चक्रवात ‘अर्नब’ हुआ सक्रिय, 28 अक्टूबर को Andhra Pradesh तट से टकराने की चेतावनी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को बताया कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरे दबाव का क्षेत्र चक्रवात ‘अर्नब’ में तब्दील हो गया है तथा इसके 27 अक्टूबर तक अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान में बदलने तथा अगले दिन सुबह आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की आशंका है। आईएमडी के राष्ट्रीय बुलेटिन के अनुसार, सोमवार सुबह साढ़े पांच बजे चक्रवात बंगाल की खाड़ी के मध्य-पूर्वी और उससे सटे मध्य-पश्चिमी हिस्से में केंद्रित था। पिछले छह घंटों के दौरान यह 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम की ओर बढ़ा।
मौसम विभाग ने एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा दबाव चक्रवात ‘अर्नब’ में तब्दील हो गया है और इसके 27 अक्टूबर तक अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान में बदलने तथा 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की आशंका है।” विभाग ने बताया कि यह चक्रवाती प्रणाली अंडमान द्वीपसमूह के श्री विजय पुरम से करीब 590 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में, विशाखापत्तनम से 650 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व में, काकीनाडा से 730 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व में, मछलीपत्तनम से 830 किलोमीटर पूर्व में और बापटला से 910 किलोमीटर पूर्व में स्थित थी। मौसम विभाग के अनुसार, इस प्रणाली के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और सोमवार आधी रात तक बंगाल की खाड़ी के मध्य-पश्चिमी हिस्से में भीषण चक्रवाती तूफान में बदलने की प्रबल संभावना है। इसके बाद 27 अक्टूबर तक इसके और मजबूत होकर अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान बनने का अनुमान है।
इसके बाद चक्रवात के उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने और 28 अक्टूबर की सुबह तक बापटला एवं विशाखापत्तनम के बीच आंध्र प्रदेश और यानम के तटों को पार करने की आशंका है। इस दौरान हवा की अधिकतम निरंतर रफ्तार 125 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि हवा की गति 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है। इस चक्रवाती प्रणाली के प्रभाव से तटीय आंध्र प्रदेश, यानम और रायलसीमा में कुछ स्थानों पर गरज-चमक की आशंका है।
मौसम विभाग ने 27 और 28 अक्टूबर को तटीय आंध्र प्रदेश तथा यानम में भारी से बहुत भारी बारिश और कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। इन क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में 29 अक्टूबर को भी भारी बारिश हो सकती है। इस बीच, आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एपीएसडीएमए) के प्रबंध निदेशक प्रखर जैन ने कहा कि अगले तीन दिन बेहद महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षा संबंधी सावधानियों का सख्ती से पालन करने की अपील की। जैन ने आगाह किया कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवात के लगातार मजबूत होने के बीच लोगों को अपनी सतर्कता में कोई कमी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को आधिकारिक परामर्शों का पालन करने और जरूरी एहतियाती कदम उठाने की सलाह दी।
Jordan Church Attack: करक में ग्रीक ऑर्थोडॉक्स गिरजाघर पर हमले के 3 आरोपी मुठभेड़ के बाद अरेस्ट
जॉर्डन में सुरक्षा बलों ने एक ग्रीक ऑर्थोडॉक्स चर्च पर हुए हमले के सिलसिले में सोमवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया। शुक्रवार को हुए इस हमले में नौ लोगों की मौत हो गई थी और 24 से अधिक लोग घायल हुए थे। सार्वजनिक सुरक्षा निदेशालय ने बताया कि तीनों संदिग्धों को सोमवार तड़के हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया जिसमें तीनों घायल हो गए।
उसने बताया कि जॉर्डन की राजधानी अम्मान के दक्षिण में स्थित करक में तड़के चलाए गए अभियान में सुरक्षा बलों का कोई भी सदस्य घायल नहीं हुआ। करक में ईसाई अल्पसंख्यक आबादी रहती है। करक स्थित ग्रीक ऑर्थोडॉक्स गिरजाघर पर शुक्रवार को एक अंतिम संस्कार के दौरान हमला हुआ था।
इस हमले में तीन लोगों के शामिल होने की खबर थी। अब तक किसी भी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है और न ही किसी सशस्त्र समूह पर इसका आरोप लगाया गया है। जॉर्डन के गृह मंत्री माजेन अल-फराया ने तीनों लोगों की पहचान हमले के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों के रूप में की।
उन्होंने सरकारी टीवी चैनल ‘अल-ममलका’ को फोन पर दिए साक्षात्कार में कहा, “सुरक्षा एजेंसियों ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया है, जिसके परिणामस्वरूप इस आतंकवादी कृत्य को अंजाम देने वालों को पकड़ लिया गया है।” उन्होंने कहा, “उन्होंने सुरक्षा बलों का कड़ा प्रतिरोध किया, लेकिन अंततः उन्हें काबू करके हिरासत में ले लिया गया। इस दौरान उन्हें गंभीर चोटें आईं।” मंत्री ने कहा कि इस घटना में तीन लोग शामिल थे। उनकी पहचान घटना के तुरंत बाद कर ली गई थी और सुरक्षा एजेंसियों ने उन्हें पकड़ने के लिए उपलब्ध सभी साधनों का इस्तेमाल किया।
जॉर्डन के शाह अब्दुल्ला द्वितीय ने अधिकारियों को इस्लाम के नाम पर कानून तोड़ने वालों और जॉर्डन के लोगों की एकता को कमजोर करने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ ‘सख्ती’ से कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi








