सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन के प्री-वेडिंग फंक्शन शुरू:अंबानी के जामनगर वाले घर पर पहला इवेंट हुआ; सचिन बोले- बेटा बड़ा हो गया है
सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर और सानिया चंडोक के प्री-वेडिंग फंक्शन शुरू हो गए हैं। शुरुआत गुजरात के जामनगर में अंबानी परिवार के घर पर हुई, जहां तेंदुलकर और अंबानी परिवार के सदस्य देसी रंग में नजर आए। सचिन तेंदुलकर ने इस मौके पर बेटे को लेकर भावुक बात कही। उन्होंने कहा कि जब बेटा किसी लड़की को घर लाकर परिचय कराने आता है, तब पता चलता है कि बेटा बड़ा हो गया है। अर्जुन और सानिया की शादी 5 मार्च को मुंबई में होने वाली है। दोनों ने अगस्त 2025 में सगाई की थी। सानिया चंडोक ग्रैविस ग्रुप के चेयरमैन रवि घई की पोती और अर्जुन की बहन सारा की करीबी दोस्त हैं। फंक्शन की 2 तस्वीरें… स्पीच देते वक्त इमोशनल हुए सचिन कार्यक्रम का सबसे यादगार पल तब था जब सचिन तेंदुलकर ने माइक संभाला। अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए सचिन ने कहा- “अर्जुन, मुझे तुम पर बहुत गर्व है। जब कोई बेटा बेटी को घर लाता है और उसका परिचय कराता है, तो पिता समझ जाता है कि बेटा अब बड़ा हो गया है। अर्जुन और सानिया एक-दूसरे के प्यार में पागल और बेहद खुश दिख रहे हैं। अर्जुन, तुम्हें ऐसा साथी मिल गया है जो तुमसे उतना ही प्यार करता है जितना तुम उससे करते हो।” वहीं, तेंदुलकर और चंडोक फैमिली का स्वागत करते हुए नीता अंबानी ने कहा, "सचिन और अंजली, आप हमेशा से हमारे परिवार का हिस्सा रहे हैं। आपकी खुशी में शामिल होकर हमारा दिल खुशी से भर गया है। मैंने अर्जुन को एक छोटे बच्चे से एक जिम्मेदार युवक बनते देखा है। आज, वह अपने जीवन की सबसे खूबसूरत साझेदारी की शुरुआत करने जा रहा है।" सचिन ने पीएम मोदी, राष्ट्रपति और राहुल गांधी को भी न्योता दिया सचिन ने अपने बेटे की शादी में पीए मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, गृहमंत्री अमित शाह और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को भी न्योता दिया है। 10 दिन पहले वे दिल्ली गए थे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और उन्हें की शादी का निमंत्रण दिया। सचिन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। सचिन ने लिखा, “प्रधानमंत्री को शादी का निमंत्रण देना हमारे लिए सम्मान की बात है।” सचिन ने युवा जोड़े को प्रधानमंत्री से मिले आशीर्वाद के लिए धन्यवाद भी दिया। पढ़ें पूरी खबर… पेट स्पा सेंटर की डायरेक्टर है सानिया चंडोक सानिया चंडोक ग्रैविस ग्रुप के चेयरमैन रवि घई की पोती हैं और अर्जुन की बहन सारा तेंदुलकर की करीबी दोस्त हैं। मशहूर बिजनेस परिवार से ताल्लुक रखने के बावजूद सानिया लाइमलाइट से दूर रहती हैं। वे मुंबई में ही मिस्टर पॉज पेट स्पा एंड स्टोर एलएलपी (Mr. Paws Pet Spa Store LLP) की पार्टनर और डायरेक्टर हैं। यह एक छोटा वेंचर है, जो पशुओं की स्किनकेयर, ग्रूमिंग और इससे रिलेटेड प्रोडक्ट्स की सेवाएं देता है। सानिया ने इसकी शुरुआत 2022 में एक लाख रुपए से की थी। सानिया की फैमिली यानी घई परिवार हॉस्पिटैलिटी और फूड वर्ल्ड में जाना-माना नाम है। उनका इंटरकॉन्टिनेंटल होटल्स ग्रुप है, जिसकी मल्टीनेशनल वैल्यू 18.43 बिलियन डॉलर (1.6 लाख करोड़ रुपए) है। वहीं मुंबई में इंटरकॉन्टिनेंटल होटल है और परिवार फेमस आइसक्रीम ब्रांड ब्रूकलिन क्रीमरी का भी मालिक है। अर्जुन IPL 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स से खेलेंगे अर्जुन तेंदुलकर को IPL 2026 मिनी ऑक्शन से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स ने मुंबई इंडियंस से ट्रेड किया गया था। इस सीजन वह LSG की ओर से खेलेंगे। अर्जुन ने IPL के 5 मैचों में 3 विकेट लिए हैं, वे बैट से सिर्फ 13 रन ही बना सके। घरेलू क्रिकेट में अर्जुन अब गोवा की टीम से खेल रहे हैं, जबकि उन्होंने 2021 में मुंबई के लिए डेब्यू किया था। अर्जुन मुंबई अंडर-16, अंडर-19 और अंडर-23 टीमों के लिए खेल चुके हैं। उन्होंने 2018 में श्रीलंका के खिलाफ भारतीय अंडर-19 टीम से डेब्यू किया। इसके बाद 2021 में उन्हें IPL में मुंबई इंडियंस ने खरीदा, हालांकि डेब्यू का मौका 2023 में मिला। अर्जुन ने बाद में गोवा की रणजी टीम से खेलते हुए पहले ही मैच में शतक लगाया था। --------------------------------------
भारत ने दूसरा सबसे बड़ा टोटल बनाया:एक इनिंग में हाईएस्ट सिक्स भी लगाए; दोनों टीमों ने मिलकर 440 रन बनाए
