डीएमआरसी ने सिंगापुर के विश्व प्रसिद्ध बिजनेस स्कूल आईएनएसईएडी के साथ महत्वपूर्ण एमओयू साइन किया
नई दिल्ली, 24 मार्च (आईएएनएस)। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने विश्व प्रसिद्ध बिजनेस स्कूल आईएनएसईएडी– द बिजनेस स्कूल फॉर द वर्ल्ड, सिंगापुर के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।
यह सहयोग मेट्रो रेल प्रबंधन में क्षमता निर्माण को मजबूत करने और पेशेवर उत्कृष्टता को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। डीएमआरसी ने 23 मार्च 2026 को इस एमओयू पर हस्ताक्षर किए। एमओयू का मुख्य उद्देश्य सहभागी और गहन शिक्षण के माध्यम से मेट्रो क्षेत्र में रणनीतिक, व्यावसायिक और ग्राहक संतुष्टि संबंधी समझ को गहरा करना है। यह डीएमआरसी अकादमी और आईएनएसईएडी सिंगापुर के बीच ज्ञान, विचारों और विशेषज्ञता के निर्बाध आदान-प्रदान के लिए एक मजबूत मंच प्रदान करेगा।
इस समझौते के तहत डीएमआरसी की शहरी परिवहन और मेट्रो रेल प्रणालियों में अपनी समृद्ध विशेषज्ञता को आईएनएसईएडी की नेतृत्व, रणनीति और प्रबंधन शिक्षा की वैश्विक शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ जोड़ा जाएगा। दोनों संस्थानों की साझा प्रतिबद्धता कौशल विकास, नवाचार को बढ़ावा देने और वैश्विक सर्वोत्तम प्रथाओं को अपनाने पर केंद्रित है। इससे शहरी परिवहन प्रणालियों के निरंतर विकास और आधुनिकीकरण में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।
एमओयू पर डीएमआरसी अकादमी के महानिदेशक घनश्याम बंसल और आईएनएसईएडी सिंगापुर के डीन एग्जीक्यूटिव एजुकेशन एवं एशिया कैंपस प्रोफेसर समीर हसीजा ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक डॉ. विकास कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
डीएमआरसी के अधिकारियों ने बताया कि यह सहयोग केवल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि मेट्रो प्रबंधन के विभिन्न आयामों जैसे रणनीतिक योजना, संचालन दक्षता, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और सस्टेनेबल शहरी मोबिलिटी पर संयुक्त रिसर्च और प्रोग्राम विकसित करने का भी अवसर प्रदान करेगा। आईएनएसईएडी की विश्व स्तरीय फैकल्टी डीएमआरसी अधिकारियों के लिए विशेष कोर्स और वर्कशॉप आयोजित करेगी।
दिल्ली मेट्रो वर्तमान में देश की सबसे बड़ी और सबसे आधुनिक मेट्रो प्रणालियों में से एक है। यह एमओयू डीएमआरसी को वैश्विक स्तर पर और मजबूत बनाने में मदद करेगा। इससे आईएनएसईएडी जैसे प्रतिष्ठित संस्थान के साथ यह साझेदारी भारतीय मेट्रो प्रणालियों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के करीब लाएगी और भविष्य में विदेशी मेट्रो परियोजनाओं में डीएमआरसी की भागीदारी बढ़ाने में भी सहायक सिद्ध होगी।
--आईएएनएस
एससीएच
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
ईरान के नए सुरक्षा प्रमुख होंगे मोहम्मद बाघेर जोलघदर, लारीजानी की मौत के बाद खाली था पद
तेहरान, 24 मार्च (आईएएनएस)। ईरान ने राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद का नया प्रमुख नियुक्त कर लिया है। नए सुरक्षा प्रमुख अली लारीजानी का स्थान लेंगे, जिनकी 17 मार्च को एयर स्ट्राइक में मौत हो गई थी।
ईरान की अर्ध-सरकारी न्यूज एजेंसी मेहर ने राष्ट्रपति कार्यालय के हवाले से बताया कि मोहम्मद बाघेर जोलघदर को सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल का नया सचिव नियुक्त किया गया है।
खबर के मुताबिक, ईरानी राष्ट्रपति कार्यालय के संचार और सूचना के डिप्टी मोहम्मद महदी तबातबाई ने मंगलवार को इसकी घोषणा की। बताया कि इस्लामिक क्रांति के नेता अयातुल्ला सैयद मोजतबा खामेनेई की मंजूरी और सहमति और राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के आदेश से मोहम्मद बाघेर जोलघदर को ईरान के सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद का सचिव नियुक्त किया गया है।
जोलघदर लारीजानी की जगह लेंगे। 17 मार्च को ईरान के सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिव अली लारीजानी, उनके बेटे मोर्तेजा लारीजानी, सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में आंतरिक सुरक्षा के उप-प्रमुख अलीरेजा बायात, और कई अंगरक्षकों की मौत हो गई थी।
लारीजानी ईरान के सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद (एसएनएससी) के सचिव थे और देश की रक्षा, परमाणु व विदेश नीति के प्रमुख वास्तुकार माने जाते थे।
इजरायली दावे के कुछ घंटों बाद ईरानी विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर लारीजानी के मारे जाने की पुष्टि की थी। इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ने लारीजानी की हत्या को कायरतापूर्ण कार्रवाई करार दिया था।
इसमें लिखा गया कि लारीजानी की मौत हत्या नहीं शहादत है जो उन्होंने ईरान के लिए दी। वे तेहरान के एक रिहायशी इलाके में संयुक्त राज्य अमेरिका और इजरायली शासन द्वारा किए गए एक हमले के दौरान शहीद हुए।
मंत्रालय ने लारीजानी को एक समर्पित दार्शनिक, गहन विचारक, देशभक्त राजनेता, और इस्लामी क्रांति के शहीद नेता (खामेनेई) के एक विश्वसनीय और वफादार साथी के साथ ही राष्ट्र का एक सच्चा सेवक करार दिया।
--आईएएनएस
केआर/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation


















