बीएचईएल का बड़ा निवेश, कोल इंडिया के संयुक्त उद्यम में लगाएगी 3,064 करोड़ रुपए
नई दिल्ली, 19 मार्च (आईएएनएस)। इंजीनियरिंग क्षेत्र की दिग्गज कंपनी भेल यानी भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) ने गुरुवार को कहा कि वह कोल इंडिया के संयुक्त उद्यम (जॉइंट वेंचर) में करीब 3,064.46 करोड़ रुपए तक का निवेश करेगी।
कंपनी ने एक एक्सचेंज फाइलिंग में कहा कि यह निवेश चार साल में किया जाएगा, जिसमें कोल इंडिया की जॉइंट वेंचर कंपनी भारत कोल गैसीफिकेशन एंड केमिकल्स लिमिटेड (बीसीजीसीएल) में इक्विटी के रूप में बीएचईएल की हिस्सेदारी 49 प्रतिशत होगी, तो वहीं कोल इंडिया की हिस्सेदारी 51 प्रतिशत होगी।
इस संयुक्त उद्यम का मुख्य उद्देश्य कोयले से अमोनियम नाइट्रेट बनाने वाला प्लांट लगाकर केमिकल कारोबार शुरू करना है, जिसकी क्षमता 2,000 टन प्रति दिन होगी।
फाइलिंग में यह भी बताया गया कि बीएचईएल के बोर्ड ने टीटागढ़ रेल सिस्टम्स लिमिटेड के साथ एक अलग जॉइंट वेंचर बनाने को मंजूरी दी है। यह संयुक्त उद्यम वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों के मेंटेनेंस के लिए बनाया जाएगा।
कंपनी ने कहा कि डीआईपीएएम की मंजूरी के बाद जॉइंट वेंचर एग्रीमेंट को अंतिम रूप दिया जाएगा और जरूरत के अनुसार उसमें बदलाव भी किए जा सकते हैं।
इन घोषणाओं के बाद गुरुवार के सत्र में बीएचईएल के शेयरों में गिरावट देखी गई। एनएसई पर कंपनी के शेयर 2.75 प्रतिशत गिरकर 253 रुपए पर पहुंच गए। इस पूरे हफ्ते में स्टॉक 4.60 प्रतिशत गिरा है। वहीं इस साल अब तक कंपनी के शेयर में करीब 13.19 प्रतिशत की गिरावट आई है, हालांकि पिछले छह महीने में स्टॉक 6.67 प्रतिशत तो पिछले एक साल में 23 प्रतिशत चढ़ा है।
सरकार ने फरवरी में बीएचईएल में 5 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने के लिए ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) लॉन्च किया था, जिसमें पहले 3 प्रतिशत हिस्सेदारी बेची जाएगी और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त 2 प्रतिशत हिस्सेदारी भी बेची जा सकती है। ओएफएस के लिए न्यूनतम कीमत 254 रुपए प्रति शेयर तय की गई है।
वित्तीय प्रदर्शन की बात करें तो बीएचईएल का शुद्ध मुनाफा (नेट प्रॉफिट) 2025-26 की तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर) में करीब तीन गुना बढ़कर 382.49 करोड़ रुपए हो गया, जो पिछले साल इसी अवधि में 124.77 करोड़ रुपए था।
कंपनी की ऑपरेशन्स से आय यानी रेवेन्यू 16.4 प्रतिशत बढ़कर 8,473.10 करोड़ रुपए हो गई, जिसे पावर और इंडस्ट्रियल सेक्टर में अच्छे प्रदर्शन का समर्थन मिला। कंपनी ने दूसरी तिमाही के मुकाबले भी बेहतर प्रदर्शन जारी रखा है, जो ऑपरेटिंग क्षमता में सुधार को दिखाता है।
--आईएएनएस
डीबीपी
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
चीन-यूरोप रेलवे एक्सप्रेस खुली विश्व अर्थव्यवस्था को गति दे रही है : सीजीटीएन सर्वे
बीजिंग, 19 मार्च (आईएएनएस)। इस वर्ष के पहले दो महीनों में चीन-यूरोप रेलवे एक्सप्रेस ने कुल 3,501 रेलगाड़ियों का संचालन किया और 3 लाख 52 हजार टीईयू (टीईयू) माल का परिवहन किया, जो क्रमशः वर्ष-दर-वर्ष 32 प्रतिशत और 25 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।
डांवांडोल अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और वैश्विक अर्थव्यवस्था की धीमी बहाली के बीच ये आंकड़े विशेष रूप से उल्लेखनीय माने जा रहे हैं।
चाइना मीडिया ग्रुप के अधीनस्थ सीजीटीएन द्वारा वैश्विक नेटिजन्स के बीच कराए गए एक सर्वेक्षण के अनुसार, 88.8 प्रतिशत उत्तरदाताओं का मानना है कि चीन-यूरोप रेलवे एक्सप्रेस चीन के उच्च स्तरीय खुलेपन और वैश्विक अर्थव्यवस्था को और अधिक खुला बनाने के उसके संकल्प को दर्शाता है।
सर्वेक्षण में यह भी सामने आया कि 91.2 प्रतिशत उत्तरदाताओं के अनुसार चीन-यूरोप एक्सप्रेस ने अंतरराष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स की दक्षता में सुधार किया है और अंतरराष्ट्रीय व्यापार की लागत को कम किया है। वहीं, 91.8 प्रतिशत प्रतिभागियों का मानना है कि इस पहल ने चीन और यूरोप के बीच आर्थिक एवं व्यापारिक सहयोग के लिए एक नया मंच तैयार किया है।
इसके अलावा, 82.7 प्रतिशत उत्तरदाताओं का विचार है कि इस कार्गो एक्सप्रेस ने वैश्विक आर्थिक बहाली में एक स्थिर और प्रेरक भूमिका निभाई है, जबकि 93.7 प्रतिशत लोगों का मानना है कि यह एक्सप्रेस चीन के विशाल बाजार की संभावनाओं और विश्व की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था की अंतर्निहित शक्ति को और अधिक उजागर करेगा।
इसके अतिरिक्त, सर्वेक्षण में 85.5 प्रतिशत प्रतिभागियों ने माना कि चीन-यूरोप एक्सप्रेस का स्थिर संचालन मौजूदा अंतरराष्ट्रीय व्यापार नियमों और व्यवस्थाओं की सुरक्षा में सहायक है। साथ ही, 89.5 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने इस रेलवे मार्ग से जुड़े देशों से इसकी सुगमता और सुरक्षा को संयुक्त रूप से सुनिश्चित करने की अपील की।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation
















.jpg)



