आरबीआई ने एयरटेल पेमेंट्स बैंक पर लगाया 31.80 लाख रुपए का जुर्माना
मुंबई, 30 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने सोमवार को एयरटेल पेमेंट्स बैंक लिमिटेड (बैंक) पर वित्तीय विवरणों में प्रकटीकरण संबंधी निर्देशों के कुछ प्रावधानों का अनुपालन न करने के लिए 31.80 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है।
यह जुर्माना बैंकिंग विनियमन अधिनियम, 1949 की धारा 47ए(1)(सी) और धारा 46(4)(आई) के प्रावधानों के तहत आरबीआई को प्राप्त शक्तियों के तहत लगाया गया है।
बैंक की वित्तीय स्थिति का 31 मार्च, 2025 तक का आकलन करते हुए आरबीआई द्वारा वैधानिक निरीक्षण और पर्यवेक्षी मूल्यांकन (आईएसई 2025) किया गया।
केंद्रीय बैंक ने कहा,“आरबीआई ने एयरटेल पेमेंट्स बैंक लिमिटेड (बैंक) पर वित्तीय विवरणों में प्रकटीकरण संबंधी निर्देशों के कुछ प्रावधानों का पालन न करने के लिए 31.80 लाख रुपओ का जुर्माना लगाया है।”
आरबीआई के निर्देशों का पालन न करने संबंधी पर्यवेक्षी निष्कर्षों और इस संबंध में संबंधित पत्राचार के आधार पर, बैंक को नोटिस जारी कर यह बताने को कहा गया है कि उक्त आरबीआई निर्देशों का पालन न करने के लिए उस पर जुर्माना क्यों नहीं लगाया जाना चाहिए।
आरबीआई ने कहा, “बैंक द्वारा नोटिस के जवाब, अतिरिक्त प्रस्तुतियां और व्यक्तिगत सुनवाई के दौरान मौखिक रूप से दी गई दलीलों पर विचार करने के बाद, आरबीआई ने पाया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 के वार्षिक वित्तीय विवरणों में कुछ शिकायतों का खुलासा न करने के संबंध में बैंक के खिलाफ लगाया गया आरोप सही पाया गया, जिसके चलते मौद्रिक दंड लगाना उचित है।”
यह कार्रवाई नियामक अनुपालन में कमियों पर आधारित है और इसका उद्देश्य बैंक द्वारा अपने ग्राहकों के साथ किए गए किसी भी लेनदेन या समझौते की वैधता पर कोई निर्णय देना नहीं है।
केंद्रीय बैंक ने आगे कहा, “इसके अलावा, मौद्रिक दंड लगाना आरबीआई द्वारा बैंक के खिलाफ शुरू की जाने वाली किसी भी अन्य कार्रवाई पर प्रतिकूल प्रभाव नहीं डालेगा।”
--आईएएनएस
एबीएस/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
PM Modi Gujarat Tour: 31 मार्च को गुजरात दौरे पर रहेंगे पीएम मोदी, 19800 करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास
PM Modi Gujarat Tour: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 मार्च को गुजरात के दौरे पर रहेंगे, जहां वे राज्य को बड़ी विकासात्मक सौगात देने वाले हैं. वाव-थराद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री केंद्र और राज्य सरकार की कुल 19,806.9 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. इस मौके पर सीएम भूपेंद्र पटेल और हर्ष संघवी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे.
केंद्र और राज्य की संयुक्त विकास पहल
इस बड़े आयोजन में केंद्र सरकार के ऊर्जा, सड़क परिवहन और रेलवे मंत्रालयों की लगभग 10,921 करोड़ रुपये की परियोजनाएं शामिल हैं. वहीं, गुजरात सरकार के विभिन्न विभागों जैसे शहरी विकास, जल संसाधन, स्वास्थ्य, पर्यटन और आदिजाति विकास के तहत करीब 8,886 करोड़ रुपये के कार्यों को भी गति मिलेगी. यह समन्वय राज्य के समग्र विकास को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है.
कच्छ में ग्रीन एनर्जी का वैश्विक केंद्र
गुजरात के कच्छ जिले के खावड़ा में विकसित हो रहा विश्व का सबसे बड़ा हाइब्रिड रिन्यूएबल एनर्जी पार्क इस दौरे का प्रमुख आकर्षण रहेगा. करीब 3,645 करोड़ रुपये की लागत वाले तीन प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण किया जाएगा. इन परियोजनाओं के जरिए हजारों मेगावाट हरित ऊर्जा राष्ट्रीय ग्रिड से जोड़ी जाएगी, जिससे भारत की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा.
सड़क और हाईवे नेटवर्क को मिलेगी रफ्तार
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के तहत कई अहम परियोजनाओं की शुरुआत भी होगी. इडर-बारडोली फोर लेन बाईपास और धोळावीरा-मौवाणा-वोवा-सांतलपुर रोड जैसे प्रोजेक्ट्स क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करेंगे. इसके अलावा अहमदाबाद-धोलेरा कॉरिडोर के चार पैकेजों का लोकार्पण किया जाएगा, जिससे औद्योगिक और लॉजिस्टिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है.
रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर में विस्तार
रेल मंत्रालय के तहत लगभग 891 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन होगा. इनमें हिंमतनगर-खेडब्रह्मा ब्रॉडगेज लाइन, गांधीधाम-आदिपुर रेल लाइन का विस्तार और कालानुस-जामनगर डबलिंग जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं. साथ ही खेडब्रह्मा से नई ट्रेन सेवा की शुरुआत भी की जाएगी, जिससे स्थानीय यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी.
शहरों में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार
अहमदाबाद और गांधीनगर में शहरी विकास को भी नई दिशा दी जा रही है. करीब 5,295.5 करोड़ रुपये की परियोजनाओं में खारीकट कैनाल का विकास, बीआरटीएस और एएमटीएस बस सेवाओं का आधुनिकीकरण, नया सुभाष ब्रिज, ईडब्ल्यूएस आवास, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और ऑडिटोरियम शामिल हैं. गांधीनगर में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और स्टॉर्म वॉटर सिस्टम जैसे प्रोजेक्ट्स शहर की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करेंगे.
ग्रामीण क्षेत्रों में आवास का सपना पूरा
प्रधानमंत्री प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत गुजरात के 34 जिलों में 38,949 परिवारों को नए घरों में गृह प्रवेश भी कराएंगे. यह पहल ग्रामीण विकास और लोगों के जीवन स्तर को सुधारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.
समग्र विकास की ओर मजबूत कदम
कुल मिलाकर, यह दौरा गुजरात के बुनियादी ढांचे, ऊर्जा, परिवहन और आवास क्षेत्र में व्यापक बदलाव लाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा. इन परियोजनाओं से न केवल राज्य की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे.
यह भी पढ़ें - ब्रुनेई में भारत के उच्चायुक्त ने मंत्री से मुलाकात कर द्विपक्षीय सहयोग मजबूत करने पर की चर्चा
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation


















