FY27 की धमाकेदार शुरुआत: सेंसेक्स 1200 अंक उछला, निफ्टी 22650 के पार बंद; क्या रिकवरी शुरू?
Stock Market closing:वित्त वर्ष 2026-27 की शुरुआत शेयर बाजार के लिए बेहद शानदार रही। बीएसई सेंसेक्स और निफ्टी-50 ने 2 दिन की गिरावट को तोड़ते हुए अच्छी वापसी की। बुधवार को सेंसेक्स 1186.77 अंक यानी 1.65% चढ़कर 73134.32 पर बंद हुआ जबकि निफ्टी 348 अंक यानी 1.56% की बढ़त के साथ 22679.40 पर पहुंच गया।
कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने करीब 2000 अंकों की छलांग लगाई और 73964.58 का इंट्राडे हाई का स्तर छुआ। वहीं निफ्टी 22941 तक पहुंचा। हालांकि, दोपहर बाद मुनाफावसूली के चलते बाजार ने कुछ बढ़त गंवा दी।
वैश्विक तनाव कम होने से बाजार को राहत
इस तेजी की सबसे बड़ी वजह वैश्विक स्तर पर तनाव में कमी के संकेत रहे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका 2-3 हफ्तों में ईरान के साथ चल रहे सैन्य टकराव को खत्म कर सकता। इससे कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई और महंगाई को लेकर चिंता कम हुई।
ब्रेंट क्रूड की कीमत घटकर 103 डॉलर प्रति बैरल के आसपास आ गई, जिससे बाजार को राहत मिली। निवेशकों को उम्मीद है कि मिडिल ईस्ट में स्थिरता आने से भारतीय अर्थव्यवस्था को फायदा होगा, क्योंकि भारत ऊर्जा आयात पर काफी निर्भर है।
निफ्टी-सेंसेक्स में हुई थी 6 साल की सबसे बड़ी गिरावट
मार्च महीने में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों 11% से ज्यादा गिर चुके थे, जो 6 साल की सबसे बड़ी गिरावट थी। ऐसे में निवेशकों ने गिरावट के बाद सस्ते भाव पर खरीदारी (वैल्यू बायिंग) का मौका लिया, जिससे बाजार में तेजी आई।
16 में से 14 सेक्टोरेल स्तर हरे निशान पर बंद हुए
सेक्टोरल स्तर पर 16 में से 14 सेक्टर हरे निशान में बंद हुए। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी अच्छी तेजी रही। बैंक निफ्टी करीब 2.3% चढ़ा, जो आगे और रिकवरी का संकेत दे रहा है।
स्टॉक्स की बात करें तो इंडिगो के शेयर 8% से ज्यादा चढ़े, क्योंकि कंपनी ने नए सीईओ की नियुक्ति की घोषणा की। ट्रेंट में 6% से ज्यादा की तेजी रही जबकि अडानी एंटरप्राइजेस करीब 6 फीसदी उछला।
डिफेंस शेयरों में जोरदार तेजी
डिफेंस सेक्टर में भी जोरदार तेजी दिखी। बीईएल के शेयर 5.5% से ज्यादा चढ़े क्योंकि कंपनी को 6795 करोड़ रुपये के ऑर्डर मिले हैं। गार्डनरीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स और कोचीन शिपयार्ड भी टॉप गेनर्स में रहे।
इस दौरान मार्केट वोलैटिलिटी इंडेक्स इंडिया विक्स 10% गिरकर 25.1 पर आ गया, जो बाजार में डर कम होने का संकेत है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर निफ्टी 24000 के स्तर को पार कर टिकता है, तो बाजार में मजबूत तेजी का ट्रेंड बन सकता है। फिलहाल निवेशकों के लिए यह समय सतर्क रहते हुए अच्छे स्टॉक्स चुनने का है।
(प्रियंका कुमारी)
ट्रंप के एक बयान से चढ़े डिफेंस शेयर: जीआरएसई 20% उछला, बीईएल में भी आई जोरदार तेजी
भारतीय डिफेंस सेक्टर के शेयरों में बुधवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। निफ्टी डिफेंस इंडेक्स करीब 7% तक चढ़ गया और पिछले दो दिनों की गिरावट को खत्म कर दिया। इस तेजी के पीछे वैश्विक राजनीति में बढ़ता तनाव और अमेरिका-यूरोप के रिश्तों में दरार की खबरें अहम वजह रहीं।
दरअसल, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूरोपीय सहयोगियों की आलोचना करते हुए उन्हें ईरान से जुड़े संघर्ष में पूरा समर्थन न देने के लिए निशाना बनाया। इस बयान के बाद नाटो देशों के बीच मतभेद खुलकर सामने आने लगे।
फ्रांस-इटली ने अमेरिका से झाड़ा पल्ला
फ्रांस, इटली और स्पेन जैसे देशों ने अमेरिका की सैन्य गतिविधियों को लेकर अलग रुख अपनाया। फ्रांस ने अमेरिकी सैन्य विमान को अपने एयरस्पेस से गुजरने की अनुमति नहीं दी, वहीं इटली और स्पेन ने भी इसी तरह के फैसले लिए। इससे अमेरिका और यूरोप के बीच तनाव बढ़ा है।
नाटो से अमेरिका की दूरी का भारत को फायदा मिल सकता
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर अमेरिका नाटो से दूरी बनाता है, तो यूरोपीय देश अपने रक्षा उपकरणों के लिए नए सप्लायर तलाश सकते हैं। ऐसे में भारत एक मजबूत विकल्प के रूप में उभर सकता है, क्योंकि यहां डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग तेजी से बढ़ रही।
भारत की डिफेंस कंपनियों की ऑर्डर बुक मजबूत
मार्केट एक्सपर्ट्स के अनुसार, भारत की डिफेंस कंपनियों के पास मजबूत ऑर्डर बुक है और वे मिसाइल, ड्रोन, आर्टिलरी और रडार जैसे उपकरणों के निर्यात में बड़ी भूमिका निभा सकती हैं। इसी उम्मीद ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया और शेयरों में खरीदारी तेज हुई।
जीआरएसई के शेयरों को लगे पंख
इस तेजी में सबसे ज्यादा फायदा गार्डनरीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स को हुआ, जिसके शेयर करीब 20% तक उछल गए। कंपनी ने हाल ही में वित्तीय वर्ष 2025-26 में 6400 करोड़ रुपये का अब तक का सबसे बड़ा टर्नओवर दर्ज किया, जो पिछले साल से 26% ज्यादा है।
बीईएल में भी 6 फीसदी की तेजी
वहीं भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के शेयरों में भी करीब 6% की बढ़त देखी गई। रक्षा मंत्रालय ने बीईएल के साथ 1950 करोड़ रुपये का बड़ा कॉन्ट्रैक्ट किया है, जिसके तहत भारतीय वायुसेना के लिए माउंटेन रडार खरीदे जाएंगे। कंपनी का सालाना टर्नओवर भी 26,750 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
इसके अलावा डिफेंस इंडेक्स के सभी 19 शेयर हरे निशान में कारोबार करते नजर आए, जो इस सेक्टर में मजबूत सकारात्मक माहौल को दिखाता है।
विशेषज्ञों का यह भी कहना है कि बदलते वैश्विक समीकरणों के बीच भारत-यूरोप और भारत-अमेरिका के रक्षा संबंध और मजबूत हो सकते हैं। ऐसे में आने वाले समय में भारतीय डिफेंस कंपनियों के लिए बड़े मौके खुल सकते हैं।
(प्रियंका कुमारी)
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi


















.jpg)


