चीन-अमेरिका व्यापार परामर्श तंत्र की भूमिका का लाभ उठाना जारी रखें : चीनी वाणिज्य मंत्रालय
बीजिंग, 19 मार्च (आईएएनएस)। चीनी वाणिज्य मंत्रालय ने गुरुवार को आयोजित नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पेरिस में हुई चीन-अमेरिका व्यापार वार्ता पर जानकारी दी।
इस दौरान मंत्रालय की प्रवक्ता हे योंगछ्येन ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों के बीच बनी महत्वपूर्ण सहमति के मार्गदर्शन में, दोनों पक्षों ने व्यापार और आर्थिक मुद्दों पर खुलकर, गहन और रचनात्मक विचार-विमर्श किया। इन चर्चाओं में शुल्क व्यवस्था, द्विपक्षीय व्यापार और निवेश को प्रोत्साहित करना तथा मौजूदा सहमतियों को बनाए रखना जैसे प्रमुख विषय शामिल रहे।
उन्होंने बताया कि वार्ता के दौरान कुछ नई सहमतियां भी बनी हैं और यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।
प्रवक्ता हे योंगछ्येन ने कहा कि दोनों पक्ष आर्थिक और व्यापारिक सहयोग को सुदृढ़ करने के लिए एक कार्य तंत्र स्थापित करने की संभावनाओं का अध्ययन करने पर सहमत हुए हैं। साथ ही, चीन-अमेरिका आर्थिक एवं व्यापारिक परामर्श तंत्र की भूमिका को प्रभावी ढंग से निभाने, संवाद और संचार को और मजबूत करने, मतभेदों का संतुलित प्रबंधन करने तथा व्यावहारिक सहयोग का दायरा बढ़ाने पर भी सहमति बनी है।
उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देश द्विपक्षीय आर्थिक और व्यापारिक संबंधों के सतत, स्थिर और सकारात्मक विकास को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर कार्य करने के इच्छुक हैं।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
चीन की खनिज अन्वेषण रणनीति को मिली नई सफलता
बीजिंग, 19 मार्च (आईएएनएस)। हाल ही में चीन के प्राकृतिक संसाधन मंत्रालय ने जानकारी दी है कि चीन की नई चरणबद्ध खनिज अन्वेषण रणनीतिक कार्रवाई से महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुई हैं।
इसके तहत सिछुआन प्रांत के मियाननिंग और कानसू प्रांत के डांगछांग क्षेत्रों में ठोस खनिजों के नए भंडार खोजे गए हैं, जिनमें क्रमशः दुर्लभ पृथ्वी तत्व, फ्लोराइट, बैराइट और सुरमा जैसे महत्वपूर्ण संसाधन शामिल हैं।
मंत्रालय के अनुसार, 14वीं पंचवर्षीय योजना के दौरान इस नई खनिज अन्वेषण रणनीति ने उल्लेखनीय परिणाम दिए हैं। इस अवधि में चीन में 10 करोड़ टन से अधिक भंडार वाले 10 तेल क्षेत्रों और 19 बड़े गैस क्षेत्रों की खोज की गई है। इसके साथ ही यूरेनियम, तांबा, सोना, लिथियम और पोटाश जैसे आवश्यक खनिज संसाधनों के भंडार में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
विशेष रूप से, शीत्सांग में 10 करोड़ टन से अधिक भंडार वाली तांबे की खान, शानडोंग प्रांत के लाइझोउ स्थित शिलिंग क्षेत्र में सुपर-बड़ी सोने की खान, तथा सिछुआन प्रांत के याच्यांग में एशिया की सबसे बड़ी एकल लिथियम खान जैसे विश्व-स्तरीय संसाधन आधारों की क्रमिक खोज ने चीन की खनिज क्षमता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation





















