ट्रंप के बयान पर घमासान, अमेरिका में चीनी ऑटो कंपनियों की एंट्री के खिलाफ 'डेमोक्रेट्स' की चेतावनी
वाशिंगटन, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिका में चीनी ऑटोमोबाइल कंपनियों को लेकर सियासत तेज हो गई है। डेमोक्रेटिक पार्टी के सीनेटर टैमी बाल्डविन, चक शूमर और एलिसा स्लॉटकिन ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मांग की है कि वे चीनी वाहन निर्माताओं को अमेरिका में काम करने से रोकें। उनका कहना है कि इससे देश की राष्ट्रीय सुरक्षा और लाखों अमेरिकी नौकरियों पर खतरा पैदा हो सकता है।
यह मामला तब सामने आया जब ट्रंप ने एक फोरम में संकेत दिया कि वे चीनी कंपनियों के अमेरिकी बाजार में आने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा, चीन को अमेरिकी बाजारों में आने दो। इस बयान के बाद सीनेटरों ने एक संयुक्त पत्र लिखकर आपत्ति जताई।
पत्र में नेताओं ने साफ कहा कि चीन में मुख्यालय रखने वाली ऑटो कंपनियां, जो कथित तौर पर चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के समर्थन से काम करती हैं, अगर अमेरिका में गाड़ियां बनाती और बेचती हैं, तो इसके दूरगामी असर होंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यह अमेरिका की अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय सुरक्षा दोनों के लिए बड़ा खतरा बन सकता है।
सीनेटरों ने यह भी मांग की कि कनाडा और मैक्सिको में बनी चीनी गाड़ियों को भी अमेरिका में प्रवेश से रोका जाए। साथ ही, उन्होंने सहयोगी देशों के साथ मिलकर इस बढ़ते वैश्विक खतरे से निपटने की रणनीति बनाने की बात कही।
पत्र में अमेरिकी ऑटो सेक्टर के महत्व को भी रेखांकित किया गया। इसमें बताया गया कि यह सेक्टर देश के जीडीपी का लगभग 3 से 5 प्रतिशत योगदान देता है और करीब 1.095 करोड़ लोगों को रोजगार देता है। इसमें स्टील, सेमीकंडक्टर, और टायर जैसे बड़े सप्लाई चेन शामिल हैं।
सीनेटरों ने आरोप लगाया कि चीन की कंपनियां सरकारी सब्सिडी, कम मजदूरी और खराब कामकाजी परिस्थितियों का फायदा उठाकर प्रतिस्पर्धा को असमान बना देती हैं। उनका कहना है कि इससे अमेरिकी कामगारों को नुकसान होता है।
इसके अलावा, उन्होंने चेतावनी दी कि चीन की पूरी तरह एकीकृत सप्लाई चेन (वर्टिकली इंटीग्रेटेड सिस्टम) अमेरिका में नौकरियों को खत्म कर सकती है। पत्र में कहा गया है कि एक वाहन असेंबली लाइन की एक नौकरी के साथ सप्लायर नेटवर्क में लगभग दो और नौकरियां जुड़ी होती हैं।
राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता जताई गई। सीनेटरों ने कहा कि आज की कनेक्टेड गाड़ियां संवेदनशील डेटा भेज सकती हैं, जिससे देश के इंफ्रास्ट्रक्चर की जानकारी बाहरी संस्थाओं तक पहुंच सकती है। उन्होंने रिमोट कंट्रोल के खतरे और चीन की सैन्य-नागरिक रणनीतियों से जुड़े जोखिमों का भी जिक्र किया।
सीनेटरों ने साफ शब्दों में कहा कि अमेरिका को अपनी स्थिति स्पष्ट रखनी चाहिए। चीनी वाहन और कंपनियां किसी भी रूप में यहां काम करने के लिए स्वीकार्य नहीं हैं।
--आईएएनएस
वीकेयू/एएस
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
Ground Report: तेल अवीव पर लगातार हमले कर रहा है ईरान, देखें हमारे वरिष्ठ संवाददाता राहुल डबास की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट
Ground Report: इजराइल में हालात एक बार फिर बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं. देश के कई शहरों, खासकर तेल अवीव में ईरान के द्वारा लगातार मिसाइल हमले की जा रही है. ऐसे में लोगों में डर और अफरातफरी का माहौल है. जैसे ही सायरन बजते हैं, लोग अपनी जान बचाने के लिए तुरंत बम शेल्टर की ओर भागते नजर आ रहे हैं. ग्राउंड जीरो पर क्या हालात हैं? न्यूज नेशन के वरिष्ठ संवाददाता राहुल डबास बता रहे हैं.
अमेरिकी दूतावास के पास इंटरसेप्ट की गई मिसाइलें
तेल अवीव में मौजूद संवेदनशील इलाकों में स्थिति और भी गंभीर है. अमेरिकी दूतावास के पास मिसाइलों को इंटरसेप्ट किया गया, जिसके बाद जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं. राहुल डबास की रिपोर्ट के मुताबिक, एक के बाद एक करीब सात धमाके हुए, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई. आसमान में इंटरसेप्टर मिसाइलों की आवाज गूंजती रही और कुछ मिसाइलें बेहद करीब से गुजरती नजर आईं. इस पूरे घटनाक्रम के दौरान सड़कें पूरी तरह खाली दिखीं. आमतौर पर भीड़भाड़ वाले इलाके भी सुनसान नजर आए. समुद्र किनारे स्थित बीच, जहां हमेशा लोगों की चहल-पहल रहती है, वहां भी सन्नाटा पसरा हुआ है. लोग घरों और सुरक्षित स्थानों में ही रहने को मजबूर हैं.
यह भी पढ़ें- US-Iran War: ईरान को फिर से 48 घंटों का ट्रंप ने दिया अल्टीमेटम, पावर प्लांट्स बर्बाद करने की दी धमकी
इजरायल के कई शहरों में हालात तनावपूर्ण
आपको बता दें कि सिर्फ तेल अवीव ही नहीं, बल्कि अश्कलॉन, अशदेद और होलोन समेत मध्य इजराइल के कई शहरों में इसी तरह के हालात बने हुए हैं. हर तरफ सायरन, धमाके और डर का माहौल है. स्थिति को और संवेदनशील इसलिए भी माना जा रहा है क्योंकि इस समय यहूदियों का धार्मिक पर्व शब्बात चल रहा है और साथ ही पासओवर भी मनाया जा रहा है. ऐसे समय में हमलों की आशंका ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है.
तल अवीव पर लगातार हमले कर रहा है ईरान, देखें न्यूज नेशन की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट
— News Nation (@NewsNationTV) April 5, 2026
Visit https://t.co/iu10vmpTKi #Iran #America #Israel #MiddleEastWar #DonaldTrump #AliKhamenei #BenjaminNetanyahu #NewsUpdate #NewsNation | @LaxmiUpadhyay13 @rahuldabas85 pic.twitter.com/TQyMLk9JJ2
कुल मिलाकर, इजराइल के कई हिस्सों में हालात बेहद नाजुक बने हुए हैं. सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और लोग सुरक्षित स्थानों पर रहने की कोशिश कर रहे हैं. लगातार हो रहे धमाकों और सायरनों ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है.
यह भी पढ़ें- Ground Report: इस्राइल पर ईरान का ताबड़तोड़ हमला, राहुल डबास से जानें ग्राउंड जीरो का हाल
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation




















