Gurugram में SHO की सरकारी गाड़ी को पति ने मारी टक्कर, चालक घायल होने पर FIR
गुरुग्राम (हरियाणा), पांच अगस्त गुरुग्राम में एक एसएचओ और उनके पति के बीच घरेलू विवाद कथित तौर पर हिंसक हो गया, जब ड्यूटी पर तैनात एसएचओ को ले जा रहे उनके सरकारी वाहन में पति ने अपनी कार से टक्कर मार दी। इस घटना में चालक घायल हो गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना तीन अगस्त को हुई, जब आरोपी ने कथित तौर पर सेक्टर-40 थाने में हंगामा किया। इस थाने में महिला अधिकारी थाना प्रभारी (एसएचओ) के पद पर तैनात हैं। बाद में, एसएचओ की सरकारी गाड़ी से हुडा सिटी सेंटर की ओर जाते समय उनके पति ने कथित तौर पर कन्हई रेड लाइट के पास अपनी एसयूवी से उसमें टक्कर मार दी।
यह जानकारी एसएचओ के चालक कांस्टेबल मनीष कुमार की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत में दी गई है। शिकायत में कहा गया है कि टक्कर के कारण सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और चालक घायल हो गया। शिकायत के अनुसार, इसके बाद आरोपी अपनी गाड़ी से बाहर निकला, कथित तौर पर महिला का पर्स छीन लिया और मौके से फरार हो गया।
शिकायत में कहा गया, महिला अधिकारी ने मुझे बताया कि संबंधित व्यक्ति उनके पति हैं। जब सरकारी वाहन हुडा सिटी सेंटर की ओर जा रहा था, तभी दोपहर करीब 12 बजकर 25 मिनट पर पीछे से आ रही एक ग्रे सफारी ने कन्हई रेड लाइट के पास उसमें टक्कर मार दी। शिकायत में कहा गया, टक्कर इतनी जोरदार थी कि सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और मेरी (शिकायतकर्ता) गर्दन तथा कमर के निचले हिस्से में चोटें आईं।
पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर सेक्टर-40 थाने में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। इनमें लापरवाही से वाहन चलाना, जीवन को खतरे में डालने वाले कृत्य से चोट पहुंचाना, लोक सेवक के काम में बाधा डालना, लोक सेवक के खिलाफ हमला या आपराधिक बल का इस्तेमाल और छीनाझपटी से संबंधित धाराएं शामिल हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, एसएचओ के पति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
हम मामले की जांच कर रहे हैं। कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
Poonch LoC के पास Landmine डिफ्यूज करते समय हुआ विस्फोट, 2 जवान घायल
मेंढर/जम्मू, पांच अगस्त जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास बुधवार शाम एक बारूदी सुरंग में विस्फोट होने से सेना के दो जवान घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, जवान मेंढर सेक्टर के कांगा गली इलाके में बारूदी सुरंग को निष्क्रिय करने की कोशिश कर रहे थे, तभी उसमें विस्फोट हो गया।
उन्होंने बताया कि घायल जवानों को तुरंत इलाज के लिए सेना अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने कहा कि सेना की गश्ती टीम को यह बारूदी सुरंग दिखाई दी थी, जिसके बाद विस्फोटक उपकरण को निष्क्रिय करने के लिए विशेषज्ञों को बुलाया गया था। अधिकारियों ने बताया कि घुसपैठ रोधी अवरोध प्रणाली के हिस्से के रूप में अग्रिम इलाकों में बारूदी सुरंगें लगाई गई हैं, जो कभी-कभी बारिश के कारण बहकर अपनी जगह से हट जाती हैं।
इस बीच, नलवा देगवार तेर्वन इलाके में एक जंग लगा हुआ बिना फटा विस्फोटक उपकरण बरामद किया गया, जिसे बाद में सेना के बम निरोधक दस्ते ने सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि यह उपकरण कथित तौर पर एक हथगोला था, जिसे इलाके में सड़क निर्माण कार्य में लगे कुछ मजदूरों ने देखा था।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi









