Delhi Rain: जलभराव से थमी दिल्ली की रफ्तार, IMD ने Yellow Alert किया जारी
नयी दिल्ली, पांच अगस्त राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को वर्षा के बाद कई स्थानों पर जलजमाव हो गया, जिससे लोगों के लिए सफ़र मुश्किल हो गया तथा घंटों तक आवाजाही बाधित रही। बारिश की वजह से कई सड़कें पानी में डूब गईं, जिससे मुख्य मार्गों पर यातायात धीमा हो गया। शहर के अलग-अलग हिस्सों में आवाजाही प्रभावित हुई।
महरौली-बदरपुर रोड पर भारी जाम लग गया। आईटीओ, मथुरा रोड, लोधी रोड, लुटियंस दिल्ली के कुछ हिस्सों, रोहतक रोड, शंकर रोड-कीर्ति नगर मार्गखंड, दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग, मधुबन चौक, पीरागढ़ी और शाहीन बाग में भी लोगों को धीमी रफ़्तार वाले यातायात का सामना करना पड़ा। पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों में भी यातायात प्रभावित हुआ।
जीटी रोड, लोनी रोड, झिलमिल, जीटीवी एन्क्लेव और दिलशाद गार्डन जैसे इलाकों में बारिश का पानी जमा होने की वजह से गाड़ियों की रफ़्तार धीमी हो गई। शहर में कई जगहों पर जलभराव की खबर मिली, जिसमें महरौली-बदरपुर रोड भी शामिल है। इस रोड पर कई घंटों तक पानी भरा रहा।
संगम विहार और दक्षिण पुरी के कुछ हिस्सों में भी जलभराव रहा, जबकि दक्षिण दिल्ली के कुछ इलाकों में बाढ़ जैसे हालात की खबर मिली। मध्य दिल्ली के कई इलाकों में भी जलभराव की सूचना मिली। बारिश के बाद सफदरजंग अस्पताल की गैलरी बारिश के पानी से भर गई।
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के अनुसार, बुधवार को सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे तक पेड़ गिरने की तीन घटनाएं सामने आईं। एमसीडी नियंत्रण कक्ष को दोपहर दो बजे एवं शाम छह बजे के बीच जलभराव की 10 शिकायतें भी मिलीं, जिनमें से पांच-पांच शिकायतें मध्य और दक्षिण क्षेत्र से थीं। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर पानी से भरी सड़कों के वीडियो और फ़ोटो साझा किए तथा सीआर पार्क, संगम विहार, लोधी रोड और कई अन्य इलाकों में जलभराव की शिकायत की।
सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे के बीच, शहर के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में 15.6 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई, जबकि लोधी रोड पर 38.7 मिमी बारिश हुई। इसी दौरान पालम में 1.4 मिमी एवं आयानगर में 0.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। इससे पहले, सुबह 8:30 बजे तक के 24 घंटों में सफदरजंग में 10.8 मिमी, आयानगर में 49.3 मिमी, पालम में 8.3 मिमी, लोधी रोड में 3.9 मिमी और रिज में 3.0 मिमी बारिश दर्ज की गई।
अधिकतम तापमान सफदरजंग में 32.6 डिग्री सेल्सियस, पालम में 31.0 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 32.8 डिग्री सेल्सियस, रिज में 34.0 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 30.5 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सफदरजंग में सामान्य से 1.6 डिग्री कम, पालम में सामान्य से 3.4 डिग्री कम, लोधी रोड में सामान्य से 0.2 डिग्री कम, रिज में सामान्य और आयानगर में सामान्य से 3.5 डिग्री कम था। स्काईमेट वेदर के उपााध्यक्ष (मौसम विज्ञान और जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत ने कहा कि कई मौसम प्रणालियों के असर से दिल्ली और आसपास के इलाकों में अगले दो-तीन दिनों में मध्यम बारिश होने की संभावना है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बृहस्पतिवार को आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहने और मध्यम बारिश का अनुमान लगाया है। उसके अनुसार अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 32 डिग्री सेल्सियस और 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। राष्ट्रीय राजधानी के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।
