Kerala में डूबते व्यक्ति को बचाने वाले R Rajesh का हुआ राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार
तिरुवनंतपुरम, पांच अगस्त कन्नूर जिले में एक अगस्त को मीनथुल्ली द्वीप के पास बाढ़ के पानी में बहे एक व्यक्ति को बचाते समय अपनी जान गंवाने वाले तैराकी प्रशिक्षक आर. राजेश का बुधवार को पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान कल्लियूर स्थित उनके घर पर अत्यंत भावुक दृश्य देखने को मिला। कल्लियूर निवासी राजेश के बेटे जब अपने पिता का चेहरा आखिरी बार देखने की गुहार बार-बार लगाने लगे, तो मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन भी काफी भावुक हो गए।
सतीशन शोकाकुल परिवार के पास खड़े रहे और फिर आंखों में आंसू लिए वहां से चले गए। मुख्यमंत्री और राज्य के मंत्रियों सहित अन्य राजनीतिक नेताओं द्वारा राजेश के पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि दिए जाने के बाद वर्दीधारी पुलिसकर्मियों द्वारा बंदूकों की सलामी के साथ अंतिम संस्कार किया गया। राजेश का शव जनता के दर्शन के लिए रखे जाने पर सैकड़ों लोग उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए उनके आवास पर एकत्र हुए।
उनके पिता ने पत्रकारों से कहा कि परिवार को मंगलवार तक यह उम्मीद थी कि राजेश जीवित लौट आएंगे, लेकिन शव बरामद होने के बाद उनकी सारी उम्मीदें टूट गईं। इससे पहले दिन में सतीशन ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सरकार राजेश के अधूरे पड़े मकान का निर्माण कार्य पूरा कराएगी। राजेश ने उफनती करियांगोड नदी से बचाए गए व्यक्ति को अपनी लाइफ जैकेट दे दी थी, जो अंततः उनकी जान पर भारी पड़ा।
बाढ़ के पानी से बचाए गए 61 वर्षीय निवासी बेनी को सुरक्षित वापस लाते समय वह तेज बहाव में बह गए थे। मंगलवार को उनका शव बरामद किया गया था। मुख्यमंत्री ने इस घटना को हृदयविदारक बताया और कहा कि राजेश एक समर्पित बचाव कर्मी थे, जिन्होंने केरल की पिछली बाढ़ और वायनाड आपदा के दौरान स्वेच्छा से सेवाएं दी थीं।
सतीशन ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, राजेश ने बाढ़ के पानी में समाने से पहले कन्नूर के पुलिंगोम में एक डूबते व्यक्ति को बचाने के लिए अपनी जीवनरक्षक जैकेट दे दी। उनके इस सर्वोच्च बलिदान और मानवता के प्रति नि:स्वार्थ प्रेम को हमेशा याद रखा जाएगा। उनके परिवार, दोस्तों और प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।
उनका साहस हमेशा जीवित रहेगा। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने तिरुवनंतपुरम निवासी राजेश के निधन पर शोक व्यक्त किया। नेमम निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा विधायक चंद्रशेखर ने कहा कि राजेश 2018 की बाढ़, 2024 की वायनाड आपदा और 2026 की बाढ़ के नायक थे।
भाजपा नेता ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, कल्लियूर, तिरुवनंतपुरम के आर. राजेश एक बचाव में जुटे स्वयंसेवी और ‘रैपलिंग प्रशिक्षक’ थे, जिन्होंने जब भी केरल को जरूरत पड़ी, अपनी सेवा दी। वह 2018 की बाढ़ के दौरान आगे आए। वह 2024 में वायनाड भूस्खलन त्रासदी के दौरान बचाव दल में शामिल थे और 2026 में उन्होंने सर्वोच्च बलिदान दिया।
राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष पिनराई विजयन ने मंगलवार को तैराकी प्रशिक्षक के निधन पर शोक व्यक्त किया।
BSP MLA Umashankar Singh का दिल्ली में निधन, रसड़ा से तीन बार बने थे विधायक
बलिया (उप्र), पांच अगस्त बलिया जिले के रसड़ा विधानसभा क्षेत्र से बसपा विधायक उमाशंकर सिंह का बुधवार रात दिल्ली के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 55 वर्ष के थे। सिंह उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के इकलौते विधायक थे।
बसपा के आजमगढ़ और गोरखपुर मंडल के मुख्य संयोजक मदन राम ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि विधायक उमाशंकर सिंह का दिल्ली के एक निजी अस्पताल में रात्रि साढ़े आठ बजे उपचार के दौरान निधन हो गया। बसपा अध्यक्ष मायावती ने सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें एक समर्पित, ईमानदार और पूरी तरह से वफादार पार्टी नेता बताया। मायावती ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि सिंह का निधन अत्यंत दुखद है।
बसपा प्रमुख ने सिंह के परिजनों और समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मायावती ने कहा कि बसपा के प्रति सिंह की प्रतिबद्धता प्रशंसा से परे थी और उनका परिवार इस पार्टी के साथ हमेशा से जुड़ा रहा। उन्होंने कहा कि वह सिंह के इलाज के दौरान उनके बेटे के निरंतर संपर्क में थीं और बेटे से ही उनके निधन की जानकारी मिली।
बसपा प्रमुख ने सिंह के परिवार को इस मुश्किल घड़ी में पार्टी का पूर्ण सहयोग का भी आश्वासन दिया। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी उमाशंकर सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। राम ने बताया कि सिंह ने अपने करियर की शुरुआत एक छात्र नेता के रूप में की थी और वर्ष 1990-91 में वह बलिया के सतीश चंद्र कॉलेज के छात्रसंघ के महामंत्री चुने गए।
सिंह 2012 में पहली बार रसड़ा विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुए थे। इसके बाद 2017 और 2022 में भी वह रसड़ा से ही लगातार विधायक निर्वाचित हुए। उन्होंने बताया कि सिंह के परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री है।
सिंह लंबे समय से अस्वस्थ थे।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi








