल साफ भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत इन दिनों उत्तराखंड में घूम रहे हैं। उन्होंने आज पहाड़ों के बीच समय बिताते हुए अपने इंस्टाग्राम स्टेटस पर खूबसूरत तस्वीरें पोस्ट की हैं। स्टेटस में बर्फ से ढकी चोटियां, शांत माहौल और पहाड़ों की प्राकृतिक सुंदरता दिखाई दे रही है। इसके साथ ही ऋषभ पंत ने उत्तराखंड और यहां के लोगों की जमकर तारीफ भी की। पढ़ें पूरी खबर…
वॉर्मअप मैच- भारत 67/1, लंच तक 296 रन पीछे:राहुल-पडिक्कल क्रीज पर, श्रीलंका XI ने 363/8 पर पहली पारी डिक्लेयर की
कोलंबो में श्रीलंका क्रिकेट XI के खिलाफ खेले जा रहे वॉर्मअप मैच में भारत ने दूसरे दिन लंच तक पहली पारी में 67 रन पर एक विकेट गंवा दिया है। भारत अभी 296 रन पीछे है। यशस्वी जायसवाल 0 रन पर आउट हुए, जबकि केएल राहुल 23 और देवदत्त पडिक्कल 44 रन बनाकर नाबाद हैं। तीन दिवसीय मैच के दूसरे दिन शनिवार को श्रीलंका ने अपनी पहली पारी 363/8 के स्कोर पर डिक्लेयर की। टीम की ओर से रविंदु रसनथा ने 71 और निशान फर्नांडो ने 66 रन बनाए। भारत के लिए रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव और मनव सुथार ने 2-2 विकेट लिए, जबकि गुरनूर बरार को एक सफलता मिली। चोट के कारण नहीं खेले कप्तान गिल भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल इस मुकाबले के पहले दिन नहीं उतरे। BCCI के मुताबिक, गुरुवार के अभ्यास सत्र में उनके दाएं हाथ की उंगली में चोट लग गई थी। एहतियात के तौर पर उन्हें आराम दिया गया और उनकी जगह केएल राहुल ने टीम की कप्तानी संभाली। तैयारियों के लिए अहम है वॉर्म-अप मैच तीन दिन का यह वॉर्म-अप मैच भारत के लिए काफी अहम है। टेस्ट की सीरीज से पहले खिलाड़ियों को श्रीलंका की परिस्थितियों और स्पिन के अनुकूल ढलने का मौका मिलेगा। भारत ने अपना पिछला टेस्ट जून में खेला था। भारत फिलहाल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है। फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए श्रीलंका के खिलाफ यह सीरीज टीम के लिए काफी अहम मानी जा रही है। ------------------------ स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… 5 हजार इंटरनेशनल मैचों वाला पहला फॉर्मेट बना वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में पहली बार किसी फॉर्मेट में 5 हजार मैच पूरे हो गए हैं। यह उपलब्धि हासिल हुई वनडे को। जिस स्कॉटलैंड में अभी कॉमनवेल्थ गेम्स हुए हैं वहीं 5000वां वनडे मैच भी खेला गया। शुक्रवार को स्कॉटलैंड और कनाडा के बीच हुए इस मुकाबले को स्कॉटलैंड ने 9 रन से जीत लिया। पूरी खबर…
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 






