अफगानिस्तान से डरा पाकिस्तान! मंत्री बोले- हम पर हो सकती है जवाबी कार्रवाई
इस्लामाबाद, 25 फरवरी (आईएएनएस)। अफगानिस्तान के सीमावर्ती इलाकों पर एयरस्ट्राइक कर अपनी बहादुरी के कसीदे गढ़ रहा पाकिस्तान अब खौफजदा है। इसकी वजह अफगानिस्तान ही है। इस्लामाबाद को डर है कि कहीं काबुल अपना बदला लेने के लिए जवाबी हमला न कर दे।
पाकिस्तान के गृह मंत्री तलाल चौधरी ने खुद ये बयान दिया है। उन्होंने इस मुकाबले से लड़ने के लिए पूरे देश में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद करने का दम भी भरा है। बुधवार को चौधरी ने ये बातें रॉयटर्स न्यूज एजेंसी से कही।
चौधरी ने बताया, किसी भी हमले से निपटने के लिए हमारी सेना हाई-अलर्ट पर है। आप जानते हैं कि जब भी हम अफगानिस्तान के मिलिटेंट ठिकानों पर हमला करते हैं, तो वो हमेशा जवाबी हमला करते हैं।
पाकिस्तान ने पिछले हफ्ते अफगानिस्तान के रिहायशी इलाकों पर एयरस्ट्राइक की थी। काबुल ने कहा था कि इस हमले में कई आम नागरिकों की जान गई है, तो पाकिस्तान ने कहा कि उनके निशाने पर अफगानिस्तान के आतंकी समूह थे, जिन्हें वह पाक के अंदर हाल ही में हुए कई आत्मघाती हमलों का जिम्मेदार मानता है।
इस्लामाबाद का आरोप है कि काबुल ने लड़ाकों को अफगानिस्तान को एक सुरक्षित पनाहगाह के तौर पर इस्तेमाल करने की इजाजत दे रखी है। हालांकि तालिबान ने इन आरोपों से इनकार करते हुए हमेशा कहा है कि मिलिटेंसी पाकिस्तान की अंदरूनी समस्या है।
प्रमुख स्थानीय दैनिक डॉन के अनुसार पाकिस्तानी और अफगान सेनाओं के बीच मंगलवार को सीमा पर गोलीबारी हुई थी, जिसमें दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर झड़प शुरू करने का आरोप लगाया था।
चौधरी के डर की वजह पिछले कुछ दिनों में हुए ताबड़तोड़ हमले हैं, जिनमें बड़ी संख्या में पुलिस और सुरक्षाकर्मी मारे गए हैं। हाल ही में कोहाट में पुलिस गाड़ी को निशाना बनाया गया, जिसमें एक अधिकारी समेत 5 पुलिसकर्मी मारे गए और दो आम नागरिक भी हताहत हुए। मंगलवार को ही एक चेकपॉइंट पर सुसाइड बम धमाका हुआ, जिसमें दो पुलिसकर्मी मारे गए।
चौधरी के अनुसार जवाबी हमलों ने इस्लामाबाद की बात को सच साबित किया है। उनका देश हमेशा से कहता आया है कि अफगानिस्तान, पाकिस्तान विरोधी ताकतों को सहारा देता है। उन्होंने यह भी कहा कि हाल के हफ्तों में फोर्स ने कई हमलों को टाला है और कई संदिग्धों को गिरफ्तार भी किया है।
मंत्री ने कहा कि सुरक्षा बलों ने सर्च और इंटेलिजेंस-बेस्ड ऑपरेशन तेज कर दिए हैं और दर्जनों संदिग्धों, उनके मददगारों और पनाहगारों को गिरफ्तार किया है।
चौधरी ने सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि आने वाले दिनों में पाकिस्तान में टेरर अटैक की कोशिश में बढ़ोतरी हो सकती है।
ग्लोबल मॉनिटरिंग ऑर्गनाइजेशन, आर्म्ड कॉन्फ्लिक्ट लोकेशन एंड इवेंट डेटा (एसीएलईडी) के मुताबिक, 2022 से हर साल हमलों की संख्या बढ़ रही है। एसीएलईडी के डेटा से पता चलता है कि पाकिस्तान में हमले 2022 में 658 से लगभग चार गुना बढ़कर 2025 में 2,425 हो गए और इसी दौरान, तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के हमले सात गुना से बढ़ गए। 2022 में जहां इसकी संख्या 118 थी वहीं 2025 में हमलों की संख्या बढ़कर 838 हो गई।
--आईएएनएस
केआर/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
पीएम नेतन्याहू ने प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा को बताया ऐतिहासिक, कहा- हमारी दोस्ती ही दोनों देशों के मजबूत रिश्ते की नींव
तेल अवीव, 25 फरवरी (आईएएनएस)। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दो दिवसीय यात्रा को ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने कहा कि नौ साल बाद पीएम मोदी फिर इजरायल आए हैं। नेतन्याहू ने दोनों देशों के बीच गहरे संबंधों और मजबूत द्विपक्षीय मित्रता का जिक्र किया।
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 साल बाद एक बार फिर इजरायल की दो दिवसीय यात्रा पर आए हुए हैं। मेरी पत्नी सारा और मैंने आज अपने अच्छे दोस्त, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया। यह इजरायल का एक और ऐतिहासिक दौरा साबित होगा।
बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने इससे पहले 2017 में इजरायल का दौरा किया था। उसके बाद में मैंने भी भारत का दौरा किया, जो सच में बहुत खास था। हमारे बीच करीबी व्यक्तिगत रिश्ते हैं। हम अक्सर बात करते हैं, और मेरा मानना है कि हमारे बीच गहरी दोस्ती हमारे दोनों देशों के बीच के रिश्तों को और मजबूती से दिखाती है।
बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि हम नेसेट में एक फेस्टिव रिसेप्शन में शामिल होंगे। येरुशलम में एक इनोवेशन इवेंट में जाएंगे और प्रधानमंत्री मोदी को एक जॉइंट डिनर पर होस्ट करेंगे। कल हम वाशेम जाएंगे और उसके बाद अपनी टीमों के साथ एक और मीटिंग करेंगे। उस दौरान हम आर्थिक, सुरक्षा और डिप्लोमैटिक क्षेत्रों में कई समझौतों पर साइन करेंगे, जो इजरायल और भारत के बीच सहयोग को और आगे बढ़ाएंगे।
वहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने भी एक्स पर इजरायल में हुई मुलाकात का जिक्र करते हुए लिखा, प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ बहुत अच्छी मीटिंग हुई। दिन में पहले हुए गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए उनका शुक्रिया किया। नौ साल बाद इजरायल वापस आकर बहुत खुशी हो रही है। हमने आपसी रिश्तों को बढ़ाने के मकसद से कई विषयों पर बात की। तकनीक, जल प्रबंधन, कृषि, टैलेंट पार्टनरशिप और ऐसे कई सेक्टर हैं, जिनमें करीबी सहयोग की बहुत गुंजाइश है। हमने इस इलाके में हो रहे खास डेवलपमेंट पर भी बात की।
इस दौरे में पीएम मोदी का नेतन्याहू, इजराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्ज़ोग के साथ बातचीत करने, इजरायली संसद को संबोधित करने और कई दूसरे कार्यक्रमों में हिस्सा लेने का प्लान है।
--आईएएनएस
एवाई/एबीएम
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation
















.jpg)





