श्रीलंका के लिए एक बड़ा झटका है। ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार, उनके स्टार तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना पिंडली में खिंचाव के कारण टी20 विश्व कप 2026 के शेष मैचों से बाहर हो गए हैं। पथिराना 16 फरवरी को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में अपने बाएं पैर को पकड़कर गिर पड़े थे। मैच की चौथी गेंद फेंकने के बाद गिरते ही पथिराना दर्द से कराह रहे थे। उन्होंने आगे गेंदबाजी नहीं की और मैदान छोड़ दिया। वहीं, ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट में बताया गया है कि स्कैन से पिंडली में खिंचाव का पता चला है, जिसे ठीक होने में कई सप्ताह लग सकते हैं, और ऐसा लगता है कि विश्व कप में उनकी भागीदारी लगभग खत्म हो चुकी है। हालांकि, फिलहाल आईपीएल में उनकी भागीदारी खतरे में नहीं है।
इस बीच, श्रीलंका के बल्लेबाजी सलाहकार और पूर्व भारतीय बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर ने जिम्बाब्वे के खिलाफ लीग चरण के आखिरी मैच से पहले चोट की गंभीरता की पुष्टि की है। राठौर ने कहा कि मुझे लगता है कि उन्हें टूर्नामेंट के बाकी मैचों के लिए अयोग्य घोषित कर दिया गया है। अगर वह बाहर हो जाते हैं तो इसकी खबर जल्द ही आ जाएगी। जहां तक उनके विकल्प की बात है, इस पर अभी भी चर्चा चल रही है। हालांकि, श्रीलंका के पास कुछ विकल्प मौजूद हैं। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज दिलशान मदुशंका और बिनुरा फर्नांडो इनमें से हैं, वहीं श्रीलंका तेज गेंदबाज नुवान थुशारा को भी टीम में शामिल कर सकता है। टीम प्रबंधन बल्लेबाजी में नए खिलाड़ियों और स्पिन गेंदबाजी के विकल्पों पर भी विचार कर रहा है।
पथुम निसांका की नाबाद शतकीय पारी के बूते श्रीलंका ने आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप बी मैच में सोमवार को यहां ऑस्ट्रेलिया को 12 गेंद शेष रहते हुए आठ विकेट से हराकर सुपर आठ में अपनी जगह पक्की की। निसांका की 52 गेंद में नाबाद 100 रन की पारी से श्रीलंका ने जीत के लिए मिले रिकॉर्ड 182 रन के लक्ष्य को 18 ओवर में दो विकेट गंवाकर आसानी से हासिल कर लिया। उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके और पांच छक्के लगाने के अलावा दूसरे विकेट के लिए कुसल मेंडिस (38 गेंद में 51) के साथ 66 गेंद में 97 जबकि पवन रथनायके (15 गेंद में नाबाद 28) के साथ तीसरे विकेट के लिए 34 गेंद में 79 रन की अटूट साझेदारी कर टीम को आसान जीत दिला दी।
इस हार के बाद ऑस्ट्रेलिया की सुपर आठ में पहुंचने की उम्मीदें अधर में लटक गई हैं। अब उसे अपने अंतिम मैच में ओमान के खिलाफ बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी और बेहतर नेट रन रेट के लिए अन्य परिणामों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा। जिम्बाब्वे ने मं अगर आयरलैंड को हरा दिया तो ऑस्ट्रेलिया का सफर ग्रुप चरण में ही खत्म हो जायेगा। इससे पहले कप्तान मिचेल मार्श और ट्रेविस हेड के विस्फोटक अर्धशतकों के दम पर मजबूत शुरुआत करने के बावजूद ऑस्ट्रेलिया की पारी 181 रन पर सिमट गयी।
Continue reading on the app