गुरुवार को टीम इंडिया ने टी-20 वर्ल्ड कप का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया। इसी के साथ एक पारी में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम दर्ज कर लिया। चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में दोनों टीमों ने मिलकर 440 रन बनाए। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 256 रन बनाए। जवाब में जिम्बाब्वे ने भी दम दिखाया, लेकिन टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 184 रन ही बना सकी। भारत ने मैच 72 रन से अपने नाम किया। पढ़िए IND Vs ZIM मैच के टॉप रिकॉर्ड्स… 1. भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप का दूसरा सबसे बड़ा टोटल बनाया भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप का दूसरा सबसे बड़ा टोटल बना दिया। टीम ने 4 विकेट खोकर 256 रन बना डाले। भारत से आगे सिर्फ श्रीलंका है, जिसने 2007 में केन्या के खिलाफ 260 रन बनाए थे। 2. भारत ने एक टी-20 वर्ल्ड कप इनिंग में हाईएस्ट सिक्स लगाए भारत ने 17 सिक्स लगाए, जो किसी एक वर्ल्ड कप पारी में टीम के सबसे ज्यादा सिक्स हैं। इससे पहले भारत ने 2024 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 15 सिक्स लगाए थे। मौजूदा टूर्नामेंट में भारत अब तक 63 छक्के लगा चुका है, जो किसी एक एडिशन में उसका बेस्ट प्रदर्शन भी है। इस मामले में सिर्फ वेस्टइंडीज (66) भारत से आगे है। 3. भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप में 5वीं बार 200+ टोटल बनाया भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 256 रन बनाकर टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास में 5वीं बार 200+ स्कोर का आंकड़ा पार किया। इस सूची में भारत दूसरे स्थान पर है, जबकि साउथ अफ्रीका 6 बार 200+ टोटल बनाकर टॉप पर काबिज है। 4. टी-20 वर्ल्ड कप का दूसरा हाईएस्ट एग्रीगेट स्कोर बना भारत और जिम्बाब्वे के बीच कुल 440 रन बने, जो टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा मैच एग्रीगेट है। इस लिस्ट में टॉप पर 2016 में वानखेड़े में खेला गया साउथ अफ्रीका बनाम इंग्लैंड मुकाबला है, जिसमें 459 रन बने थे। दिलचस्प बात यह है कि 2007 के पहले वर्ल्ड कप में भी भारत और इंग्लैंड के बीच 418 रन बने थे, जो आज भी टॉप हाई-एग्रीगेट मैचों में शामिल है। 5. हार्दिक नंबर-5 या उससे नीचे सबसे ज्यादा फिफ्टी लगाने वाले प्लेयर मिडिल-ऑर्डर और फिनिशर रोल में भारत के हार्दिक पांड्या का रिकॉर्ड टी-20 वर्ल्ड कप में बेहद शानदार रहा है। नंबर-5 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 4 अर्धशतक लगाए हैं, जो इस पोजिशन पर किसी भी बल्लेबाज द्वारा सबसे ज्यादा हैं। उनसे पहले डेविड मिलर, शोएब मलिक और मार्कस स्टोयनिस ने 3-3 हाफ सेंचुरी लगाई हैं। 6. जिम्बाब्वे के खिलाफ सबसे बड़ा पावरप्ले टोटल बना जिम्बाब्वे के खिलाफ टी-20 वर्ल्ड कप में सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर बन गया है। भारत ने शुरुआती 6 ओवर में 80 रन बना दिए। यह ओवरऑल भारत का वर्ल्ड कप में तीसरा सबसे बड़ा पावरप्ले टोटल भी है। इसी वर्ल्ड कप में नामीबिया के खिलाफ 86/1 रन बनाकर भारत ने बेस्ट पावरप्ले टोटल दर्ज किया था। 7. रजा टी-20 में 3 हजार रन और 100 विकेट लेने वाले दूसरे प्लेयर जिम्बाब्वे के ऑलराउंडर सिकंदर रजा ने टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली है। वे 3000 से ज्यादा रन बनाने और 100 से ज्यादा विकेट लेने वाले दुनिया के दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले यह कारनामा मलेशिया के वीरनदीप सिंह कर चुके हैं। 8. नगारवा जिम्बाब्वे के लिए एक स्पेल में सबसे ज्यादा रन देने वाले बॉलर रिचर्ड नगारावा जिम्बाब्वे के लिए टी-20 इंटरनेशनल के सबसे महंगे गेंदबाज साबित हुए। उन्होंने अपने 4 ओवर में 62 रन लुटाए। यह किसी भी जिम्बाब्वे गेंदबाज द्वारा एक पारी में दिया गया सबसे ज्यादा रन है। इससे पहले यह अनचाहा रिकॉर्ड क्रिस मपोफू के नाम दर्ज था। 9. मपोसा वर्ल्ड कप के डेब्यू ओवर में दूसरे सबसे महंगे बॉलर जिम्बाब्वे के टिनोटेंडा मपोसा ने अपने टी-20 वर्ल्ड कप का पहला ओवर बेहद महंगा डाला। उन्होंने भारत के खिलाफ 23 रन खर्च किए, जो टूर्नामेंट इतिहास में किसी गेंदबाज के डेब्यू ओवर में दूसरे सबसे ज्यादा रन हैं। इस लिस्ट में उनसे आगे सिर्फ केन्या के स्टीव टिकोलो हैं, जिन्होंने 2007 वर्ल्ड कप में श्रीलंका के खिलाफ अपने एकमात्र ओवर में 25 रन दिए थे।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
















/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)