बुधवार को दिल्ली की हवा की गुणवत्ता संतोषजनक श्रेणी में रही और शाम चार बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 69 दर्ज किया गया। अगस्त के अब तक के सभी दिनों में शहर की हवा की गुणवत्ता संतोषजनक रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, 51 से 100 के बीच एक्यूआई को संतोषजनक , 101-200 को मध्यम , 201-300 को खराब , 301-400 को बहुत खराब और 401-500 को गंभीर माना जाता है।
Saurabh Das ने आवास में यूट्यूबरों के घुसने का लगाया आरोप, Delhi Police से मांगी सुरक्षा
नयी दिल्ली, पांच अगस्त कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के मुख्य प्रवक्ता सौरभ दास ने बुधवार को आरोप लगाया कि यूट्यूबर और मीडियाकर्मियों के एक समूह ने उनके आवास में घुसकर अंदर की तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड किए। इस घटना को अपने परिवार के लिए गंभीर सुरक्षा खतरा बताते हुए उन्होंने दिल्ली पुलिस से हस्तक्षेप की अपील की है। महाराष्ट्र में कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) की दो-दिवसीय बैठक में शामिल होने की बात कहने वाले दास ने एक्स पर पोस्ट में आरोप लगाया कि बुधवार सुबह 15-20 लोग उनके आवास पर पहुंच गए, जबकि कुछ लोग पिछली रात से ही बाहर डेरा डाले हुए थे।
दास ने कहा, कुछ यूट्यूबर और मीडिया चैनल जबरन मेरे घर में घुस गए और अंदर के दृश्य दिखा रहे हैं। यह न केवल मेरी निजता का हनन है, बल्कि मेरे और मेरे परिवार के लिए एक गंभीर सुरक्षा खतरा भी है। संभावित परिणामों के प्रति आगाह करते हुए दास ने कहा, अगर इसके परिणामस्वरूप कोई असामाजिक तत्व मेरे आवास पर मुझ पर हमला करता है, तो ये यूट्यूबर और उनका तालमेल बिठाने वाले आलोचक (सोशल मीडिया पर सक्रिय) इसके लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार होंगे।
उन्होंने एक अन्य पोस्ट में दावा किया कि इन वीडियो के कारण असामाजिक तत्व और गुंडे सक्रिय हो गए हैं जिससे घर में रहने वाले सभी लोगों की सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो गया है। यह मामला संसद में भी उठा। तृणमूल कांग्रेस ने कहा कि उसने राज्यसभा में इस मुद्दे को उठाया है।
तृणमूल के राज्यसभा नेता डेरेक ओ ब्रायन ने एक्स पर कार्यवाही का एक वीडियो साझा करते हुए बताया कि पार्टी ने सांसद राजीव कुमार के माध्यम से सदन में यह मुद्दा उठाया। दास ने ओ ब्रायन के पोस्ट पर जवाब देते हुए इस हस्तक्षेप के लिए उनका आभार व्यक्त किया। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी एक्स पर दास की पोस्ट को पुनः साझा करते हुए प्रतिक्रिया दी, ‘‘यह मोदी जी का असली चेहरा है।’’ कॉजपा ने कथित परीक्षा पत्र लीक मामले को लेकर तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और प्रभावित छात्रों के लिए मुआवजे की मांग को लेकर 20 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपना आंदोलन शुरू किया था।
एक महीने से अधिक समय तक चला यह विरोध प्रदर्शन 25 जुलाई को प्रधान के इस्तीफे और प्रदर्शनकारियों की कई मांगों पर केंद्र के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ था। यह संगठन फिलहाल अपनी भावी रणनीति तय करने के लिए महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में दो-दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित कर रहा है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi












