लॉर्ड्स में डेब्यू वाले मुश्फिकुर पहली बार ऑस्ट्रेलिया में खेलेंगे:100+ मैचों के करियर में 21 साल बाद मिला मौका; तैयारी शुरू
बांग्लादेश क्रिकेट टीम 2003 के बाद पहली बार टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर है। टीम ने डार्विन के डीएक्ससी एरिना में अभ्यास शुरू कर दिया है, जहां 13 अगस्त से वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के तहत पहला टेस्ट मैच खेला जाएगा। इस दौरे पर 39 वर्षीय विकेटकीपर-बल्लेबाज मुश्फिकुर रहीम भी टीम का हिस्सा हैं। अपने 21 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर में मुश्फिकुर पहली बार ऑस्ट्रेलिया में कोई टेस्ट मैच खेलेंगे। वे 100 से अधिक टेस्ट खेलने वाले एकमात्र बांग्लादेशी क्रिकेटर हैं। उन्होंने 2005 में लॉर्ड्स में डेब्यू किया था। साल 2017 में मीरपुर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट जीत के बाद मुश्फिकुर को जल्द ही ऑस्ट्रेलियाई दौरे की उम्मीद थी, लेकिन यह मौका उन्हें अब मिला है। इस सीरीज के लिए उन्होंने अपनी तकनीकी तैयारियों में कुछ बदलाव किए हैं। ऑस्ट्रेलिया की पिचों के बारे में वहां रहने वाले परिचितों से जानकारी लेने के बाद वे अपने नियमित बल्ले की तुलना में थोड़ा हल्का बल्ला इस्तेमाल कर रहे हैं, ताकि स्क्वायर ऑफ द विकेट शॉट आसानी से खेल सकें। इसके अलावा, पैट कमिंस और जोश हेजलवुड जैसे तेज गेंदबाजों का सामना करने के लिए उन्होंने इनस्विंग गेंदों पर विशेष अभ्यास किया है। बीसीबी के मुख्य चयनकर्ता और पूर्व कप्तान हबीबुल बशर ने मुश्फिकुर के इस दौरे को उनकी निरंतर मेहनत का परिणाम बताया है। बशर के अनुसार, उम्र और करियर के इस पड़ाव को देखते हुए यह मुश्फिकुर का ऑस्ट्रेलिया में आखिरी टेस्ट दौरा हो सकता है। इसलिए वे इस अवसर का पूरा उपयोग कर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का प्रयास करेंगे। बांग्लादेश के फैब-5 के इकलौते सक्रिय खिलाड़ी हैं मुश्फिकुर - बांग्लादेश के ‘फैब फाइव’ (पांच दिग्गज) खिलाड़ियों में से केवल मुश्फिकुर ही अब पूरी तरह से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सक्रिय हैं। उनके साथी खिलाड़ी शाकिब अल हसन और मशरफे मुर्तजा राजनीति से जुड़ चुके हैं। - तमीम इकबाल ने संन्यास के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष का पद संभाल लिया है, जबकि महमूदुल्लाह घरेलू क्रिकेट खेलने के साथ-साथ अब कोचिंग की भूमिकाओं में आ गए हैं और बांग्लादेश-ए टीम के बैटिंग कोच के रूप में ऑस्ट्रेलिया जा रहे हैं।
वनडे वर्ल्डकप के लिए वेस्टइंडीज का सीधे क्वालिफिकेशन मुश्किल:क्वालिफायर खेलना पड़ सकता है, 22 फरवरी से 23 मार्च तक क्वालिफायर होगा
2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए वेस्टइंडीज का सीधे क्वालिफाई करना मुश्किल नजर आ रहा है। टीम मौजूदा रैंकिंग में 10वें स्थान पर हैं। उसे अब दो मैच इंडिया के खिलाफ खेलने हैं। अगर टीम 30 सितंबर 2026 तक वनडे रैंकिंग में टॉप-8 में जगह नहीं बना पाती है, तो उसे अगले साल 22 फरवरी से 23 मार्च के बीच होने वाला 10 टीमों का वर्ल्ड कप क्वालिफायर खेलना पड़ेगा। क्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, ICC ने क्वालिफायर की तारीखों का ऐलान कर दिया है। हालांकि मेजबान स्थल की घोषणा अभी बाकी है। क्वालिफायर टूर्नामेंट का आयोजन अगले साल 22 फरवरी से 23 मार्च के बीच किया जाएगा। साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होगा वर्ल्ड कप 2027 वनडे वर्ल्ड कप का आयोजन 4 अक्टूबर से 21 नवंबर तक साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया के 12 वेन्यू पर किया जाएगा। 10 टीमों वाले क्वालिफायर में 30 सितंबर 2026 तक की वनडे रैंकिंग के आधार पर दो सबसे निचली रैंकिंग वाली फुल मेंबर टीमें शामिल होंगी। इसमें मेजबान साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे को शामिल नहीं किया गया है। इनके साथ क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग 2 की शीर्ष चार टीमें और वर्ल्ड कप क्वालीफायर प्लेऑफ की शीर्ष चार टीमें जुड़ेंगी। आठ टीमों वाले क्वालीफायर प्लेऑफ में क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग 2 की निचली चार टीमें और चैलेंज लीग की शीर्ष चार टीमें होंगी। प्लेऑफ का फॉर्मेट अभी तय नहीं हुआ है, लेकिन इसमें शीर्ष चार स्थान पर रहने वाली टीमें वर्ल्ड कप क्वालीफायर के लिए क्वालीफाई करेंगी। चैलेंज लीग का फॉर्मेट चैलेंज लीग में 12 टीमें होंगी जिन्हें छह-छह के दो ग्रुप में बांटा जाएगा। प्रत्येक ग्रुप क्वालीफिकेशन चक्र के दौरान तीन राउंड-रॉबिन टूर्नामेंट खेलेगा। हर ग्रुप की शीर्ष दो टीमें वर्ल्ड कप क्वालीफायर प्लेऑफ में जगह बनाएंगी। वेस्टइंडीज की स्थिति पर नजर वेस्टइंडीज फिलहाल वनडे रैंकिंग में 10वें स्थान पर है और 30 सितंबर की कट-ऑफ तारीख से पहले उनके पास केवल दो मैच बचे हैं, जो सितंबर में भारत के खिलाफ खेले जाएंगे। वेस्टइंडीज का शीर्ष आठ में पहुंचना अन्य मैचों के नतीजों पर भी निर्भर करेगा, खासकर अफगानिस्तान (आठवें स्थान) और आयरलैंड (12वें स्थान) के बीच होने वाली सीरीज पर। अगर आयरलैंड पांच मैचों की सीरीज 4-1 या 5-0 से जीतता है, तो भारत के खिलाफ दो जीत वेस्टइंडीज को शीर्ष आठ में पहुंचाने के लिए काफी हो सकती हैं। हालांकि, अगर अफगानिस्तान सीरीज जीतता है, तो वेस्टइंडीज का क्वालीफिकेशन राउंड से गुजरना लगभग तय हो जाएगा। गौरतलब है कि वेस्टइंडीज 2023 वनडे वर्ल्ड कप के लिए भी क्वालीफाई नहीं कर पाया था, जहां हरारे में क्वालीफायर के दौरान नीदरलैंड्स के खिलाफ सुपर ओवर में मिली हार ने उनकी उम्मीदें खत्म कर दी थीं।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 










