अमेरिका के पूर्वी तट पर बर्फीले तूफान की चेतावनी, 1500 से अधिक उड़ानें रद्द
वॉशिंगटन, 22 फरवरी (आईएएनएस)। अमेरिका के पूर्वी तट पर बर्फीले तूफान की चेतावनी जारी की गई है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट और मौसम विभाग की माने तो तीव्र हो रहे शीतकालीन तूफान के कारण मध्य अटलांटिक और उत्तरपूर्वी अमेरिका में भारी बर्फबारी, तेज हवाएं और तटीय क्षेत्रों में बाढ़ आने की आशंका है।
इसके चलते न्यूयॉर्क और बोस्टन सहित प्रमुख शहरों में बर्फीले तूफान की चेतावनी जारी की गई है, जिसकी वजह से 1500 से अधिक उड़ानें रद्द हो गई हैं।
राष्ट्रीय मौसम सेवा के मौसम पूर्वानुमान केंद्र ने कहा कि दक्षिणपूर्वी क्षेत्र में बना निम्न दबाव रविवार सुबह तक दक्षिणी मध्य अटलांटिक तट की ओर बढ़ेगा और शाम तक तेजी से गहरा होकर पूर्वी तट के साथ उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ेगा। अपने नवीनतम अल्पकालिक पूर्वानुमान में, केंद्र ने उत्तर-पूर्व के लिए एक बड़े शीतकालीन तूफान और उत्तरी मध्य अटलांटिक और उत्तर-पूर्व के लिए भारी बर्फबारी की चेतावनी दी है।
मौसम पूर्वानुमान में कहा गया है कि कभी-कभी एक इंच प्रति घंटे से अधिक की दर से बर्फबारी होगी, जिससे कुल बर्फबारी एक से दो फीट तक हो सकती है, जिसकी वजह से यात्रा लगभग असंभव हो जाएगी। इसमें यह भी कहा गया है कि यह प्रणाली मध्य अटलांटिक तट से दूर एक निम्न दबाव प्रणाली के तेजी से तीव्र होने के कारण रविवार से सोमवार तक मध्य अटलांटिक और उत्तर-पूर्व में व्यापक रूप से गंभीर प्रभाव डालेगी।
बता दें कि डेलावेयर से लेकर दक्षिण-पूर्वी न्यू इंग्लैंड तक तटीय क्षेत्रों में बर्फीले तूफान की स्थिति का पूर्वानुमान है। मौसम विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि दृश्यता में भारी कमी के कारण इन क्षेत्रों में यात्रा बेहद खतरनाक हो जाएगी, और तटीय न्यू जर्सी से लेकर दक्षिण-पूर्वी न्यू इंग्लैंड तक 40 से 70 मील प्रति घंटे की रफ्तार से हवा के झोंके चलने की आशंका है।
मौसम पूर्वानुमान केंद्र ने कहा कि भारी, गीली बर्फ और तेज हवाओं के संयोजन से कहीं-कहीं से लेकर कई जगहों पर बिजली गुल होने की अशंका है, और डेलावेयर से केप कॉड तक तटीय क्षेत्रों में मध्यम बाढ़ और तट के पास सड़कों और संपत्तियों के जलमग्न होने की चेतावनी भी दी है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि रविवार रात को एक से दो इंच प्रति घंटे या उससे अधिक की बर्फबारी की दर से यात्रा करना खतरनाक, बल्कि असंभव हो सकता है।
अमेरिका में फरवरी के महीने में अटलांटिक तट पर अक्सर शक्तिशाली शीतकालीन तूफान आते हैं, जब ठंडी महाद्वीपीय हवाएं अपेक्षाकृत गर्म अटलांटिक जल के संपर्क में आती हैं।
--आईएएनएस
सत्यम/एएस
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
Weather Update: देश के कई राज्यों में बारिश की आशंका, IMD ने जारी किया अलर्ट; जानें दिल्ली- यूपी में कैसा रहेगा मौसम
Weather Update: उत्तर भारत में मौसम तेजी से बदल रहा है. ठंड की विदाई के साथ गर्मी की शुरुआत होने लगी है. इस बीच मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. इसके साथ ही विभाग ने कुछ राज्यों में तूफान की भी आशंका जताई है. इस दौरान 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग के मुताबिक 22 फरवरी से 24 फरवरी (रविवार से मंगलवार) तक देश के 12 राज्यों में भारी बारिश की आशंका है.
इन राज्यों में भारी बारिश की आशंका
मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार से अगले तीन दिनों तक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, तेलंगाना, कर्नाटक और तमिलनाडु में भारी बारिश की आशंका है. जबकि उत्तराखंड में 22 से 24 फरवरी के बीच भारी बारिश हो सकती है.
दिल्ली में कैसा रहेगा आज मौसम का मिजाज
वहीं राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में आज यानी रविवार (22 फरवरी) को आसमान साफ रहेगा और दिन में तेज धूप खिली रहेगी. इस दौरान अधिकतम तापमान के 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. वहीं केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार शाम छह बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 211 दर्ज किया गया जो 'खराब' श्रेणी में रहा.
यूपी में भी तेजी से बदल रहा मौसम
वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश में भी मौसम तेजी से बदल रहा है. सर्दी का असर कम होने के साथ ही गर्मी का एहसास होने लगा है. आज यानी रविवार को राज्य के किसी भी हिस्से में बारिश की संभावना नहीं है. यहां भी दिनभर तेज धूप खिली रहेगी और आसमान बिल्कुल साफ रहेगा. भारत मौसम विज्ञान विभाग की मानें तो उत्तर प्रदेश में अगले 48 घंटों के दौरान तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है.
जानें कैसा रहेगा आज बिहार का मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, उधर बिहार के कुछ जिलों में आज कोहरा और ठंड का असर देखने को मिल सकता है. इस दौरान पटना के मैदानी इलाके, गया, जहानाबाद, पूर्वी चंपारण, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, अररिया और खगड़िया जिले में हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है. जबकि रविवार को पटना में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहेगा और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है.
राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज
अगर बात करें राजस्थान के मौसम की तो यहां भी दिन का तापमान बढ़ने लगा है. मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में राज्य में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. शनिवार को बाड़मेर में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया. जो राज्य में सबसे अधिक रहा. वहीं फलोदी में पारा 31.4 डिग्री और जालोर में 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. उधर जोधपुर में तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और जैसलमेर में 30.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. वहीं फतेहपुर सीकर में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री दर्ज किया गया.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation


















