भारत ने मालदीव के लिए 2026-27 में आवश्यक वस्तुओं के निर्यात को मंजूरी दी, बुर्किना फासो भेजा 1000 मीट्रिक टन चावल
नई दिल्ली, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। मालदीव के अनुरोध पर भारत ने एक अहम कदम उठाते हुए वर्ष 2026-27 के लिए आवश्यक वस्तुओं के निर्यात को मंजूरी दे दी है। भारतीय उच्चायोग के अनुसार, विशेष द्विपक्षीय तंत्र के तहत कई जरूरी खाद्य और निर्माण सामग्रियों की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी, जिससे मालदीव की जरूरतों और विकास परियोजनाओं को मजबूती मिलेगी।
भारतीय उच्चायोग ने बताया कि मालदीव सरकार के अनुरोध पर भारत सरकार ने एक विशेष द्विपक्षीय तंत्र के तहत वर्ष 2026-27 के लिए कुछ निश्चित मात्रा में आवश्यक वस्तुओं जिनमें अंडे, आलू, प्याज, चावल, गेहूं का आटा, चीनी, दालें, पत्थर की गिट्टी और नदी की रेत शामिल हैं के निर्यात की अनुमति दे दी है।
इस तंत्र के अंतर्गत इनमें से प्रत्येक वस्तु का कोटा मालदीव सरकार की ओर से साझा की गई आवश्यकताओं के अनुरूप निर्धारित किया गया है।
मालदीव के निर्माण उद्योग के लिए नदी की रेत और पत्थर की गिट्टी की आपूर्ति अत्यंत महत्वपूर्ण वस्तुएं हैं। इसके अतिरिक्त, चालू वर्ष के लिए चावल के कोटे में भी 77 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि की गई है।
पिछले वर्षों की ही भांति, वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान इन वस्तुओं का निर्यात, किसी भी मौजूदा अथवा भविष्य में लागू होने वाले प्रतिबंधों/निषेधों से मुक्त रहेगा। भारत अपनी पड़ोसी पहल नीति के एक अंग के रूप में मालदीव में मानव-केंद्रित विकास को समर्थन देने के प्रति दृढ़तापूर्वक प्रतिबद्ध है।
इसके अलावा, भारत ने मानवीय सहायता के तहत बुर्किना फासो को 1000 मीट्रिक टन चावल की खेप भेजी है। यह पहल ग्लोबल साउथ के देशों के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।
विदेश मंत्रालय (एमईए) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पोस्ट में कहा, भारत ने मानवीय सहायता के तौर पर बुर्किना फासो को 1000 मीट्रिक टन चावल की एक खेप भेजी है। इसका उद्देश्य कमजोर समुदायों और आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों की खाद्य सुरक्षा में सहायता करना है। यह कदम ग्लोबल साउथ के देशों के लिए एक भरोसेमंद विकास और मानवीय सहायता और आपदा राहत साझेदार के रूप में भारत की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता।
--आईएएनएस
एवाई/डीएससी
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
नासा का आर्टेमिस-2 गुरुवार सुबह होगा लॉन्च, 10 दिन चंद्रमा का चक्कर लगाएंगे अंतरिक्ष यात्री
नई दिल्ली, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। नासा के चार अंतरिक्ष यात्री एक ऐसे मिशन पर रवाना होने वाले हैं, जिसमें वे चांद के चारों ओर चक्कर लगाएंगे। इस मिशन का लाइव प्रसारण शुरू हो चुका है। आर्टेमिस 2 रॉकेट गुरुवार सुबह करीब चार बजे लॉन्च होगा।
यह नासा के आर्टेमिस कार्यक्रम का पहला मानव-सहित अभियान है। इसका प्रक्षेपण अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य के प्रक्षेपण केंद्र से किया जाएगा।
आर्टेमिस 2 का प्रक्षेपण 1 अप्रैल को कैनेडी स्पेस सेंटर से किया जाएगा। प्रक्षेपण अमेरिकी समय के अनुसार, शाम 6 बजकर 24 मिनट (भारतीय समयानुसार गुरुवार सुबह 3:54 बजे) से शुरू होगा। इस अभियान में चार अंतरिक्ष यात्री शामिल हैं, जिनमें नासा से रीड वाइजमैन (अभियान प्रमुख), विक्टर ग्लोवर (अभियान चालक), क्रिस्टीना कोच (अभियान विशेषज्ञ) और कनाडा की अंतरिक्ष संस्था से जेरेमी हैंसन (अभियान विशेषज्ञ) हैं।
प्रक्षेपण के बाद ये सभी रॉकेट के माध्यम से अंतरिक्ष में जाएंगे और ‘इंटीग्रिटी’ नामक ओरियन अंतरिक्ष यान में सवार होकर चंद्रमा के चारों ओर घूमकर लगभग 10 दिनों की यात्रा के बाद वापस लौटेंगे। यह अभियान प्रक्षेपण यान और ओरियन अंतरिक्ष यान का पहला मानव-सहित परीक्षण है, जिसमें उन तकनीकों की जांच की जाएगी जो लंबे समय तक चंद्र अन्वेषण और मानव को मंगल ग्रह तक भेजने के लिए आवश्यक हैं।
नासा के एसोसिएट एडमिनिस्ट्रेटर अमित क्षत्रिय ने बताया कि 53 साल पहले इंसान चांद से लौट आया था और फिर वापस नहीं गया। अब हम फिर से वहां जा रहे हैं।”
आर्टेमिस 2 रॉकेट कैनेडी स्पेस सेंटर, फ्लोरिडा से लॉन्च होगा। यह मिशन 10 दिनों का होगा, जिसमें अंतरिक्ष यात्री चांद के बहुत करीब जाएंगे, लेकिन वहां उतरेंगे नहीं। पिछले महीने तकनीकी कारणों से मिशन में देरी हुई थी, लेकिन अब सब कुछ तैयार है।
इस मिशन पर जा रहीं क्रिस्टीना कोच का कहना है कि, हम चाहते हैं कि यह मिशन एक नए युग की शुरुआत बने, जहां हर इंसान चांद को एक मंजिल के रूप में देख सके।
--आईएएनएस
एएमटी/डीएससी
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation


















