Shriram General Insurance का Q1 शुद्ध लाभ 131 करोड़ रुपये रहा, प्रीमियम आय 23% बढ़ी
जयपुर, पांच अगस्त श्रीराम जनरल इंश्योरेंस कंपनी (एसजीआई) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में सकल प्रत्यक्ष प्रीमियम (जीडीपी) में सालाना आधार पर 23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। कंपनी का जीडीपी बढ़कर 1,180 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की तिमाही में 960 करोड़ रुपये था। कंपनी ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि उसकी वृद्धि उद्योग की 11 प्रतिशत वृद्धि से अधिक रही।
मोटर बीमा कारोबार में कंपनी ने 25 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि उद्योग की वृद्धि 14 प्रतिशत रही। व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कारोबार में भी 47 प्रतिशत की वृद्धि हुई। बयान के अनुसार पहली तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ पांच प्रतिशत बढ़कर 131 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 125 करोड़ रुपये था।
जून 2026 के अंत तक कंपनी का सॉल्वेंसी अनुपात 3.02 रहा, जो नियामकीय आवश्यकता 1.50 से अधिक है। कंपनी ने कहा कि पहली तिमाही में उसने 5,176 नए वित्तीय सलाहकार जोड़े, जो पिछले वर्ष की तुलना में आठ प्रतिशत अधिक है। साथ ही कुल वित्तीय सलाहकारों की संख्या बढ़कर 1,10,102 हो गई।
इस अवधि में शाखाओं की संख्या 279 से बढ़कर 291 हो गई। सक्रिय पॉलिसियों की संख्या भी 68 लाख से बढ़कर 72 लाख हो गई। श्रीराम जनरल इंश्योरेंस के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अनिल अग्रवाल ने कहा कि कंपनी वितरण नेटवर्क के विस्तार और अनुशासित अंडरराइटिंग पर ध्यान केंद्रित कर रही है, जिससे उसे उद्योग से बेहतर वृद्धि हासिल करने में मदद मिली है।
उन्होंने कहा कि कंपनी वित्त वर्ष 2029-30 तक वित्तीय सलाहकारों की संख्या बढ़ाकर दो लाख करने का लक्ष्य लेकर चल रही है तथा स्वास्थ्य बीमा कारोबार में भी अपनी उपस्थिति मजबूत करेगी।
Imran Khan के समर्थकों का Pakistan में प्रदर्शन, 100 से अधिक PTI कार्यकर्ता गिरफ्तार
लाहौर, पांच अगस्त पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की कैद के तीन साल पूरे होने पर उनके समर्थकों ने बुधवार को पुलिस की कार्रवाई के बावजूद देश के विभिन्न हिस्सों में प्रदर्शन किया। इस दौरान 100 से अधिक समर्थकों को गिरफ्तार किया गया। पंजाब और सिंध प्रांतों में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई की।
खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की राजधानी पेशावर में एक रैली आयोजित की गई, जहां खान की पार्टी ‘पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ’ (पीटीआई) सत्ता में है। पंजाब में पुलिस ने लाहौर, मियांवाली और रावलपिंडी में प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया और पीटीआई के कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। लाहौर के मॉल रोड पर पुलिस ने खान की रिहाई की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर कर दिया और कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।
सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो फुटेज में दंगा नियंत्रण पुलिस को प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग करते हुए दिखाया गया है। कुछ पत्रकारों के साथ भी पुलिस ने कथित तौर पर मारपीट की, जिसके बाद मीडिया संगठनों ने विरोध जताया। पीटीआई की पंजाब इकाई के महासचिव चौधरी बिलाल एजाज ने कहा कि लाहौर में गिरफ्तार किए गए 25 अन्य लोगों में पार्टी के पांच विधायक भी शामिल हैं।
उन्होंने कहा, दमन, उत्पीड़न और फासीवाद के इस दौर के बावजूद पंजाब में बड़ी संख्या में पीटीआई कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने विरोध रैलियां निकालीं और इमरान खान के साथ खड़े रहने का संकल्प लिया। पीटीआई के अनुसार, मियांवाली, रावलपिंडी और पंजाब के अन्य हिस्सों में उसके कम से कम 50 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi








