अफगानिस्तान की जवाबी कार्रवाई के बाद पाकिस्तान की गीदड़भभकी, 'हर हमले का मुंहतोड़ जवाब देंगे'
नई दिल्ली, 27 फरवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच भारी तनाव जारी है। दूसरी तरफ पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने मुंहतोड़ जवाब देने की बात कही है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पाकिस्तान के पीएम का बयान सामने आया, जिसमें कहा गया है कि पाकिस्तानी सेना में हमलावर इरादे को धूल में मिलाने की पूरी काबिलियत है।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा, पाकिस्तान के लोग और सुरक्षा बल देश की सुरक्षा, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए हमेशा तैयार हैं। पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने पक्का इरादा कर लिया है कि वे किसी भी हालत में देश की शांति और सुरक्षा को कोई नुकसान नहीं पहुंचाएंगे। हमारी सेना में किसी भी हमलावर इरादे को धूल में मिलाने की पूरी काबिलियत है।
पाकिस्तान के पीएम ने कहा, सेना के प्रमुख और रक्षा बलों के प्रमुख, फील्ड मार्शल सैयद आसिम मुनीर के नेतृत्व में, पाकिस्तानी सुरक्षा बल जोश के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की सेना व्यवसायिक क्षमता, उच्च प्रशिक्षण और असरदार डिफेंसिव रणनीति से लैस है और किसी भी अंदरूनी या बाहरी चुनौती से निपटने की पूरी काबिलियत रखती है। प्यारे वतन की रक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और हर हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने कहा, पाकिस्तान ने हमेशा शांति को बढ़ावा दिया है। लेकिन, देश की अखंडता को कोई नुकसान नहीं पहुंचने दिया जाएगा और पाकिस्तान की सेना हर हमले का डटकर सामना करेगी। पूरा देश पाकिस्तान की सेना के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।
इससे पहले पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी कि विदेश मंत्री मोहम्मद इशाक डार ने अपने समकक्ष तुर्किए के विदेश मंत्री हकन फिदान के साथ टेलीफोन पर बात की और हाल के क्षेत्रीय विकास, खासकर पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच के हालात पर अपने विचार साझा किए।
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने कहा, इशाक डार ने जोर दिया कि पाकिस्तान ने बिना उकसावे के अफगानिस्तान के हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया, जिसमें पाकिस्तानी सेना ने अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए ऑपरेशन गजब लिल हक के तहत सफल एयर ऑपरेशन किए। दोनों नेताओं ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता के महत्व पर जोर दिया और बदलती स्थिति पर करीब से जुड़े रहने पर सहमत हुए।
--आईएएनएस
केके/एबीएम
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
अमेरिका ने अफगानिस्तान को लेकर जारी की ट्रैवल एडवाइजरी, कहा-पाकिस्तान के हमले से बिगड़े हालात
नई दिल्ली, 27 फरवरी (आईएएनएस)। अफगानिस्तान में रह रहे अपने नागरिकों के लिए यूएस मिशन ने ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है, जिसमें पाकिस्तान के हमले से बिगड़ते हालात को बेहद संजीदा और जोखिम भरा बताया है। एक्स पोस्ट में इस रिलीज के साथ लिखा है कि अमेरिका पाकिस्तान-अफगानिस्तान संघर्ष पर नजर बनाए हुए है।
मिशन की एडवाइजरी के अनुसार, पाकिस्तान ने 27 फरवरी, 2026 को स्थानीय समयानुसार सुबह 1:50 बजे काबुल, पक्तिया और कंधार पर एयरस्ट्राइक की। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तानी एयरक्राफ्ट सुबह 9:00 बजे तक अफगानिस्तान के एयरस्पेस में रहे और निशाना तलाशते रहे।
इसमें आगे लिखा है कि मीडिया आउटलेट्स ने अफगानिस्तान-पाकिस्तान बॉर्डर पर झड़प की भी खबर दी है। अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच मुख्य बॉर्डर क्रॉसिंग बंद हैं।
यूएस ने इन परिस्थितियों को काफी प्रतिकूल माना है। उनके मुताबिक ये डेवलपमेंट अफगानिस्तान में रहने या वहां जाने वालों के लिए काफी जोखिम भरा है।
अफगानिस्तान में यूएस मिशन ने अमेरिकी मूल के लोगों को याद दिलाया कि रिस्क की वजह से अफगानिस्तान के लिए ट्रैवल एडवाइजरी लेवल 4 (“ट्रैवल न करें”) पर बनी हुई है।
ट्रैवल एडवाइजरी में आगे लिखा है कि अमेरिकी सरकार अफगानिस्तान में अपने नागरिकों को रूटीन या इमरजेंसी सर्विस कॉन्सुलर सर्विस नहीं उपलब्ध करा सकती है।
दरअसल, काबुल में अमेरिकी एंबेसी ने 2021 में ऑपरेशन रोक दिए थे, और मिशन कतर की राजधानी दोहा से संचालित होता है।
इसमें स्पष्ट निर्देश हैं कि कोई भी ईरान बॉर्डर पार करके अफगानिस्तान छोड़ने की कोशिश न करें, पाकिस्तान के सभी बॉर्डर इलाकों से बचें और लो प्रोफाइल रहें।
26-27 फरवरी की मध्य रात्रि से पाकिस्तान-अफगानिस्तान के बीच हमले तेज हो गए। सुबह होते-होते पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के खिलाफ खुली जंग का ऐलान कर दिया।
रविवार को पाकिस्तान की ओर से सीमावर्ती इलाकों में की गई एयरस्ट्राइक के जवाब में काबुल ने हमला किया था। पाकिस्तान ने कहा था कि उसने रविवार के हमलों में 70 उग्रवादियों को मारा था। हालांकि, पाक के दावे को अफगानिस्तान ने सिरे से खारिज किया और बताया कि पाकिस्तानी हमलों में महिलाओं और बच्चों सहित कई आम लोग मारे गए थे। तालिबान ने जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी थी और गुरुवार रात से उसने हमले शुरू कर दिए थे।
इस बीच पाकिस्तान ने बिना किसी सबूत के तालिबान पर तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) को बचाने का आरोप लगाया है।
--आईएएनएस
केआर/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation






















