Responsive Scrollable Menu

किम कार्दशियन@46, क्लोदिंग स्टोर वर्कर से बनीं ग्लोबल स्टार:बॉयफ्रेंड ने सेक्स टेप किया रिलीज, गन पॉइंट पर बंदी बनाई गईं, 17100 करोड़ है संपत्ति

ग्लोबल मीडिया पर्सनैलिटी किम कार्दशियन आज 46 साल की हो चुकी हैं। आज 17 हजार करोड़ की संपत्ति की मालकिन किम कार्दशियन कुछ सालों पहले तक आम सी जिंदगी जीती थीं और एक क्लोदिंग स्टोर में नौकरी करती थीं, लेकिन फिर पैरिस हिल्टन जैसे नामी लोगों से उनकी दोस्ती ने उन्हें लाइमलाइट में ला दिया, फिर साल 2007 में आया एक सेक्स टेप, जिसे कथित तौर पर किम ने खुद बेचा था। इस टेप से कई विवाद हुए। कभी कहा गया कि ये टेप उनके बॉयफ्रेंरे जे. ने नशे में बनाया और बिना उनकी अनुमति बेचा, तो कभी कहा गया कि किम ने जानबूझकर इसे सार्वजनिक किया। चाहे ये पब्लिसिटी स्टंट हो या धोखा, किम ने रातोंरात पहचान बना ली और फिर हर वो काम किया, जो लोगों का ध्यान खींच सकता था। कभी उन्होंने खुद पर वीडियो गेम बनाया, कभी परफ्यूम फ्रेग्नेंस बनाई, तो कभी सौतेली बहनों और परिवार के साथ जिंदगी पर रियलिटी शो बना दिया। समय के साथ किम ने पॉपुलैरिटी हासिल की और आज वो दुनिया की सबसे रईस सेलिब्रिटीज में शामिल हैं। लग्जरी जिंदगी की शौकीन किम कार्दशियन ने एक प्राइवेट जेट भी खरीदा है, जिसे वो किम एयर कहती हैं। 1300 करोड़ के इस जेट से एक बार किम महज एक 1300 रुपए का चीजकेक खान पेरिस गई थीं। आज किम कार्दशियन के बर्थडे के खास मौके पर जानिए क्लोदिंग स्टोर की नौकरी से लेकर ग्लोबल स्टारडम हासिल करने और साथ मिले कुछ विवादों की कहानी- 21 अक्टूबर 1980 को किम कार्दशियन का जन्म लॉस एंजिलिस में मशहूर वकील रॉबर्ट कार्दशियन और बिजनेसमैन क्रिस कार्दशियन के घर हुआ। किम से बड़ी बहन कोर्टनी हैं, जिनके बाद छोटी बहन क्लो और भाई रॉब। 1991 में उनकी मां क्रिस ने 1976 समर ओलिंपिक के विनर कैटलिन जेनर (ब्रूस) से शादी की। इस शादी से हुईं केंडल जेनर और काइली जेनर उनकी सौतेली बहने हैं। किम ने लॉस एंजिलिस के मैरीमाउंट हाईस्कूल से पढ़ाई की। टीनएज में किम की दोस्ती पेरिस हिल्टन से हुई। पेरिस हिल्टन, हिल्टन होटल के फाउंडर कोनार्ड हिल्टन की पोती हैं। बढ़ती उम्र के साथ पेरिस हिल्टन, सेलिब्रिटी बन गईं। उनके साथ पार्टी और इवेंट में जाते हुए किम कार्दशियन का परिचय फेम से हुआ। कार एक्सीडेंट के बाद पिता के कहने पर की कपड़ों की दुकान में नौकरी किम 16 साल की थीं, जब उनका कार एक्सीडेंट हुआ। कार दुर्घटनाग्रस्त हुई, तो पिता ने इस शर्त पर दूसरी कार दिलाई कि उन्हें इसका खर्चा खुद निकालना होगा। पिता की इस शर्त के अनुसार, किम ने महज 16 साल की उम्र में लॉस एंजिलिस की बॉडी नाम की कपड़ों की दुकान में 4 सालों तक काम किया। किम 19 साल की थीं, जब उन्हें म्यूूजिक प्रोड्यूसर डेमन थॉमस से प्यार हो गया। परिवार ने आपत्ति जताई तो किम ने 2000 में घर से भागकर शादी कर ली। किम ने नौकरी भी छोड़ दी। लेकिन चंद महीनों में ही दोनों अलग हो गए। किम ने आरोप लगाए कि डेमन ने शादी के दिन एक्ष्टसी नाम का नशीला पदार्थ दिया और साथ ही शारीरिक-भावनात्मक शोषण किया। तलाक की प्रोसेस के बीच वह सिंगर-एक्ट्रेस ब्रांडी की पर्सनल स्टाइलिस्ट बनीं। इस दौरान उनकी मुलाकात ब्रांडी के भाई रैपर रे जे. से हुई। तलाक के बाद किम ने रे जे. को डेट करना शुरू कर दिया। नामी लोगों के साथ समय बिताते हुए किम कार्दशियन लाइमलाइट में रहने लगी और उन्हें खूब मीडिया अटेंशन भी मिली। लेकिन साथ ही कुछ बड़े आरोप भी हिस्से में आए। 2004 में ब्रांडी और बॉयफ्रेंड रे जे. की मां सोंजा ने आरोप लगाए कि उन्होंने किम को एक मामूली खर्चे के लिए अपना अमेरिकन एक्सप्रेस कार्ड दिया था, लेकिन किम ने बिना बताए बहनों कोर्टनी और ख्लोए के लिए डेढ़ लाख डॉलर का सामान खरीद लिया। विवादों के बीच रे जे. ने दोनों के बीच समझौता करवाया और मुकदमा खत्म कर दिया गया। विवाद के बीच किम, सिंगर ब्रांडी का काम छोड़कर पेरिस हिल्टन की पर्सनल स्टाइलिस्ट बन गईं। वो पेरिस हिल्टन की रियलिटी सीरीज द सिंपल लाइफ में भी नजर आई थीं। उन्हें कई मौकों पर पेरिस हिल्टन के साथ स्पॉट किया गया। किम आज भी अपनी पॉपुलैरिटी का क्रेडिट पेरिस हिल्टन को देती हैं। सेक्स टेप रिलीज होने से विवादों से घिरीं, सफाई में कहा- बॉयफ्रेंड ने नशे में रिकॉर्डिंग की फरवरी 2007 में विविड एंटरटेनमेंट ने किम कार्दशियन और बॉयफ्रेंड रे जे. का एक सेक्स टेप रिलीज किया, टाइटल था किम कार्दशियन सुपरस्टार। कथित तौर पर ये सेक्स टेप किम और रे ने 2003 में वेकेशन के दौरान बनाया था। टेप रिलीज होते ही किम ओवरनाइट चर्चा में आ गईं। सफाई में उन्होंने कहा कि ये टेप, नशे देकर बनाया गया और इसे रिलीज करने से पहले उनकी इजाजत नहीं ली गई। किम ने मानहानि का मुकदमा किया। 3 महीने बाद ये मुकदमा 5 मिलियन डॉलर यानी 47 करोड़ में सेटल हुआ। 6 हफ्तों में ही टेप की बिक्री करीब 15 करोड़ की हुई। चर्चा में आने के बाद किम कार्दशियन, उनकी मां, सौतेले पिता और भाई-बहनों के सआथ एक टीवी रियलिटी शो कीपिंग अप विद द कार्दशियन शुरू हुआ। रियलिटी शो में परिवार की लग्जरी लाइफ काफी पसंद की गई और शो हिट हो गया। आगे इसके स्पिन ऑफ कोर्टनी एंड किम टेक न्यूयॉर्क और कोर्टनी एंड किम टेक मियामी भी रिलीज किए गए। ये सीरीज 2007 से शुरू होकर 2021 तक चली। इसके कुल 294 एपिसोड आए, जिससे सिर्फ किम ही नहीं उनकी सौतेली बहनों कोर्टनी जेनर और केंडल जेनर को भी काफी पॉपुलैरिटी मिली। इस शो से ही किम कार्दशियन इंटरनेशनल स्टार बनीं। अमेरिकी कंपनी ने किम की बनाई सेक्स डॉल, विवाद हुआ 2010 में अमेरिकन कंपनी पाइपड्रीम प्रोडक्ट ने किंकी किम फिल्थी लव डॉल नाम की एडल्ट सेक्स डॉल बनाई। डॉल काफी हद तक किम से मिलती थी। किम का नाम रखने पर जमकर विवाद हुआ, किम ने केस कर प्रोडक्शन रोकने की मांग की। हालांकि कंपनी ने सफाई में कहा कि नाम और बनावट मिलना महज संयोग है। रॉबरी में गनपॉइंट पर बनाया गया बंधक 2 अक्टूबर 2016 को पेरिस फैशन वीक में शामिल होने के दौरान किम कार्दशियन के साथ बंदूक की नोक पर लूटपाट हुई। पांच लोग पुलिस अधिकारियों के भेष में उस अपार्टमेंट में घुसे, जहां किम ठहरी हुई थीं। उन्होंने किम के हाथ-पैर बांध दिए, उनका मुंह बंद कर दिया और करीब 1 करोड़ डॉलर (तब लगभग 67 करोड़ रुपये) के गहने लूट लिए। किम के कमरे तक पहुंचने के बाद उन्होंने उनके सिर पर बंदूक तान दी और अंगूठी देने के लिए कहा। इसके बाद उन्होंने किम के हाथों और पैरों को जिप टाई से बांध दिया और उनकी आंखों और मुंह पर डक्ट टेप लगा दी। किम ने किसी तरह अपनी कलाइयों पर बंधी जिप टाई से हाथ छुड़ाए और मदद के लिए चिल्लाईं। गहनों का बॉक्स मिलने के बाद लुटेरे वहां से फरार हो गए। निजी जिंदगी से भी बटोरीं सुर्खियां 19 की उम्र में शादी, 3 साल बाद तलाक लिया 19 साल की उम्र में किम ने घर से भागकर म्यूजिक डायरेक्टर से शादी की, जो 3 साल में टूट गई। आगे उन्होंने रैपर रे जे. को डेट किया, लेकिन सेक्स टेप रिलीज होने के बाद दोनों ने ब्रेकअप कर लिया। इसके बाद 2007 में उनका रिश्ता फुटबॉल प्लेयर रेगी बुश से रहा। जुलाई 2009 में दोनों अलग हुए और सितंबर में फिर पैचअप कर लिया। हालांकि जल्द ही दोनों पूरी तरह अलग हुए। 2010 में किम ने कुछ महीनों के लिए नेशनल फुटबॉल लीग प्लेयर माइल्स ऑस्टिन को भी डेट किया। 72 दिन में टूट गई दूसरी शादी 2011 में किम ने बास्केटबॉल प्लेयर क्रिस हम्फ्रीज से सगाई गई। इसी साल दोनों ने शादी भी की। इनकी शादी की तैयारियों पर भी एक टीवी रियलिटी शो बनाया गया। शादी के 72 दिन बाद ही किम ने तलाक की अर्जी दे दी। तब कहा गया कि किम की शादी महज एक पब्लिसिटी स्टंट थी। तब टीवी चैनल से किम की शादी से जुड़े सभी शो हटाने के लिए एक पिटीशन भी चलाई गई थी। कान्ये वेस्ट ने तलाक का लिया बदला, हमशक्ल से की शादी तलाक की प्रोसेस के बीच ही किम ने 2012 में रैपर कान्ये वेस्ट को डेट करना शुरू कर दिया। जबकि उनका तलाक 2013 में हुआ। इसी साल किम ने बर्थडे के दिन कान्ये से सगाई की। मई 2014 में दोनों ने शादी की। शादी के बाद से ही किम की पॉपुलैरिटी दुनिया भर में बढ़ने लगी और वो बड़ी ब्रांड डील साइन करते हुए रईस सेलेब्स में गिनी गईं। इस शादी से उन्हें 4 बच्चे हुए। ये शादी लंबी चली, लेकिन फरवरी 2021 में किम ने तलाक फाइल कर दिया। 2022 में तलाक हुआ, जिसके बाद दोनों को बच्चों की जॉइन्ट कस्टडी मिली। किम से तलाक लेने के बाद कान्ये ने आर्टिस्ट बियान्का से शादी की, जो हूबहू किम कार्दशियन की तरह दिखती हैं। कान्ये से अलग होने के बाद किम एक्टर-कॉमेडियन पेट डेविडसन के साथ रिलेशनशिप में रहीं, लेकिन 1 साल बाद दोनों अलग हो गए। इसके बाद किम की जिंदगी में फुटबॉल प्लेयर ओडेल बेकहम जूनियर आए। ओडेल से ब्रेकअप के बाद अब किम ब्रिटिश फॉर्मुला वन ड्राइवर लूइस हैमिल्टन को डेट कर रही हैं। क्लोदिंग स्टोर से लेकर परफ्यूम ब्रांड, वीडियो गेम तक बिजनेस में बनाई पकड़ 2006- DASH बुटीक: किम ने अपनी बहनों कर्टनी और ख्लोए के साथ कैलिफोर्निया में DASH नाम से कपड़ों और फैशन एक्सेसरीज का बुटीक शुरू किया। इसके स्टोर लॉस एंजिलिस, मियामी और न्यूयॉर्क में भी खुले। 2013 में कार्दशियन कलेक्शन से करीब ₹3,600 करोड़ की बिक्री होने की खबर थी। रियलिटी शो में इन स्टोर्स को प्रमुखता मिली, लेकिन अप्रैल 2018 में सभी स्टोर बंद कर दिए गए। 2009- शू डेजल: किम ने बिजनेसमैन ब्रायन ली और रॉबर्ट सफिरो के साथ शू डेजल नाम का ऑनलाइन फुटवियर बिजनेस शुरू किया। ये सब्सक्रिप्शन मॉडल था। बाद में यह कंपनी JustFab के साथ जुड़ गई। इस बिजनेस ने किम को फैशन रिटेल के डिजिटल मॉडल से जोड़ा। 2011- कार्दशियन कलेक्शन: किम ने अपनी बहनों के साथ सियर्स के लिए कार्दशियन कलेक्शन नाम से कपड़ों, जूतों और एक्सेसरीज की लाइन लॉन्च की। 2014- किम कार्दशियन हॉलीवुड वीडियो गेम: किम ने मोबाइल गेमिंग कंपनी ग्लू मोबाइल के साथ मिलकर यह गेम लॉन्च किया। इसमें खिलाड़ी अपने किरदार को फैशन, मॉडलिंग, एक्टिंग और सेलिब्रिटी इवेंट्स के जरिए हॉलीवुड स्टार बना सकते थे। गेम ने इन-ऐप खरीदारी से उस साल का सबसे पॉपुलर गेम बना। हालांकि, 8 अप्रैल 2024 को इसे पूरी तरह बंद कर दिया गया। 2015- किमोजी: किम ने अपने चेहरे के एक्सप्रेशंस, स्टाइल पर आधारित Kimoji ऐप लॉन्च किया। इसमें कस्टम इमोजी और डिजिटल स्टिकर्स उपलब्ध थे। ऐप ने सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोरी। 2017- KKW ब्यूटी: किम ने जून 2017 में अपना मेकअप ब्रांड KKW ब्यूटी लॉन्च किया। इसकी शुरुआत क्रीम कंटूर और हाइलाइटर किट से हुई। बाद में लिपस्टिक, लिप लाइनर, आईशैडो और दूसरे कॉस्मेटिक्स भी लॉन्च हुए। जून 2020 में Coty ने उनके ब्यूटी बिजनेस की 20% हिस्सेदारी खरीदने के लिए 200 मिलियन डॉलर की डील की। 2022 में KKW ब्यूटी बंद हो गया। 2017- KKW फ्रेंग्नेंस: किमोजी के नामों से प्रेरित चैरी, पीच, वाइब जैसे परफ्यूम लॉन्च किए गए। मई 2022 में ब्रांड की वेबसाइट बंद कर दी गई। 2019- SKIMS: किम ने बिजनेसमैन जेन्स ग्रेडे के साथ मिलकर SKIMS की शुरुआत की। यह शेपवियर, इनरवियर और लाउंजवियर ब्रांड है।2022 में कंपनी का वैल्यूएशन 3.2 अरब डॉलर, 2023 में 4 अरब डॉलर और नवंबर 2025 में 5 अरब डॉलर (47 हजार करोड़) पहुंच गया। 2022- SKKN बाय किम: KKW ब्यूटी बंद होने के बाद किम ने SKKN BY KIM नाम से स्किनकेयर ब्रांड लॉन्च किया। 2024 में ब्रांड के तहत मेकअप प्रोडक्ट्स भी पेश किए गए। हालांकि, जून 2025 में SKKN बाय किम बंद कर दिया गया। 2025- NikeSKIMS: किम ने Nike के साथ साझेदारी करके NikeSKIMS नाम से महिलाओं के लिए एक्टिववेयर ब्रांड पेश किया। इसका फोकस स्पोर्ट्स ब्रा, लेगिंग्स, ट्रेनिंग कपड़ों और फिटनेस से जुड़े परिधानों पर है। 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, किम SKIMS के तहत ब्यूटी प्रोडक्ट्स की नई लाइन 2027 में लॉन्च करने की तैयारी में हैं। साल दर साल बढ़ी कमाई, मौजूदा नेटवर्थ 17,100 करोड़ किम कार्दशियन की मई 2014 में संपत्ति करीब ₹270 करोड़ थी। 2015 में फोर्ब्स के मुताबिक, उनकी सालाना कमाई 2014 के ₹168 करोड़ से बढ़कर लगभग ₹318 करोड़ हो गई थी। 2013 में किम एक सोशल मीडिया पोस्ट के लिए लगभग ₹1.8 करोड़ से ₹3 करोड़ तक लेती थीं। जुलाई 2018 तक उनकी कुल संपत्ति बढ़कर करीब ₹2,100 करोड़ हो गई थी। अप्रैल 2021 में वह अरबपति बनीं। उनकी संपत्ति बढ़ने में शेपवियर कंपनी SKIMS, KKW ब्यूटी, रियलिटी टीवी, ब्रांड एंडोर्समेंट की अहम भूमिका रही। दिसंबर 2024 तक फोर्ब्स ने उनकी कुल संपत्ति करीब ₹14,450 करोड़ आंकी थी। इस तरह किम दुनिया की सबसे अमीर सेलिब्रिटीज में शामिल हो गईं। 2023 तक किम एक इंस्टाग्राम पोस्ट के ₹15 करोड़ चार्ज करती थीं। मौजूदा समय में वह हर पोस्ट के 47 करोड़ चार्ज करती हैं। फोर्ब्स, सितंबर 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, किम कार्दशियन की मौजूदा नेटवर्थ 1.9 अरब डॉलर यानी करीब ₹17,100 करोड़ रुपए है। किम के घरों और रियल एस्टेट पोर्टफोलियो की कुल अनुमानित कीमत 100 मिलियन डॉलर यानी करीब ₹900 करोड़ से ज्यादा बताई गई है। किम कार्दशियन अपने काम से दूर खाली वक्त में अपने परिवार के साथ कैलिफोर्निया के बेवर्ली हिल्स में बनी अपनी हवेली पर रहना पसंद करती हैं। 2022 में उन्होंने इस हवेली को खरीदा था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 4,239 स्क्वायर फीट में फैली इस हवेली की कीमत 500 करोड़ रुपए है। किम के पास Gulfstream G650ER प्राइवेट जेट है, जिसे Kim Air कहा जाता है। रिपोर्ट के मुताबिक, विमान की खरीद और कस्टमाइजेशन पर कुल करीब 150 मिलियन डॉलर यानी ₹1,350 करोड़ खर्च हुए। द सन की रिपोर्ट के मुताबिक, 2013 में प्रेग्नेंट किम को पेरिस के होटल कॉस्टेस का स्पेशल चीजकेक खाने की क्रेविंग हुई। वह अमेरिका में थीं। चीजकेक खाने के लिए वह प्राइवेट जेट से पेरिस पहुंच गईं। किम कार्दशियन ने चंद रुपए के चीजकेक के लिए लाखों रुपए खर्च किए। होटल कॉस्टेस में चीजकेक की कीमत लगभग 1200 से 1300 रुपए है। किम कार्दशियन लग्जरी घड़ियों की भी शौकीन हैं। उनके पास 1 करोड़ की ऑडेमर्स पिगुएट रॉयल ओक कैलेंडर रोजगोल्ड वॉच है, जिसे बनाने में 1 साल से ज्यादा का समय लगता है। ऑडेमर्स पिगुएट SA लग्जरी घड़ी बनाने वाली एक स्विस कंपनी है। ये कंपनी 1875 से घड़ियां बना रही है। इसके दुनियाभर में 400 से ज्यादा डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर हैं। किम के पास एक घड़ी 61 लाख की भी है। ऑजैकब एंड को कैसियो जी-शॉक × बैप DW-6900 डॉयमंड वॉच नाम की यह घड़ी एक लिमिटेड एडिशन वॉच है। इस मॉडल की केवल 100 घड़ियां बनाई गई हैं। भारतीय खाने को कहा घिनौना, विवाद होने पर माफी मांगी किम के रियलिटी शो कीपिंग अप विद द कार्दशयिन के एक एपिसोड में अपनी बहनों केंडल और काइली जेनर से पूछा कि क्या उन्होंने कभी भारतीय खाना खाया है। केंडल ने जवाब दिया, यह घिनौना है। इस पर किम ने भी कहा, “घिनौना है न?” एपिसोड आते ही विवाद हो गया, जिस पर किम ने सफाई में अपने ब्लॉग पर लिखा कि उनका इरादा भारतीय लोगों या उनकी संस्कृति का अपमान करना नहीं था। उन्होंने कहा कि यह उनकी निजी पसंद का मामला था। भारत में खोया डायमंड, भगवान गणेश की मूर्ति के पोज देने पर भी हुआ विवाद किम कार्दशियन पहली बार 11 जुलाई 2024 को अनंत-राधिका की शादी के लिए भारत आई थीं। किम के साथ उनकी बहन क्लोए भी भारत आईं। दोनों ने इंडियन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के डिजाइनर लहंगे पहने। वेडिंग सेरेमनी के दौरान दोनों ने हैवी डायमंड जूलरी पहनी। ऐश्वर्या से बात करते हुए उनके हार का एक डायमंड टूटकर गिर गया था। कुछ समय बाद किम ने भगवान गणेश की मूर्ति के साथ एक तस्वीर शेयर की, पोज की आलोचना होने पर किम को पोस्ट डिलीट करनी पड़ी। दोनों ने भारत में बिताए 48 घंटों को रियलिटी शो द कार्दशियन में दिखाया था। इस दौरे के बाद किम कार्दशियन ने एक इंटरव्यू में कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि जिस तरह के मसालों के बाजार अलादीन में दिखाए जाते हैं, वैसे ही उन्हें देखने मिलेंगे, लेकिन भारत आकर उन्हें ऐसा कुछ देखने नहीं मिला। उनका ये बयान भी विवादों में रहा था।

Continue reading on the app

बर्थ एनिवर्सरी- शम्मी कपूर:राज कपूर की प्रेमिका से किस मांगी, मधुबाला ने पतला कहा तो शराब पी, मुमताज से आखिरी मुलाकात में कहा- मरने वाला हूं

1931 पृथ्वीराज कपूर की पत्नी राम सरणी मेहरा की डिलीवरी के दिन नजदीक आ रहे थे। इससे पहले 1924 में उन्होंने पहले बेटे राज कपूर को जन्म दिया था। डिलीवरी के लिए घर में ही दाई बुलाई गई थी। जब उन्होंने अगले साल दूसरे बच्चे बिंदी को जन्म दिया, तो जन्म के एक हफ्ते बाद उसका निधन हो गया। एक साल बाद तीसरे बच्चे देवी के जन्म पर भी यही हुआ। दो बच्चों की मौत के बाद जब चौथी डिलीवरी के दिन नजदीक आने लगे, तो पृथ्वीराज कपूर ने साफ कह दिया, अब डिलीवरी घर में नहीं अस्पताल में होगी। 21 अक्टूबर 1931 के रोज जब राम सरणी मेहरा को प्रसव पीड़ा हुई, तो पूरा परिवार अस्पताल पहुंचा। उन्होंने बेटे को जन्म दिया, जिसे नाम दिया गया शमशेर राज कपूर। पिता पृथ्वीराज हिंदी सिनेमा में बड़ा मुकाम हासिल कर चुके थे, बड़े भाई राज कपूर ने भी हुनर से शोमैन की उपाधि हासिल कर ली, ऐसे में शमशेर यानी शम्मी कपूर के पास कुछ अलग कर दिखाने की बड़ी चुनौती थी। लेकिन जल्द ही हुनर से शम्मी कपूर ने ऐसा नाम बनाया कि उन्हें भारत का एल्विस प्रेस्दली कहा जाने लगा। परिवार से ऐसा लगाव था कि पिता के उसूल के आगे उन्होंने मुमताज से अपने प्यार तक की कुर्बानी दे दी। हालांकि मौत से कुछ महीनों पहले उन्होंने पत्नी के सामने मुमताज से मिलने की इच्छा जाहिर की और पत्नी ने ये मुलाकात करवाई भी। आज उनकी बर्थ एनिवर्सरी के मौके पर जानिए उनकी जिंदगी से जुड़े कुछ ऐसे किस्से, जो उनकी शख्सियत समझने में मदद करते हैं- किस्सा-1 स्कूल ने प्ले की इजाजत नहीं दी, तो प्रिंसिपल से लड़े पृथ्वीराज कपूर बॉम्बे में जन्मे शम्मी कपूर चंद सालों के थे, जब पिता पृथ्वीराज कपूर पूरे परिवार के साथ कोलकाता में जाकर बस गए। कोलकाता में वह न्यू थिएटर स्टूडियो चलते और साथ ही फिल्मों में भी काम करते थे। कोलकाता से ही शम्मी कपूर की शुरुआती पढ़ाई हुई। 1944 में पृथ्वीराज कपूर ने बॉम्बे आकर पृथ्वी थिएटर की शुरुआत की। थिएटर के प्ले में राज कपूर और शम्मी कपूर भी हिस्सा लेते। थिएटर के प्ले शकुंतला में शम्मी कपूर भरत बने। पृथ्वीराज चाहते थे कि शम्मी इसकी अच्छी तरह रिहर्सल करें, लेकिन स्कूल से बार-बार छुट्टी लेने की इजाजत नहीं मिली। ऐसे में पृथ्वीराज कपूर खुद स्कूल गए और प्रिंसिपल के इनकार के बाद झगड़ा कर लिया। तब भी बात नहीं बनी तो शम्मी कपूर की स्कूल बदलवा दी गई। किस्सा-2 भाई राज कपूर की प्रेमिका से सरेआम मांग ली किस टीनएज के दिनों में शम्मी कपूर, पिता और बडे़ भाई राज कपूर की फिल्मों के सेट पर जाया करते थे। एक दिन वो फिल्म बरसात के सेट पर पहुंचे। इसी फिल्म के सेट पर राज कपूर और नरगिस की नजदीकियां बढ़ी थीं। तब शम्मी कपूर की उम्र करीब 15-16 साल की थी। वो नरगिस से मिलने उनके मेकअप रूम गए, तो वह वहां उदास बैठी थीं। शम्मी कपूर ने वजह पूछी, तो जवाब मिला- 'मैं चाहती हूं कि राज साहब की अगली फिल्म आवारा में मुझे हीरोइन बनाया जाए।' शम्मी ने झट से कहा- ‘मैं जाकर भाई साहब से बात कर लेता हूं।’ नरगिस ने टोककर कहा- ‘नहीं, दिक्कत राज साहब की नहीं है। वो भी यही चाहते हैं, लेकिन मेरे घरवाले नहीं चाहते मैं राज साहब के साथ काम करूं।’ दरअसल, नरगिस और राज कपूर की नजदीकियों की चर्चा फैल रही थी, लेकिन नरगिस के परिवार को इससे ऐतराज था। राज कपूर की शादी पहले ही कृष्णा कपूर से हो चुकी थी और उनके बच्चे भी थे। शम्मी कपूर फिर पूछ पड़े- ‘आपके घरवालों को क्या ऐतराज है।’ जवाब मिला- ‘महबूब साहब (डायरेक्टर, जिन्होंने राज कपूर-नरगिस के साथ अंदाज बनाई थी) मुझे बेटी मानते हैं, उन्होंने भी साफ कहा कि मैं आवारा न करूं। तुम दुआ करना कि फिल्म में मैं हीरोइन बनूं।’ शम्मी कपूर ने इस बार शरारती अंदाज में कहा- ‘और मुझे क्या मिलेगा?’ नरगिस ने हंसते हुए कहा- ‘अगर मैं हीरोइन बनी तो तुम्हें प्यारी सी किस दूंगी।’ फिल्म बरसात बनते-बनते कई महीने लग गए। और ये वादा समय के साथ नरगिस और शम्मी कपूर दोनों के जहन से उतर गया। 1949 में फिल्म बरसात रिलीज की गई और फिर कई महीनों बाद फिल्म आवारा शुरू हुई। इसे महबूब खान डायरेक्ट करने वाले थे, जो नरगिस को कास्ट नहीं करना चाहते थे। साथ ही वो चाहते थे कि इसके हीरो अशोक कुमार और दिलीप कुमार रहें। राज कपूर ने उनकी बात मानने से इनकार कर दिया और खुद हीरो बनने और फिल्म डायरेक्ट करने का फैसला किया। राज कपूर प्रोड्यूसर- डायरेक्टर बने तो नरगिस को ही आवारा में हीरोइन बनाया गया। फिल्म की शूटिंग आरके स्टूडियो में शुरू हुई। शम्मी कपूर एक रोज सेट पर पहुंचे। अचानक उन्हें नरगिस का 4 साल पहले किया गया वादा याद आ गया। शूटिंग ब्रेक में शम्मी कपूर ने सरेआम नरगिस को वादा याद दिलाया और कहा- ‘आपको याद है, आपने मुझसे क्या वादा किया था। आपने कहा था कि अगर आप आवारा की हीरोइन बनीं, तो मुझे किस देंगी।’ नरगिस शरमाते हुए हंस पड़ीं और कैमरे के पीछे छिप गईं। उन्होंने वादा 16 साल के बच्चे की तरह दिखने वाले शम्मी कपूर से किया था, लेकिन अब वो जवान हो चुके थे। सभी हंस रहे थे, तो शम्मी कपूर ने फिर कहा- 'इन्होंने वादा किया था, निभाना पड़ेगा।’ राज कपूर पास खड़े थे, उन्होंने कहा- ‘बात तो सही है।’ नरगिस ने इस पर शरमाते हुए कहा- ‘तब की बात अलग थी, तब यह बच्चा था।’ शम्मी कपूर ने इस पर कहा- ‘कुछ तो देना ही पड़ेगा।’ नरगिस ने फिर पूछा- ‘अच्छा बताओ क्या चाहिए?’ जवाब मिला- 'मुझे ग्रामोफोन चाहिए।' तब ग्रामोफोन होना बड़ी बात थी। देश में इसकी चंद दुकानें थीं और कुछ गिने-चुने रईसों के पास ही ये हुआ करता था। नरगिस ने तुरंत ड्राइवर बुलाया और खुद साथ जाकर शम्मी कपूर को ग्रामोफोन और कई रिकॉर्डिंग दिलवाईं। तभी से शम्मी कपूर को वेस्टर्न म्यूजिक में रुचि जागी। ये किस्सा शम्मी कपूर के करीबी रहे रूमी जाफरी ने दैनिक भास्कर को बताया था। किस्सा-3 कॉलेज में मन नहीं लगा तो घर आकर पृथ्वीराज कपूर से कहा- कल से नहीं जाऊंगा स्कूल खत्म होने के बाद शम्मी कपूर का दाखिला रामनारायण कॉलेज में करवाया गया, लेकिन शम्मी कपूर तब तक थिएटर में रुचि लेने लगे थे। चंद हफ्तों बाद ही एक दिन शम्मी कपूर बीच कॉलेज से घर लौटे और पिता से कहा- ‘मैंने कॉलेज छोड़ दिया, कल से नहीं जाऊंगा।’ पृथ्वीराज कपूर ने सुनते ही कहा- ‘कोई बात नहीं पुत्तर कल से कॉलेज आ जा।’ 1948 में शम्मी कपूर ने थिएटर पर पूरा मन लगाया। उन्हें महीने के 50 रुपए मिलते थे। वो थिएटर की फिल्मों में जूनियर आर्टिस्ट का काम भी करने लगे। वह 4 सालों तक थिएटर से जुड़े रहे और उनकी तनख्वाह 300 रुपए महीने तक पहुंच गई। उन्होंने 1953 की फिल्म जीवन ज्योति से फिल्मों में कदम रखा। बड़े भाई राज कपूर तब तक स्टार बन चुके थे। हर किसी ने शम्मी कपूर को राज कपूर के भाई और पृथ्वीराज कपूर के बेटे की तरह पहचाना। पहली फिल्म से खास पहचान नहीं मिली, जिसके बाद शम्मी कपूर, बचपन की दोस्त नूतन के साथ फिल्म लैला मजनूं (1953) में नजर आए। साथ काम करते हुए दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे, लेकिन नूतन की मां ने उन्हें पढ़ाई के लिए स्विट्जरलैंड भेज दिया, जिससे दोनों का रिश्ता टूट गया। किस्सा- 4 मधुबाला ने पतला कहा, तो पीने लगे शराब शम्मी कपूर के करियर की दूसरी फिल्म रेल का डिब्बा रही, जिसमें उन्होंने मधुबाला के साथ काम किया। तब मधुबाला स्टार मानी जाती थीं और शम्मी कपूर फिल्मों में नए थे। एक दिन शूटिंग करते हुए मधुबाला ने शम्मी कपूर का छरहरा बदन देखकर कहा- 'तुम इतने पतले हो कि मैं तुम्हारी हीरोइन ही नहीं लगती, कुछ और लगती हूं। थोड़ा वजन बढ़ाओ।' बीबीसी से बातचीत में शम्मी कपूर ने बताया कि मधुबाला की ये बात सुनकर उन्हें ठेस पहुंची। और जल्दी वजन बढ़ाने के लिए उन्होंने बीयर पीना शुरू कर दी। ये तरकीब काम कर गई और शम्मी कपूर का वजन अचानक ही बढ़ने लगा। किस्सा- 5 23 की उम्र में एक साल बड़ी गीता बाली से हुआ प्यार, शादी करने देर रात मंदिर पहुंचे शम्मी कपूर रानीखेत में फिल्म रंगीन रातें की शूटिंग कर रहे थे। फिल्म में उनके पिता पृथ्वीराज कपूर और भाई राज कपूर की को-स्टार रह चुकीं गीता बाली ने भी कैमियो किया। जब शम्मी कपूर ने गीता बाली के साथ शूटिंग की, तो साथ रहते हुए उन्हें प्यार हो गया। वो बार-बार गीता को प्रपोज करते, लेकिन उम्र में बड़ीं गीता हर बार इनकार कर देतीं। तब शम्मी कपूर महज 23 साल के थे। 23 अगस्त 1955 को फिर शम्मी ने प्रपोज किया, इस बार गीता ने पलटकर कहा- ‘ठीक है, चलो शादी करते हैं, लेकिन शादी आज ही होगी। अभी नहीं तो कभी नहीं।’ शम्मी कपूर सातवें आसमान पर थे। वो तुरंत दोस्त जॉनी वॉकर के पास गए, जिन्होंने कुछ समय पहले ही एक्ट्रेस शकीला से भागकर शादी की थी। जॉनी से तरीका पूछा तो जवाब मिला- ‘मैं मुस्लिम हूं, मस्जिद गया, निकाह कर लिया, तुम्हें तो मंदिर जाना होगा।’ शम्मी कपूर गीता के साथ मलाबार हिल्स स्थित बाणगंगा मंदिर पहुंचे, तो द्वार बंद हो चुके थे। पंडित जी ने कहा- ‘कल सुबह आना।’ शम्मी, गीता को लेकर मटुंगा स्थित घर पहुंचे और रात बेसब्री में जागकर काटी। 24 अगस्त 1955 को जैसे ही 4 बजे शम्मी, गीता को लेकर उसी मंदिर में पहुंच गए। मंदिर के गेट खुले और पंडित जी ने दोनों की शादी शुरू कर दी। पंडित जी ने जब कहा कि वर वधू की मांग में सिंदूर भरें, तो दोनों एक-दूसरे को देखने लगे। बिना तैयारी के पहुंचे वह सिंदूर नहीं ले गए थे। ऐसे में गीता ने अपने पर्स से लाल लिपस्टिक निकाली, जिससे शम्मी ने उनकी मांग भरी। शम्मी डरे हुए थे कि घरवाले इस आनन-फानन की शादी को स्वीकार करेंगे या नहीं, लेकिन पृथ्वीराज कपूर ने बिना नाराजगी दोनों का स्वागत किया। शादी के बाद शम्मी कपूर ने तुमसा नहीं देखा (1957), दिल देके देखो (1959) और जंगली (1961) जैसी फिल्मों से स्टारडम हासिल किया। जंगली का गाना याहू…चाहे कोई मुझे जंगली करे काफी हिट रहा। शादी से गीता बाली और शम्मी कपूर को 2 बच्चे हुए, लेकिन 1965 में गीता बाली का स्मॉलपॉक्स से निधन हो गया। वह महज 34 साल की थीं। किस्सा- 6 मुमताज ने ठुकराया प्रपोजल, आखिरी मुलाकात में कहा- मेरे पास चंद दिन ही बचे हैं तीसरी मंजिल, कश्मीर की कली जैसी फिल्मों से शम्मी कपूर टॉप एक्टर बने। फिर आई 1968 की ब्रह्मचारी। इस फिल्म में उनके साथ 18 साल की मुमताज की कास्टिंग हुई। जिसके गाने आज कल तेरे मेरे प्यार के चर्चे…, दिल के झरोके में…, चक्के पे चक्का, चक्के पे गाड़ी काफी हिट रहे। साथ काम करते हुए शम्मी कपूर-मुमताज एक-दूसरे को पसंद करने लगे। शम्मी कपूर ने उन्हें शादी का प्रस्ताव भी दिया, लेकिन साथ ही शर्त रखी कि कपूर खानदान से जुड़ने के बाद उन्हें फिल्मों में काम करना बंद करना होगा। मुमताज नई-नई फिल्मों में आई थीं और परिवार की जिम्मेदारी भी उन पर थी। ऐसे में मुमताज ने उनका प्रस्ताव ठुकरा दिया। कुछ सालों बाद 27 जनवरी 1969 को शम्मी कपूर ने बचपन की दोस्त और भावनगर राज्य के गोहिल साम्राज्य की प्रिंसेस नीला देवी से शादी की। नीला उनसे 10 साल छोटी थीं। इस शादी से उन्हें कोई संतान नहीं हुई। साल बीते और मुमताज शादी कर विदेश चली गईं। सालों बाद जब वो भारत लौटीं, तो 2010 में एक शाम उनके पास नीला देवी का कॉल आया। उन्होंने कहा कि शम्मी कपूर चाहते हैं कि मुमताज उनकी बर्थडे पार्टी में आएं। जवाब मिला- ‘मैं जरूर आऊंगी।’ जैसे ही वो पार्टी में पहुंची, तो देखा शम्मी कपूर शराब पी रहे हैं। इस बात की जानकारी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े हर शख्स को थी कि शम्मी कपूर की तबीयत कई महीनों से बिगड़ी हुई है। मुमताज पास पहुंचीं और कहा- ‘अगर आपकी तबीयत ठीक नहीं है तो आप शराब क्यों पी रहे हैं।’ शम्मी कपूर ने जवाब में कहा- ‘मैं ज्यादा दिनों तक नहीं जीने वाला।’ मुमताज को उस दिन ही पता चला कि शम्मी कपूर चंद महीनों के ही मेहमान हैं। वो भावुक हो गईं और कहा- ‘आप पी सकते हैं। एन्जॉय योरसेल्फ। ’ कुछ देर बाद मुमताज वहां से चली गईं। जाते हुए बस कहा- ‘अपना ख्याल रखना।’ कुछ महीनों बाद 14 अगस्त 2011 को शम्मी कपूर का निधन हो गया। शम्मी कपूर से जुड़ी ये बातें भी पढ़िए-

Continue reading on the app

  Sports
  Videos
See all

Aaj ki Taja Khabar: सुबह की ताजा खबरें | Jio IPO| Marco Rubio | Shraddha Dubey Arrest | UP Politics #tmktech #vivo #v29pro
2026-10-21T02:39:16+00:00

केरल: लोगों पर असर डालता मंच पर आया बाढ़ पीड़ितों का दर्द [When flood victims took the stage] #tmktech #vivo #v29pro
2026-10-21T02:30:23+00:00
Editor Choice
See all
Photo Gallery
See all
World News
See all
Top publishers