Narsinghpur में मासूम से दुष्कर्म व हत्या का आरोपी गिरफ्तार, फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा मामला
नरसिंहपुर, सात अगस्त मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले में आठ वर्षीय छात्रा से कथित तौर पर दुष्कर्म करने के बाद उसकी गला दबाकर हत्या करने के आरोप में 22 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। इस घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन करते हुए आरोपी के मकान पर बुलडोजर चलाने और उसे फांसी देने की मांग की। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि घटना बुधवार की है। आरोपी को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी बच्ची की तलाश में जुटे ग्रामीणों के साथ खुद भी उसे खोजने का नाटक करता रहा।
पुलिस ने बताया कि आरोपी बुधवार को दोपहर के भोजनावकाश के दौरान स्कूल पहुंचा और छात्रा से कहा कि उसके पिता ने उसे घर बुलाया है। इसके बाद वह उसे अपने साथ ले गया। अधिकारी ने बताया कि स्कूल की छुट्टी के बाद बच्ची घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
करीब आठ घंटे तक चले तलाशी अभियान के बाद गांव से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल में एक खाई से बच्ची का शव बरामद किया गया। पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीणा ने बताया कि बच्ची की तलाश में 40 से 50 पुलिसकर्मी और लगभग 60 ग्रामीण लगे हुए थे। इस दौरान आरोपी भी लोगों के साथ बालिका को खोजने का दिखावा कर रहा था।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने खोजी श्वान की मदद ली। खोजी श्वान पुलिस को सीधे आरोपी के घर तक ले गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के दौरान बड़ी संख्या में लोग शवगृह के बाहर एकत्र हो गए।
बाद में उन्होंने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर आरोपी को फांसी देने, उसके मकान पर बुलडोजर चलाने तथा पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने बताया कि स्थिति को देखते हुए पुलिस ने बच्ची के शव को दूसरे रास्ते से उसके गांव पहुंचाया। उन्होंने बताया कि मामले की सुनवाई त्वरित अदालत में कराई जाएगी।
घटना के विरोध में गोटेगांव तहसील स्थित पीड़िता के गांव का बाजार शुक्रवार को बंद रहा। ग्रामीणों ने कैंडल मार्च भी निकाला। अधिकारी ने बताया कि लोगों में भारी आक्रोश को देखते हुए गांव में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
इस बीच, मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने पीड़िता के गांव पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की और उन्हें एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। सिंघार ने एक बयान में कहा कि यह अमानवीय और हृदयविदारक घटना पूरे मध्यप्रदेश को झकझोर देने वाली है। उन्होंने कहा कि वह इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं।
कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से मामले की सुनवाई त्वरित अदालत में कराने और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसे जघन्य अपराधों में त्वरित और कठोर कार्रवाई से ही समाज का कानून पर विश्वास मजबूत होगा तथा न्याय की लड़ाई जारी रहेगी।
Iran ने Saudi Arabia, पाकिस्तान और Turkey के रक्षा समझौते को बताया बेअसर
दुबई, सात अगस्त (एपी) ईरान के एक प्रमुख सांसद ने शुक्रवार को सऊदी अरब, तुर्किये और पाकिस्तान के बीच हुए संयुक्त रक्षा समझौते की आलोचना करते हुए कहा कि यह रियाद को सुरक्षा प्रदान नहीं कर पाएगा। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच, पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्किये ने एक संयुक्त रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए, जिसके तहत इनमें से किसी एक भी देश पर किए गए हमले को तीनों देशों पर हमला माना जाएगा। ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति आयोग के सदस्य इब्राहिम रेजाई ने ‘एक्स’ पर इस समझौते की आलोचना की।
उन्होंने पोस्ट में कहा, ‘‘सऊदी अरब को यह समझना चाहिए कि तुर्किये और पाकिस्तान के साथ कागजी समझौता उसे सुरक्षा नहीं दिला सकता, ठीक उसी तरह जैसे अमेरिका द्वारा वर्षों तक किए गए एकतरफा दोहन से भी उसे सुरक्षा नहीं मिली। अपनी नीतियों में बदलाव करें, ताकि आपको दूसरों से सुरक्षा की गुहार न लगानी पड़े।’’ पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, सऊदी युवराज (क्राउन प्रिंस) मोहम्मद बिन सलमान और तुर्किये के राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोआन ने मक्का के अल-सफा पैलेस में हुई एक बैठक के दौरान संयुक्त रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए। तुर्किये सरकार के एक अधिकारी ने इस समझौते को ‘‘पूरी तरह रक्षात्मक प्रकृति’’ का बताया।
उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों ने केवल रक्षा के क्षेत्र में एक-दूसरे को समर्थन देने का वादा किया है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi









