India के खिलाफ T20 Series के बाकी मैचों के लिए New Zealand टीम में कई बदलाव
न्यूजीलैंड ने अपने तेज गेंदबाजों के कार्यभार प्रबंधन के लिए भारत के खिलाफ मौजूदा टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट श्रृंखला के बाकी बचे मैचों के लिए अपनी टीम में कई बदलाव किए हैं। तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन और मैट हेनरी कार्यभार प्रबंधन के तहत तीसरे मैच में नहीं खेलेंगे। फर्ग्यूसन रविवार को ऑकलैंड के लिए रवाना होंगे और ईडन पार्क और सेडन पार्क में होने वाले चौथे और पांचवें टी20 मैचों के लिए फिर से टीम से जुड़ेंगे। हेनरी क्राइस्टचर्च में ही रहेंगे और दो नवंबर को ऑकलैंड में वनडे टीम के साथ जुड़ेंगे। काइल जैमीसन मंगलवार को हेनरी स्टेडियम में होने वाले तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के बाद वेलिंगटन में ही रुकेंगे।
वह 31 अक्टूबर को सेलो बेसिन रिजर्व में फोर्ड ट्रॉफी के दूसरे दौर में कैंटरबरी के लिए खेलेंगे और इसके बाद एकदिवसीय श्रृंखला के लिए राष्ट्रीय टीम से जुड़ेंगे। ब्लेयर टिकनर अंतिम तीन टी20 मैचों के लिए जबकि जोश क्लार्कसन को अंतिम दो मैचों के लिए न्यूजीलैंड की टीम में शामिल किया गया है। मैट फिशर को तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के लिए कवर के तौर पर टीम में शामिल किया गया है। इसके बाद वह फिर से न्यूजीलैंड ए टीम से जुड़ जाएंगे।
न्यूजीलैंड के मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने कहा कि टीम का गेंदबाजी विभाग काफी मजबूत है और इससे आगे के व्यस्त कार्यक्रम को देखते हुए तेज गेंदबाजों के कार्यभार प्रबंधन में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा, ‘‘टी20 श्रृंखला अभी तक काफी कड़ी रही है, जिसमें दो बेहद करीबी मैच खेले गए लेकिन अभी हमें काफी क्रिकेट खेलनी है।’’
वाल्टर ने कहा, ‘‘हमारे पास कई विकल्प मौजूद हैं और इसलिए हम अलग-अलग खिलाड़ियों को टीम में शामिल करके तेज गेंदबाजों का कार्यभार प्रबंधन अच्छी तरह से कर सकते हैं। इससे हम यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि वह आने वाले मैचों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें।’’
KL Rahul और Jaiswal फिर फ्लॉप, Padikkal-सुदर्शन ने India A को उबारा
देवदत्त पडिक्कल और साई सुदर्शन ने जुझारू बल्लेबाजी करते हुए भारत ए को न्यूजीलैंड ए के खिलाफ रविवार को यहां चार दिवसीय अनौपचारिक टेस्ट के दूसरे दिन शुरुआती झटकों से उबारा। पहली पारी में 113 रन पर आउट होने वाली भारतीय टीम ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक एक अपनी दूसरी पारी में दो विकेट पर 106 रन बनाए हैं। इससे पहले न्यूजीलैंड ए ने अपनी पहली पारी में 317 रन बनाकर 204 रन की बढ़त हासिल की थी। इस तरह से भारतीय टीम अभी उससे 98 रन पीछे है।
सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (05) और केएल राहुल (04) मैच में दूसरी बार फ्लॉप रहे, जिससे भारतीय टीम दूसरी पारी में 10 रन पर दो विकेट गंवाने से संकट में पड़ गई। इसके बाद पडिक्कल (89 गेंदों पर नाबाद 56 रन) और सुदर्शन (104 गेंदों पर नाबाद 39 रन) ने तीसरे विकेट के लिए 96 रन की अटूट साझेदारी करके पारी को संभाला। इस साझेदारी में पडिक्कल अधिक आक्रामक खेले। उन्होंने अभी तक अपनी पारी में नौ चौके लगाए हैं, जबकि सुदर्शन ने पांच चौके जड़े हैं।
पडिक्कल ने पहली पारी में भी 77 गेंद पर 32 रन बनाए थे और तब उन्होंने लगभग दो घंटे क्रीज पर बिताए थे। भारत का दारोमदार पडिक्कल और सुदर्शन पर टिका है। यह दोनों अपनी साझेदारी को मजबूत करने की कोशिश करेंगे जिससे कि भारतीय टीम न्यूजीलैंड ए के सामने एक चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रख सके। भारतीय टीम कप्तान ध्रुव जुरेल, यश राठौड़ और वाशिंगटन सुंदर से अच्छे योगदान की उम्मीद करेगी।
न्यूजीलैंड ए ने सुबह अपनी पहली पारी तीन विकेट पर 135 रन से आगे बढ़ाई और उसकी टीम 89.3 ओवर में 317 रन पर आउट हो गई। मेजबान टीम के कप्तान रीस मारियू ने धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए 137 गेंदों पर 76 रन जबकि डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने 51 रन बनाए।
सलामी बल्लेबाज कर्टिस हीफी (44), क्रिस्टियन क्लार्क (42) और विकेटकीपर मिशेल हे (24) ने भी उपयोगी योगदान दिया। भारत के गेंदबाजों में अनुशासन की कमी थी और उन्होंने 46 अतिरिक्त रन दिए। भारतीय गेंदबाजों में तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज (52 रन देकर तीन विकेट) और औकिब नबी (69 रन देकर तीन विकेट) ने तीन-तीन विकेट लिए। आकाश दीप ने दो जबकि मुकेश चौधरी और वाशिंगटन सुंदर ने एक-एक विकेट लिया।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi






