Punjab Police Constable Recruitment 2026: पुलिस कांस्टेबल के 3,298 पदों पर निकली भर्ती, ऐसे करें आवेदन
Punjab Police Constable Recruitment 2026: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। पंजाब पुलिस ने राज्य में कांस्टेबल के पदों पर बड़ी भर्ती का ऐलान किया है। इस भर्ती अभियान के तहत जिला पुलिस कैडर और सशस्त्र पुलिस कैडर में कुल 3,298 कांस्टेबल पदों को भरा जाएगा। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 10 मार्च 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। यह मौका खास तौर पर उन युवाओं के लिए है जो 12वीं पास हैं और पुलिस विभाग में करियर बनाना चाहते हैं।
शैक्षणिक योग्यता
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड या विश्वविद्यालय से 10+2 (इंटरमीडिएट) पास होना जरूरी है। वहीं पूर्व सैनिकों के लिए न्यूनतम योग्यता 10वीं पास निर्धारित की गई है। इसके अलावा उम्मीदवार ने मैट्रिक में पंजाबी भाषा को अनिवार्य या वैकल्पिक विषय के रूप में पढ़ा होना चाहिए या पंजाब सरकार द्वारा निर्धारित पंजाबी की समकक्ष परीक्षा पास की हो।
आयु सीमा
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष तय की गई है। आयु की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट भी दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया
इस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन कई चरणों के माध्यम से किया जाएगा। सबसे पहले कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) आयोजित होगी, जिसमें पेपर-I (100 अंक) सामान्य ज्ञान, गणित, तर्कशक्ति, अंग्रेजी, पंजाबी और डिजिटल साक्षरता से संबंधित होगा। इसके बाद पेपर-II (50 अंक) पंजाबी भाषा का अर्हता पेपर होगा, जिसमें कम से कम 50 प्रतिशत अंक लाना जरूरी है। इसके बाद उम्मीदवारों को शारीरिक स्क्रीनिंग टेस्ट (PST) और शारीरिक माप परीक्षण (PMT) से गुजरना होगा। अंतिम चरण में दस्तावेज सत्यापन किया जाएगा।
कितना मिलेगा वेतन
चयनित उम्मीदवारों को सरकार के नियमों के अनुसार वेतन दिया जाएगा। भर्ती के तहत शुरुआती वेतन 19,900 रुपये प्रति माह निर्धारित किया गया है। नौकरी शुरू होने के बाद पहले तीन वर्षों तक उम्मीदवारों को हर महीने यही वेतन मिलेगा।
ऐसे करें आवेदन
उम्मीदवार सबसे पहले पंजाब पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर भर्ती से जुड़ा लिंक खोलें। इसके बाद नया रजिस्ट्रेशन करें और मोबाइल नंबर व ईमेल आईडी के जरिए अकाउंट बनाएं। लॉगिन करने के बाद आवेदन फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारी भरें। जरूरी दस्तावेज जैसे फोटो, हस्ताक्षर और प्रमाणपत्र अपलोड करें और आवेदन शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करें। अंत में फॉर्म सबमिट करने से पहले सभी जानकारी अच्छी तरह जांच लें और कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड या प्रिंट करके सुरक्षित रख लें।
SSC GD Exam Date 2026: जीडी कॉन्स्टेबल परीक्षा का शेड्यूल कब होगा जारी, यहां जानें ताजा अपडेट
SSC GD Exam Date 2026: एसएससी जीडी कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा का इंतजार कर रहे लाखों उम्मीदवारों के लिए जल्द ही बड़ी अपडेट आ सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (SSC) जल्द ही जीडी कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा 2026 की नई परीक्षा तिथि घोषित कर सकता है। पहले यह कंप्यूटर आधारित परीक्षा 23 फरवरी 2026 से आयोजित होने वाली थी, लेकिन कुछ अपरिहार्य कारणों की वजह से इसे स्थगित कर दिया गया था।
एसएससी की ओर से इस परीक्षा के लिए सेल्फ स्लॉट बुकिंग की सुविधा नहीं दी जाएगी। यानी उम्मीदवार अपने हिसाब से परीक्षा केंद्र या समय का चयन नहीं कर सकेंगे। आयोग की ओर से जो परीक्षा केंद्र और तिथि निर्धारित की जाएगी, उसी के अनुसार अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना होगा।
परीक्षा से पहले उम्मीदवारों को उनकी एग्जाम सिटी स्लिप परीक्षा तिथि से लगभग 10 दिन पहले जारी कर दी जाएगी। इस स्लिप के जरिए उम्मीदवार अपने परीक्षा शहर की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और यात्रा से जुड़ी तैयारी पहले से कर पाएंगे। वहीं एडमिट कार्ड परीक्षा तिथि से करीब 4 दिन पहले जारी किए जाएंगे, जिन्हें उम्मीदवार केवल ऑनलाइन माध्यम से डाउनलोड कर सकेंगे।
अगर परीक्षा पैटर्न की बात करें तो SSC GD कॉन्स्टेबल परीक्षा में कुल 80 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक सही उत्तर के लिए 2 अंक दिए जाएंगे, जबकि गलत उत्तर पर 0.25 अंक की नेगेटिव मार्किंग होगी। यदि कोई प्रश्न छोड़ा जाता है तो उसके लिए कोई अंक नहीं काटे जाएंगे। प्रश्नपत्र में चार सेक्शन होंगे। जनरल इंटेलिजेंस एवं रीजनिंग, जनरल नॉलेज एवं जनरल अवेयरनेस, एलिमेंट्री मैथ्स और हिंदी/अंग्रेजी। हर सेक्शन से 20-20 प्रश्न पूछे जाएंगे।
इस भर्ती अभियान के माध्यम से कुल 25,487 पदों को भरा जाएगा। इनमें सीआईएसएफ के 14,595 पद, सीआरपीएफ के 5,490 पद, एसएसबी के 1,764 पद, आईटीबीपी के 1,293 पद, असम राइफल्स के 1,706 पद, बीएसएफ के 616 पद और एसएसएफ के 23 पद शामिल हैं।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi


















