हीटवेव से अपच तक को दूर करने में कारगर, गर्मी में सेहत के लिए वरदान से कम नहीं 'नीम का फूल'
नई दिल्ली, 19 मार्च (आईएएनएस)। गर्मी के मौसम ने दस्तक दे दी है। तपती धूप, लू और आसमान से बरसती आग, इन सबके बीच सेहतमंद बने रहना भी किसी चुनौती से कम नहीं होता। इस मौसम में रोजमर्रा की जिंदगी में स्वस्थ रहना मुश्किल हो जाता है। आयुर्वेद इस मौसम की परेशानियों से बचने के लिए नीम के फूलों का सेवन करने की सलाह देता है। ये छोटे, सुगंधित फूल शरीर को ठंडक पहुंचाते हैं, खून साफ करते हैं, अपच-कब्ज जैसी पेट की समस्याओं को दूर करते हैं और त्वचा को चमकदार बनाते हैं।
नीम की पत्तियां कड़वी होने के कारण सब जानते हैं, लेकिन इसके छोटे-छोटे फूल भी कम फायदेमंद नहीं हैं। गर्मी के दिनों में दादी-नानी अक्सर नीम के फूलों से बनी शरबत या भुजिया खिलाती थीं। ये फूल न सिर्फ सौंधी खुशबू वाले और सुंदर होते हैं, बल्कि इनमें ढेर सारे औषधीय गुण छिपे हैं जो गर्मी की मार से बचाते हैं।
एक शोध टेलर एंड फ्रांसिस जर्नल में नीम के फूलों के फाइटोकेमिकल्स का अध्ययन किया गया। क्लोरोफॉर्म, एथिल एसीटेट, इथेनॉल और मेथनॉल जैसे सॉल्वैंट्स से निकाले गए अर्कों की जांच में पाया गया कि इथेनॉलिक अर्क डायबिटीज और कैंसर कोशिकाओं के खिलाफ सबसे ज्यादा प्रभावी है। यह अन्य पौधों के भागों की तुलना में कम हानिकारक और ज्यादा लाभकारी साबित हुआ।
आयुर्वेद में नीम के फूलों को बहुत कारगर माना जाता है। इनमें एंटी-फंगल, एंटी-बैक्टीरियल, एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटी-सेप्टिक गुण होते हैं। गर्मियों में रोजाना इनका सेवन करने से खून साफ होता है, चेहरे पर निखार आता है, मुंहासे, दाग-धब्बे और त्वचा के इंफेक्शन दूर होते हैं। ये शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाते हैं और भूख भी अच्छी करते हैं।
पेट की समस्याओं में नीम के फूल बहुत उपयोगी हैं। अपच, कब्ज, वात और पेट में कीड़े जैसे रोगों से राहत मिलती है। पाचन तंत्र को मजबूत बनाते हैं और पेट को साफ रखते हैं। उत्तर भारत में इन्हें सरसों के तेल और जीरे की छौंक के साथ भुजिया बनाकर खाया जाता है, जबकि दक्षिण भारत में कई व्यंजनों में इस्तेमाल होता है।
गर्मी के दिनों में नीम के फूलों का शरबत पीने से पेट ठंडा रहता है, पाचन बेहतर होता है, और ब्लड शुगर नियंत्रण में भी यह कारगर है। गर्मी में चिलचिलाती धूप, हीटवेव, और बढ़ते तापमान से कई बीमारियां हो जाती हैं। ऐसे में नीम के फूल प्रकृति का अनमोल तोहफा हैं। इनका नियमित सेवन शरीर को ठंडक देता है, पित्त दोष को संतुलित करता है, और स्वास्थ्य सुधारता है।
--आईएएनएस
एमटी/डीकेपी
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
2026 में अधिक सक्रिय राजकोषीय नीति का कार्यान्वयन जारी रहेगा : चीनी वित्त मंत्रालय
बीजिंग, 19 मार्च (आईएएनएस)। चीनी वित्त मंत्रालय ने 2025 में चीन की राजकोषीय नीति के कार्यान्वयन पर रिपोर्ट जारी की है, जिसमें बताया गया है कि वर्ष 2025 में चीन की अर्थव्यवस्था ने समग्र रूप से स्थिर और सुचारू प्रगति बनाए रखी तथा राजकोषीय संचालन व्यवस्थित और संतुलित रहा।
विभिन्न स्तरों पर राजकोषीय विभागों ने संसाधनों के समन्वित और प्रभावी उपयोग को सुदृढ़ किया, व्यय के आवश्यक स्तर को बनाए रखा और प्रमुख क्षेत्रों के लिए पर्याप्त वित्तीय सहायता सुनिश्चित की।
रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2026 पंद्रहवीं पंचवर्षीय योजना का पहला वर्ष होगा, जिसे ध्यान में रखते हुए वित्त मंत्रालय अधिक सक्रिय राजकोषीय नीति को लागू करना जारी रखेगा। इस नीति के तहत उसकी सटीकता और प्रभावशीलता को बेहतर बनाने पर बल दिया जाएगा, ताकि आर्थिक संरचना को अनुकूलित किया जा सके, विकास की गति को तेज किया जा सके और आम जनता की आजीविका को ठोस लाभ मिल सके।
इसके साथ ही रोजगार, उद्यमों और बाजारों को स्थिर बनाए रखने, वित्तीय प्रबंधन को सुदृढ़ करने, संभावित जोखिमों की रोकथाम तथा कार्यकुशलता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
रिपोर्ट में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सरकार अर्थव्यवस्था में गुणात्मक सुधार के साथ-साथ उचित मात्रात्मक वृद्धि को प्रोत्साहित करेगी और सामाजिक सद्भाव तथा स्थिरता बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी। इन प्रयासों का उद्देश्य पंद्रहवीं पंचवर्षीय योजना की सशक्त और संतुलित शुरुआत सुनिश्चित करना है।
इसके अलावा, रिपोर्ट में पुनः दोहराया गया है कि वर्ष 2026 में भी अधिक सक्रिय राजकोषीय नीति को निरंतर जारी रखा जाएगा, जिससे आर्थिक स्थिरता और दीर्घकालिक विकास को मजबूती मिल सके।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation





















