यूपी सरकार ने पंच एआई के साथ एमओयू किया रद्द, जांच में खामियां मिलने पर लिया फैसला
लखनऊ, 26 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार ने पारदर्शिता और सुशासन को ध्यान में रखते हुए पंच एआई के साथ किया गया समझौता रद्द कर दिया है।
निवेश प्रोत्साहन एजेंसी इन्वेस्ट यूपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि 23 मार्च को साइन किए गए इस एमओयू की मानक प्रक्रिया के तहत समीक्षा की गई थी।
एजेंसी के मुताबिक, निवेशक से आवश्यक दस्तावेज और जानकारी मांगी गई थी, लेकिन कंपनी समय पर जरूरी विवरण उपलब्ध नहीं करा सकी। ड्यू डिलिजेंस (जांच) के दौरान कंपनी की नेटवर्थ और इतने बड़े प्रोजेक्ट के अनुरूप विश्वसनीय वित्तीय आधार की कमी सामने आई।
इसके बाद राज्य सरकार के निर्देश पर एमओयू को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया। एजेंसी ने स्पष्ट किया कि अब इस समझौते से जुड़े कोई अधिकार या दायित्व शेष नहीं हैं।
गौरतलब है कि इंवेस्ट यूपी ने पंच एआई के साथ राज्य में करीब 25,000 करोड़ रुपये के निवेश से एआई पार्क स्थापित करने के लिए यह एमओयू किया था।
इससे पहले, इस स्टार्टअप की वित्तीय और संचालन क्षमता को लेकर सवाल उठ रहे थे। बताया जा रहा है कि पंच एआई एक अपेक्षाकृत नई कंपनी है, जिसकी सालाना आय 50 लाख रुपये से भी कम है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस मुद्दे पर स्पष्ट किया था कि इन्वेस्ट यूपी के जरिए साइन किया गया एमओयू केवल प्रारंभिक चरण होता है और इससे किसी परियोजना की अंतिम मंजूरी या क्रियान्वयन की गारंटी नहीं होती।
उन्होंने कहा था कि एमओयू महज संभावनाओं की तलाश और आगे की प्रक्रिया के लिए एक शुरुआती कदम होता है, जिसके बाद विस्तृत जांच और मूल्यांकन किया जाता है।
--आईएएनएस
डीएससी
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
एप्पल ने अमेरिका में मैन्युफैक्चरिंग में निवेश बढ़ाया, नए सदस्यों की घोषणा की
नई दिल्ली, 26 मार्च (आईएएनएस)। एप्पल ने अपने अमेरिकन मैन्युफैक्चरिंग प्रोग्राम (एएमपी) के नए सदस्यों की घोषणा करते हुए अमेरिका में अत्याधुनिक मैन्युफैक्चरिंग और महत्वपूर्ण कंपोनेंट उत्पादन को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को और मजबूत किया है। 2030 तक एप्पल इन कार्यक्रमों पर 400 मिलियन डॉलर का निवेश करने की योजना बना रहा है।
एप्पल ने गुरुवार अपने अमेरिकन मैन्युफैक्चरिंग प्रोग्राम (एएमपी) के नए सदस्यों की घोषणा की। इसके साथ ही कंपनी ने अमेरिका में और भी ज़्यादा एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग और ज़रूरी कंपोनेंट का प्रोडक्शन लाने की अपनी पुरानी प्रतिबद्धता को और आगे बढ़ाया है।
एप्पल के सीईओ टिम कुक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, एप्पल, बॉश, सिरस लॉजिक, टीडीके और क्यूनिटी इलेक्ट्रॉनिक्स के साथ मिलकर अमेरिका में ज़रूरी मटीरियल और कंपोनेंट बना रहा है। ये कंपोनेंट दुनिया भर में बिकने वाले एप्पल प्रोडक्ट्स के लिए इस्तेमाल होंगे। इससे रोज़गार के नए मौके पैदा होंगे और अमेरिका की मैन्युफैक्चरिंग क्षमता मज़बूत होगी। एप्पल इन नए कार्यक्रमों पर 2030 तक 400 मिलियन डॉलर खर्च करने की योजना बना रहा है।
एप्पल के सीईओ टिम कुक ने कहा, “एप्पल में हम अमेरिकी नवाचार और विनिर्माण की शक्ति में विश्वास करते हैं। हमें इस बात पर गर्व है कि हम और भी ज़्यादा कंपनियों के साथ मिलकर अपने प्रोडक्ट्स के लिए ज़रूरी कंपोनेंट और अत्याधुनिक मटीरियल यहीं अमेरिका में बना रहे हैं। आज हम बॉश, सिरस लॉजिक, टीडीके और क्यूनिटी इलेक्ट्रॉनिक्स जैसी विश्व-स्तरीय साझेदारों के साथ जुड़कर अपने अमेरिकन मैन्युफैक्चरिंग प्रोग्राम के माध्यम से एप्पल की अमेरिकी आपूर्ति श्रृंखला का और विस्तार कर रहे हैं। यह दिखाता है कि जब हम अमेरिकी प्रतिभा में निवेश करते हैं, तो क्या संभव है, और हम भविष्य को साथ में बनाने के लिए उत्साहित हैं।
आज का यह विस्तार अमेरिकन मैन्युफैक्चरिंग प्रोग्राम (एएमपी) की गति को और तेज करता है, जो कि एप्पल की 600 बिलियन डॉलर की, चार साल की अमेरिकी विनिर्माण और नवाचार की प्रतिबद्धता का एक प्रमुख हिस्सा है।
कार्यक्रम के प्रारंभिक साझेदार, जिनमें एमकोर, एप्लाइड मैटेरियल्स, ब्रॉडकॉम, कोहेरेंट, कॉर्निंग, ग्लोबलफाउंड्रीज, ग्लोबलवेफर्स अमेरिका, एमपी मैटेरियल्स, सैमसंग और टेक्सास इंस्ट्रूमेंट्स शामिल हैं, जो पहले ही अमेरिका में उन्नत विनिर्माण का विस्तार करने और एप्पल की घरेलू आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने में महत्वपूर्ण मील के पत्थर हासिल कर चुके हैं।
अमेरिकन मैन्युफैक्चरिंग प्रोग्राम के तहत अमेरिकी रोजगार और विनिर्माण का समर्थन करने के एप्पल के प्रयास में एप्पल मैन्युफैक्चरिंग अकेडमी भी शामिल है, जिसे पिछले साल डेट्रायटमें लॉन्च किया गया था। यह अकादमी छोटे और मध्यम आकार के निर्माताओं को एआई, ऑटोमेशन और स्मार्ट विनिर्माण में व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करती है। अब तक अकादमी ने लगभग 150 व्यवसायों का समर्थन किया है, जिसमें कई मुफ्त इन-पर्सन ट्रेनिंग सेशंस और वर्चुअल प्रोग्रामिंग शामिल हैं।
--आईएएनएस
एवाई/एबीएम
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation




















