सुल्तानपुर कोर्ट में पेशी के बाद बोले राहुल गांधी- 'मुझ पर लगे आरोप राजनीति से प्रेरित', कल भिवंडी कोर्ट में होना है पेश
राहुल गांधी केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़े मानहानि मामले में बयान दर्ज कराने के लिए गुरुवार को सुल्तानपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट पहुंचे. करीब आधे घंटे तक चली कार्यवाही के दौरान उन्होंने अदालत के समक्ष अपना पक्ष रखा. पेशी के बाद मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में राहुल गांधी ने कहा कि उन पर लगाए गए सभी आरोप राजनीतिक प्रेरित हैं.
अदालत का सख्त रुख और ‘आखिरी मौका’
अदालत पहले ही स्पष्ट कर चुकी थी कि 20 फरवरी को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना अनिवार्य है. इससे पहले कई तारीखों पर गैर-हाजिर रहने के कारण कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया था. 19 जनवरी को अनुपस्थिति के बाद न्यायालय ने इसे 'आखिरी अवसर' बताते हुए समन जारी किया था. गुरुवार को राहुल गांधी की उपस्थिति के साथ बयान दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी की गई.
अदालत ने अब मामले में सफाई साक्ष्य (डिफेंस एविडेंस) के लिए 9 मार्च की अगली तारीख तय की है. राहुल गांधी के अधिवक्ता काशी प्रसाद शुक्ला ने बताया कि उनके मुवक्किल ने न्यायालय की प्रक्रिया में सहयोग किया है। वहीं वादी पक्ष के अधिवक्ता संतोष पांडेय भी सुनवाई के दौरान मौजूद रहे.
Sultanpur, Uttar Pradesh: Lok Sabha LoP Rahul Gandhi appeared in MP MLA Court to record his statement in a defamation case linked to his remarks against Union Home Minister Amit Shah pic.twitter.com/wqqvgo8fmH
— IANS (@ians_india) February 20, 2026
क्या है पूरा मामला?
यह मामला कर्नाटक में आयोजित एक प्रेस वार्ता से जुड़ा है, जहां राहुल गांधी द्वारा की गई एक टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हुआ. जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा नेता विजय मिश्र ने इसे मानहानिकारक बताते हुए परिवाद दायर किया था. उनका आरोप है कि उक्त बयान से उनकी और पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा है.
मामला सुल्तानपुर की एमपी-एमएलए अदालत में विचाराधीन है. इससे पहले 26 जुलाई 2024 को राहुल गांधी एक बार अदालत में पेश हो चुके हैं, लेकिन बाद की कई तारीखों पर उनकी अनुपस्थिति दर्ज की गई थी, जिससे न्यायालय ने सख्ती दिखाई.
राजनीतिक और कानूनी मायने
यह मामला केवल कानूनी प्रक्रिया तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके राजनीतिक निहितार्थ भी हैं. विपक्ष और सत्तापक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप के दौर में यह केस चर्चा का विषय बना हुआ है. अब निगाहें 9 मार्च की अगली सुनवाई पर टिकी हैं, जब अदालत में बचाव पक्ष अपने साक्ष्य प्रस्तुत करेगा.
21 को भिवंडी कोर्ट में होंगे पेश
बता दें कि ठाणे जिले के भिवंडी की एक अदालत ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ आपराधिक मानहानि मामले की सुनवाई होना है. 21 फरवरी को राहुल गांधी को कोर्ट में पेश होना है.
भारत का 'पैक्स सिलिका' में शामिल होना रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण : अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर
नई दिल्ली, 20 फरवरी (आईएएनएस)। भारत शुक्रवार को आधिकारिक रूप से पैक्स सिलिका में शामिल हो गया है। यह सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग और एडवांस टेक्नोलॉजी सप्लाई चेन को मजबूत करने की एक अमेरिकी पहल है।
इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में भारत के इस पहल में शामिल होने को अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने एक बहुत रणनीतिक और जरूरी कदम बताते हुए कहा कि पैक्स सिलिका का युग 21वीं सदी में आर्थिक और तकनीकी ऑर्डर को तय करेगा।
भारत की अपार प्रतिभा और वैश्विक प्रतिद्वंद्वियों को चुनौती देने की क्षमता पर जोर देते हुए, अमेरिकी राजदूत ने कहा कि नई दिल्ली महत्वपूर्ण खनिजों के प्रसंस्करण की क्षमताओं को आगे बढ़ा रही है और अमेरिका इस क्षेत्र में भारत के साथ सक्रिय रूप से जुड़ा हुआ है।
गोर ने आगे कहा कि वाशिंगटन भारत के साथ विश्वसनीय प्रौद्योगिकियां साझा करने के लिए तैयार है और भारत को दुनिया के इस हिस्से की भू-राजनीतिक वास्तविकताओं की अच्छी समझ है।
उन्होंने कहा कि यह समिट बहुत ही प्रभावशाली रहा है और हमारे दोनों देशों के बीच कई अवसर हैं, इसलिए हम उन पर आगे बढ़ने के लिए उत्सुक हैं।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि आज दुनिया को भारत पर पहले से कहीं अधिक भरोसा है।
उन्होंने कार्यक्रम के दौरान कहा, “हमारे पास प्रतिभाओं का विशाल भंडार है और हमने अपनी विदेश नीति को इस तरह से संचालित किया है जिससे उनका भरोसा कायम हुआ है। इसी के तहत आज पैक्स सिलिका समझौते पर हस्ताक्षर किए गए हैं, जो सेमीकंडक्टर आपूर्ति श्रृंखला, सेमीकंडक्टर विनिर्माण और चिप डिजाइन के लिए, और हमारे देश में संपूर्ण सेमीकंडक्टर पारिस्थितिकी तंत्र स्थापित करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।”
उन्होंने कहा कि इससे भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर उद्योग को व्यापक लाभ होगा।
वैष्णव ने कहा, “भारत में दस संयंत्र पहले से ही स्थापित हैं और कई स्थापित किए जा रहे हैं। बहुत जल्द, पहला सेमीकंडक्टर संयंत्र व्यावसायिक उत्पादन शुरू कर देगा। आज भारत में सबसे उन्नत दो-नैनोमीटर चिप्स डिजाइन किए जा रहे हैं। भारत में एक संपूर्ण पारिस्थितिकी तंत्र उभर रहा है। पैक्स सिलिका इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और भारत के युवाओं को इससे लाभ होगा।”
पैक्स सिलिका में भारत की भागीदारी से देश को उन्नत अर्थव्यवस्थाओं के साथ सहयोग बढ़ाने, निवेश आकर्षित करने और आपूर्ति श्रृंखला की मजबूती बढ़ाने में मदद मिलेगी।
--आईएएनएस
एबीएस/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation




















