बिहार में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त आपूर्ति, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
बिहार में ईंधन और गैस की उपलब्धता को लेकर सरकार ने स्पष्ट किया है कि राज्य में एलपीजी, पेट्रोल, डीजल और पीएनजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है. किसी भी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है और सप्लाई निर्बाध रूप से जारी है. यह जानकारी राज्य के मुख्य सचिव प्रत्याय अमृत की अध्यक्षता में हुई एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में दी गई.
इस बैठक में प्रमुख तेल और गैस कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए, जबकि राज्य के सभी जिलाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े. बैठक का मुख्य उद्देश्य ईंधन और गैस की उपलब्धता की समीक्षा करना और किसी भी संभावित संकट से निपटने की रणनीति तैयार करना था.
जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
बैठक के दौरान आम लोगों से अपील की गई कि वे किसी भी तरह की भ्रामक खबरों पर विश्वास न करें और घबराहट में आकर गैस या ईंधन का अनावश्यक भंडारण न करें. सरकार का कहना है कि राज्य में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और नियमित आपूर्ति जारी है, इसलिए घबराने की कोई जरूरत नहीं है.
कंपनियों ने दिया पर्याप्त भंडार का भरोसा
बैठक में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के कार्यकारी निदेशक (बिहार-झारखंड) अनुप कुमार सहित अन्य पेट्रोलियम कंपनियों के प्रतिनिधियों ने आश्वस्त किया कि राज्य में ईंधन और गैस का पर्याप्त भंडार मौजूद है. उन्होंने बताया कि राज्य की कुल गैस आपूर्ति का करीब 98.5 प्रतिशत हिस्सा घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का है और इनकी सप्लाई लगातार जारी है.
कमर्शियल गैस की आपूर्ति फिलहाल सीमित
बैठक में यह भी बताया गया कि एहतियात के तौर पर फिलहाल व्यावसायिक (कमर्शियल) गैस की आपूर्ति सीमित की गई है. हालांकि अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को इस प्रतिबंध से पूरी तरह मुक्त रखा गया है. सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जनसेवा से जुड़े संस्थानों में गैस की उपलब्धता पर कोई असर न पड़े.
कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्त निर्देश
मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और अनधिकृत व्यावसायिक उपयोग पर कड़ी कार्रवाई की जाए.
इसके तहत गैस एजेंसियों, गोदामों और वितरण प्रणाली की नियमित जांच की जाएगी। यदि कहीं भी अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित व्यक्ति या एजेंसी के खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम और नियमित प्रेस ब्रीफिंग
उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सभी जिलों में विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे. इसके अलावा अफवाहों पर रोक लगाने और सही जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए जिलों के आधिकारिक सोशल मीडिया पेजों पर नियमित अपडेट दिए जाएंगे. साथ ही प्रत्येक जिले में प्रतिदिन दोपहर 3 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी, जिसमें जिला जनसंपर्क पदाधिकारी (DPRO) और एडीएम (सप्लाई) राज्य में ईंधन और गैस की स्थिति से जुड़ी ताजा जानकारी साझा करेंगे.
इस महत्वपूर्ण बैठक में गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव, नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव और राज्य के डीजीपी भी मौजूद रहे.
मध्य-पूर्व स्थिति पर चीन के विशेष दूत ने कुवैत और कतर से बातचीत की
बीजिंग, 16 मार्च (आईएएनएस)। मध्य पूर्व मामलों के लिए चीन के विशेष दूत जाई जून ने कुवैत सिटी में कुवैती विदेश मंत्री खालिद अल-जर्राह से मुलाकात की।
खालिद अल-जर्राह ने कहा कि कुवैत युद्ध का पक्षकार नहीं है और हमेशा से ही विवादों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। कुवैत चीन के निष्पक्ष रुख और शांति को बढ़ावा देने के प्रयासों की अत्यधिक सराहना करता है, क्षेत्र में चीनी विशेष दूत की मध्यस्थता का स्वागत करता है, और क्षेत्र में शांति और स्थिरता की शीघ्र बहाली को संयुक्त रूप से बढ़ावा देने के लिए चीन के साथ संचार और समन्वय को मजबूत करने के लिए तैयार है।
जाई जून ने कहा कि क्षेत्र में मौजूदा स्थिति अशांत बनी हुई है, जिससे कुवैत जैसे खाड़ी देशों को भारी नुकसान हो रहा है, जो कि चीन नहीं देखना चाहता है। अमेरिका और इजरायल ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की अनुमति के बिना ईरान के खिलाफ सैन्य हमला किया, जो अंतरराष्ट्रीय कानून का स्पष्ट उल्लंघन है, और चीन इसका कड़ा विरोध करता है। युद्धविराम अत्यंत महत्वपूर्ण है, और अंतरराष्ट्रीय समुदाय को तनाव को बढ़ने से रोकने के लिए संबंधित पक्षों से तुरंत अपनी कार्रवाई रोकने का आग्रह करना चाहिए।
जाई जून ने कतर के विदेश मंत्री मोहम्मद बिन अब्दुलअज़ीज़ अल-खुलाइफी से फोन पर बात की।
मोहम्मद बिन अब्दुलअज़ीज़ अल-खुलाइफी ने कहा कि मौजूदा संकट ने कतर को काफी नुकसान पहुंचाया है और अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा आपूर्ति और आर्थिक विकास को भी बुरी तरह प्रभावित किया है, जो किसी भी पक्ष के हित में नहीं है। कतर चीन के निष्पक्ष रुख की सराहना करता है और सभी संबंधित पक्षों को बातचीत और संवाद के माध्यम से मुद्दों को हल करने के सही रास्ते पर जल्द से जल्द वापस लाने के लिए चीन के साथ मिलकर काम करने को तैयार है।
जाई जून ने कहा कि चीन कतर के वर्तमान हालात को पूरी तरह समझता है। युद्धविराम हासिल करना और संवाद एवं बातचीत के माध्यम से मुद्दों का समाधान करना अंतरराष्ट्रीय समुदाय की सर्वसम्मत सहमति है, महत्वपूर्ण बात यह है कि इस सहमति को अमल में लाया जाए।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation















.jpg)


