Himachal Pradesh के छह मेडिकल कॉलेजों में 320 PG सीट मंजूर, केंद्र देगा 415 करोड़ रुपये
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा ने शनिवार को कहा कि केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश के छह सरकारी मेडिकल कॉलेजों में स्नातकोत्तर (पीजी) मेडिकल की 320 सीट को मंजूरी दे दी है और इसके लिए भारत सरकार करीब 415 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान कर रही है। नड्डा ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार इसी तत्परता से आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करेगी ताकि लोगों को जल्द से जल्द इस पहल का लाभ मिल सके। स्वास्थ्य मंत्रालय के बयान के अनुसार, शिमला, टांडा, हमीरपुर, मंडी, नाहन और चंबा स्थित मेडिकल कॉलेजों को मिली इस मंजूरी का उद्देश्य राज्य में विशेषज्ञ चिकित्सा शिक्षा का विस्तार करना और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच में सुधार करना है।
नड्डा ने कहा कि यह फैसला राज्य में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इससे विशेषज्ञ डॉक्टर बनने के इच्छुक युवाओं के लिए बड़े अवसर पैदा होंगे और हिमाचल प्रदेश में विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने 23 जून 2026 को अपना प्रस्ताव भेजा था।
इसके बाद छह अक्टूबर 2026 को बिलासपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) दीक्षांत समारोह के दौरान हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के साथ इस विषय पर चर्चा हुई थी। नड्डा ने कहा, ‘‘केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश के प्रस्ताव पर त्वरित कदम उठाते हुए पीजी मेडिकल की सभी 320 सीट को मंजूरी दे दी है। अब हम उम्मीद करते हैं कि राज्य सरकार भी इसी गति से आगे बढ़ेगी और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करेगी ताकि हिमाचल प्रदेश के छात्रों और लोगों को जल्द से जल्द इस पहल का लाभ मिल सके।’’ नड्डा ने केंद्र सरकार के सहयोग से हिमाचल प्रदेश में महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को भी तेजी से लागू करने का आह्वान किया।
चंडीगढ़-बद्दी और भानुपल्ली-बिलासपुर रेल परियोजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने राज्य के वित्तीय अंशदान और भूमि उपलब्धता से जुड़े लंबित मुद्दों के शीघ्र समाधान पर जोर दिया।
Vijay Vihar में अवैध पटाखों की तस्करी नाकाम, दिल्ली पुलिस ने 66 किलो सामग्री के साथ एक को पकड़ा
दिल्ली के विजय विहार इलाके में बिना वैध लाइसेंस के पटाखे रखने और उनका परिवहन करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है और उसके तिपहिया वाहन से 66 किलोग्राम पटाखे बरामद किए गए हैं। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिल्ली के रामपुरा निवासी विजेंद्र कुमार (33) के रूप में हुई है और उसे मंगलवार को रात में एक पार्क के पास गश्त कर रही पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, टीम ने सड़क किनारे खड़ा एक तिपहिया वाहन देखा, जिसमें चालक बैठा था। जब उससे वहां खड़े होने और वाहन में रखे सामान के बारे में पूछा गया, तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पुलिस ने बताया कि वाहन की तलाशी लेने पर उसके अंदर अलग-अलग प्रकार के 66 किलोग्राम पटाखे मिले।
अधिकारियों के अनुसार, कुमार ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि वह वैध लाइसेंस के बिना ही पटाखे बेचने के लिए लाया था। पुलिस ने पटाखों और तिपहिया वाहन को जब्त कर लिया है। पुलिस ने बताया कि बुधवार को विजय विहार थाने में विस्फोटक अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
मामले की जांच की जा रही है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi










