दिवाली पर देशभर में 5 लाख करोड़ के कारोबार की उम्मीद, दिल्ली में 80 हजार करोड़ रुपये की होगी खरीदारी!
दिवाली का त्योहार इस बार देशभर के व्यापारियों के लिए बड़ी खुशियां लेकर आने की उम्मीद है. त्योहारी खरीदारी और इससे जुड़ी सेवाओं के जरिए देश में करीब 5 लाख करोड़ रुपये का कारोबार हो सकता है. वहीं, अकेले दिल्ली में 80 हजार करोड़ रुपये की बिक्री का अनुमान लगाया गया है. पिछले एक महीने से धरने-प्रदर्शनों और रैलियों के कारण कारोबार प्रभावित होने के बाद दिल्ली के व्यापारियों को दिवाली की खरीदारी से बड़ी उम्मीदें हैं. चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के चेयरमैन बृजेश गोयल के मुताबिक, देशभर के अलग-अलग व्यापारिक संगठनों से बातचीत के आधार पर यह अनुमान लगाया गया है. होटल, रेस्टोरेंट, मॉल, सिनेमा, शॉपिंग सेंटर, ऑटोमोबाइल, पर्यटन, बाजार और उद्योग से जुड़े संगठनों ने त्योहारी सीजन में कारोबार बढ़ने की उम्मीद जताई है.
ऑटोमोबाइल की बिक्री में भी जबरदस्त तेजी
बृजेश गोयल ने बताया कि दिवाली के दौरान बाजार में खरीदारी बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं. ऑटोमोबाइल क्षेत्र के एक शीर्ष संगठन की हालिया रिपोर्ट के अनुसार, वाहनों की कुल खुदरा बिक्री में 55 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. रिपोर्ट में टू-व्हीलर की बिक्री में 52 प्रतिशत, थ्री-व्हीलर में 110 प्रतिशत, कमर्शियल वाहनों में 48 प्रतिशत, निजी वाहनों में 70 प्रतिशत और ट्रैक्टरों की बिक्री में 58 प्रतिशत की वृद्धि बताई गई है. CTI का मानना है कि वाहनों की बिक्री में यह तेजी त्योहारी सीजन के दौरान मजबूत कारोबार की ओर इशारा करती है. इसके अलावा, दिवाली के दौरान छोटे से लेकर महंगे उपहारों तक करीब 5 करोड़ गिफ्ट का लेनदेन होने का अनुमान है. इससे भी बाजार में बिक्री को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
इस बार स्वदेशी सामानों की खरीद पर जोर
CTI के मुताबिक, इस साल दिवाली पर भारतीय उत्पादों की खरीदारी को खास प्राथमिकता दी जा रही है. बाजारों में स्थानीय कारीगरों और शिल्पकारों के बनाए सामान की मांग बढ़ने की उम्मीद है.इनमें मिट्टी के दीये, देवी-देवताओं की मूर्तियां, पूजा सामग्री, दीवार पर सजाने वाले सामान, हस्तशिल्प की वस्तुएं और शुभ-लाभ व ओम जैसे पारंपरिक प्रतीक शामिल हैं. घरों की सजावट से जुड़े स्वदेशी उत्पादों को भी बाजार में अच्छा कारोबार मिलने की संभावना है. इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल और उनके सामान, खिलौने, रसोई के उपकरण, कपड़े, रेडीमेड परिधान, जूते, घड़ियां, फर्नीचर, सौंदर्य उत्पाद, मिठाई-नमकीन, ड्राई फ्रूट्स, किराना, खाद्य तेल, दालें, डेयरी उत्पाद और होम फर्निशिंग जैसे क्षेत्रों में भी खरीदारी बढ़ने की उम्मीद है.
दिल्ली में दिवाली पर 80 हजार करोड़ के कारोबार का अनुमान
CTI चेयरमैन बृजेश गोयल के अनुसार, दिल्ली में दिवाली के मौके पर करीब 80 हजार करोड़ रुपये का कारोबार हो सकता है. उन्होंने बताया कि 1 अक्टूबर से 1 नवंबर के बीच रैलियों और धरना-प्रदर्शनों के चलते राजधानी के व्यापार को लगभग 14 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था. ऐसे में व्यापारियों को उम्मीद है कि दिवाली के दौरान होने वाली अच्छी बिक्री से पिछले दिनों हुए नुकसान की भरपाई करने में मदद मिलेगी. दिल्ली के कई प्रमुख बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ पहुंच रही है.
दिल्ली के बाजारों में बढ़ी रौनक
चांदनी चौक, दरीबा कलां, मालीवाड़ा, सदर बाजार, कमला नगर, अशोक विहार, मॉडल टाउन, शालीमार बाग, वजीरपुर, पीतमपुरा, राजौरी गार्डन, साउथ एक्सटेंशन, ग्रेटर कैलाश, ग्रीन पार्क, यूसुफ सराय, लाजपत नगर, प्रीत विहार, शाहदरा और लक्ष्मी नगर समेत कई बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी है. बाजारों के साथ-साथ विभिन्न कंपनियों के शोरूम में भी गाड़ियों की बिक्री अच्छी रहने की बात कही जा रही है. लोग मोबाइल, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक्स, गिफ्ट आइटम, सजावटी सामान, ड्राई फ्रूट्स और होम फर्निशिंग की खरीदारी कर रहे हैं. व्यापारियों को उम्मीद है कि दिवाली के दौरान बढ़ने वाली मांग से दिल्ली समेत देशभर के बाजारों में कारोबार को रफ्तार मिलेगी.
दिवाली पर ऑनलाइन शॉपिंग का असली गणित: सस्ता सामान या छूट का भ्रम?
Diwali Sale 2026: क्या सेल में सच में मिलता है डिस्काउंट
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation
NDTV











