IND vs SA: अहमदाबाद में सुपर-8 में खुली टीम इंडिया की पोल, मिली T20 वर्ल्ड कप इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी हार
IND vs SA Super-8: भारतीय टीम को सुपर-8 के अपने पहले ही मैच में साउथ अफ्रीका के खिलाफ करारी हार का सामना करना पड़ा है. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में साउथ अफ्रीका ने भारत को 76 रनों से हरा दिया है. पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ने 187 रन बनाए थे. जवाब में टीम इंडिया 18.5 ओवरों में 111 रनों पर सिमट गई. बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में रनों के लिहाज से भारत की ये दूसरी सबसे बड़ी हार है.
टीम इंडिया की शुरुआत रही बेहद खराब
साउथ अफ्रीका के दिए 188 रनों की लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत भी बेहद खराब रही. 51 रन के स्कोर पर भारत की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी. ईशान किशन बिना खाता खोले आउट हुए. तिलक वर्मा (1), अभिषेक शर्मा (15), वाशिंगटन सुंदर (11) और कप्तान सूर्यकुमार यादव (18) रन बनाकर आउट हो गए.
भारत के लिए शिवम दुबे ने बनाए सबसे ज्यादा 42 रन
इसके बाद 86 रनों के स्कोर पर भारत ने 8 विकेट गंवा दिए. केशव महाराज ने एक ही ओवर में टीम इंडिया को 3 झटके दिए. उन्होंने पहले हार्दिक पांड्या को 18 रन के निजी स्कोर पवेलियन भेजा. इसके बाद अगले गेंद पर रिंकू को चलता किया. रिंकू खाता भी नहीं खोल सके. फिर ओवर की आखिरी गेंद पर 1 रन के निजी स्कोर पर अर्शदीप सिंह को अपना शिकार बनाया. इसके बाद शिवम दुबे 37 गेंद पर 42 रन बनाकर आउट हुए. फिर देखते ही देखते भारत की पूरी टीम 18.5 ओवरों में 111 रनों पर सिमट गई.
साउथ अफ्रीका ने खड़ा किया 187 रनों का लक्ष्य
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही थी, लेकिन फिर भी टीम ने 7 विकेट पर 187 रनों का स्कोर खड़ा किया. टीम के लिए डेविड मिलर ने 35 गेंदों पर 63 रनों की शानदार पारी खेली. इस दौरान उन्होंने 7 चौके और 3 छक्के लगाए. वहीं डेवाल्ड ब्रेविस 29 गेंद पर 45 रन बनाए, जिसमें 3 चौका और 3 छक्का शामिल है. जबकि ट्रिस्टन स्टब्स ने 24 गेंदों पर नाबाद 44 रनों की पारी खेली. इस दौरान उन्होंने एक चौका और 3 छक्का लगाया.
भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने 3 विकेट लिए. अर्शदीप सिंह ने 2 विकेट चटकाए. जबकि वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे को 1-1 सफलता मिली.
PM Surya Ghar Yojana: पीएम सूर्य घर योजना से घटेगा बिजली बिल, जानें 3 किलोवाट तक कितनी मिलेगी सब्सिडी
PM Surya Ghar Yojana: बढ़ते बिजली बिल ने आम परिवारों की जेब पर असर डालना शुरू कर दिया है. हर महीने आने वाला भारी बिल घरेलू बजट को बिगाड़ देता है. इसी समस्या से राहत देने के लिए केंद्र सरकार ने पीएम सूर्य घर योजना शुरू की है. इस योजना का मकसद लोगों को अपनी छत पर सोलर पैनल लगाकर खुद बिजली पैदा करने के लिए प्रोत्साहित करना है.
सरकार का क्या है लक्ष्य
सरकार का लक्ष्य देश के एक करोड़ घरों को रूफटॉप सोलर सिस्टम से जोड़ना है. योजना के तहत परिवार अपनी जरूरत की बिजली खुद तैयार कर सकेंगे. अगर अतिरिक्त बिजली बनेगी तो उसे ग्रिड के जरिए इस्तेमाल या समायोजित किया जा सकेगा. इससे न सिर्फ बिजली बिल कम होगा, बल्कि ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता भी बढ़ेगी.
कितनी मिलती है सब्सिडी
सब्सिडी की बात करें तो सरकार 2 किलोवाट तक के सिस्टम पर 30 हजार रुपये प्रति किलोवाट की दर से सहायता देती है. यानी 2 किलोवाट तक कुल 60 हजार रुपये की मदद मिल सकती है. यदि कोई उपभोक्ता 3 किलोवाट का सिस्टम लगवाता है तो तीसरे किलोवाट पर 18 हजार रुपये अतिरिक्त मिलते हैं. इस तरह अधिकतम 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में ट्रांसफर की जाती है.
इन शर्तों पर मिलेगा लाभ
योजना का लाभ लेने के लिए कुछ शर्तें भी तय की गई हैं. सोलर सिस्टम केवल रिहायशी मकान पर ही लगाया जा सकता है. सिस्टम ग्रिड कनेक्टेड या हाइब्रिड मॉडल का होना चाहिए. इसके अलावा पैनल भारत में बने डीसीआर मॉड्यूल होने चाहिए और इंस्टॉलेशन सरकार द्वारा पंजीकृत वेंडर से ही कराना अनिवार्य है. एक मकान को यह सब्सिडी सिर्फ एक बार मिलेगी.
कैसे करें आवेदन
आवेदन से पहले आधार से लिंक बैंक खाता, हालिया बिजली बिल, मकान के मालिकाना हक का प्रमाण और कैंसिल चेक जैसे दस्तावेज तैयार रखना जरूरी है. इच्छुक उपभोक्ता आधिकारिक पोर्टल पर कंज्यूमर लॉगिन बनाकर आवेदन कर सकते हैं. डिस्कॉम की मंजूरी के बाद पैनल इंस्टॉल कराया जाता है और नेट मीटरिंग पूरी होने पर सब्सिडी डीबीटी के जरिए सीधे खाते में भेज दी जाती है.
यह भी पढ़ें: Solar Panels के इस्तेमाल से कैसे कर सकते हैं बिजली की कमी को पूरा, जाने यहां
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation



















