पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क इस सप्ताह आएंगे भारत, रणनीतिक साझेदारी को मिलेगी मजबूती
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क 21 से 23 अक्टूबर तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे. विदेश मंत्रालय (एमईए) ने सोमवार को बताया कि बतौर प्रधानमंत्री ये टस्क की दूसरी भारत यात्रा होगी; इससे पहले वे 2010 में अपने पिछले कार्यकाल के दौरान भारत आए थे. टस्क 22 अक्टूबर को प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे. इस दौरान दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे. अगस्त 2024 में प्रधानमंत्री मोदी की पोलैंड यात्रा के दौरान इन संबंधों को 'रणनीतिक साझेदारी' के स्तर तक बढ़ाया गया था. विदेश मंत्रालय (एमईए) ने बताया कि दोनों नेता आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे.
बड़ा व्यापार प्रतिनिधिमंडल भी आएगा
भारत यात्रा के दौरान, टस्क के साथ पोलैंड के वित्त और अर्थव्यवस्था मंत्री आंद्रेज डोमांस्की और एक बड़ा व्यापार प्रतिनिधिमंडल भी आएगा. दिल्ली में अपने कार्यक्रम पूरे करने के बाद, प्रधानमंत्री टस्क बेंगलुरु जाएंगे. वहां वे सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) और अंतरिक्ष (स्पेस) क्षेत्रों सहित विभिन्न व्यावसायिक हितधारकों के साथ बातचीत करेंगे. 22 अक्टूबर को नई दिल्ली में और 23 अक्टूबर को बेंगलुरु में 'भारत-पोलैंड बिजनेस फोरम' का आयोजन किया जाएगा.
मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगी
विदेश मंत्रालय ने कहा, "यह यात्रा भारत-पोलैंड रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगी. इससे व्यापार और निवेश, रक्षा, उभरती प्रौद्योगिकियों, नवीकरणीय ऊर्जा, शिक्षा, संस्कृति और लोगों के बीच आपसी संबंधों जैसे साझा हितों के क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा मिलेगा. इससे भारत-यूरोपीय संघ (ईयू) रणनीतिक साझेदारी को भी और गहरा करने में मदद मिलेगी."
4 सितंबर को, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने पोलैंड के उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री राडोस्लाव सिकोरस्की से मुलाकात की थी. वारसॉ में हुई इस बैठक के दौरान, उन्होंने 'संयुक्त कार्य योजना 2024-28' में हुई प्रगति की समीक्षा की.
विषयों पर ध्यान केंद्रित किया गया
बैठक के बाद विदेश मंत्री जयशंकर ने 'एक्स' पर इसकी जानकारी दी थी. उन्होंने बताया कि वारसॉ में हमने अपनी 'संयुक्त कार्य योजना 2024-28' की समीक्षा की. इसमें व्यापार और निवेश, अंतरिक्ष, डिजिटल क्षेत्र, एआई, सेमीकंडक्टर, रक्षा, शिक्षा, शिपिंग, खनन और ऊर्जा, लोगों के बीच आपसी संबंध, संस्कृति और बहुपक्षीय सहयोग जैसे विषयों पर ध्यान केंद्रित किया गया. उन्होंने आगे लिखा कि एफटीए (मुक्त व्यापार समझौता) लागू होने से विश्वास है कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग और भी मजबूत होगा.
(स्रोत: आईएएनएस)
अमेरिका में हर बच्चे को मिलेगा SpaceX का एक-एक शेयर, एलन मस्क ने किया बड़ा एलान
Elon Musk: दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क ने बड़ा एलान किया है. मस्क ने अमेरिका के बच्चों को अपनी कंपनी में हिस्सेदार बनाने का ऐलान किया है. मस्क के मुताबिक, वह अगले साल अमेरिका के हर बच्चे को अपनी रॉकेट कंपनी स्पेसएक्स (SpaceX) का एक शेयर देंगे. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि यह इस तरह की कई पहलों में से पहली होगी.
इस ऐलान के साथ ही मस्क की ओर से दिए जाने वाले शेयरों की कुल कीमत भी चर्चा में आ गई है. हालांकि, इस योजना को लेकर अभी कई सवालों के जवाब सामने आने बाकी हैं. इनमें शेयर बांटने की प्रक्रिया, पात्र बच्चों की पहचान और इस ऐलान को लागू करने की शर्तें शामिल हैं. फिलहाल मस्क ने इसे अपनी भविष्य की योजनाओं में से एक बताया है.
Next year, I will give one of my SpaceX shares to every kid in America.
— Elon Musk (@elonmusk) October 19, 2026
This will be the first of many.
कई देशों के जीडीपी से ज्यादा बनेगी वैल्यू
उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, अमेरिका में 18 साल से कम उम्र के करीब 7.4 करोड़ बच्चे हैं. अगर हर बच्चे को 146 डॉलर कीमत का एक शेयर दिया जाता है, तो इसकी कुल वैल्यू करीब 10.8 अरब डॉलर यानी लगभग 1.02 लाख करोड़ रुपये होगी. यह रकम कई छोटे देशों की सालाना जीडीपी से भी ज्यादा है.
एलन मस्क के पास कितने शेयर?
यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब मस्क इस प्राइवेट एयरोस्पेस और सैटेलाइट कंपनी के सबसे बड़े शेयरहोल्डर बने हुए हैं. हाल ही में दाखिल एक रेगुलेटरी फाइलिंग के अनुसार, 30 जून तक SpaceX में मस्क की हिस्सेदारी 48.4 प्रतिशत थी. फाइलिंग से पता चलता है कि SpaceX में मस्क के पास लगभग 6.42 अरब शेयर हैं. उनकी हिस्सेदारी में 849.5 मिलियन 'क्लास A' शेयर और 3.92 अरब 'क्लास B' शेयर शामिल हैं, जो उन ट्रस्टों के माध्यम से रखे गए हैं, जिनमें मस्क ट्रस्टी के रूप में काम करते हैं.
इसके अलावा, मस्क के पास सीधे तौर पर लगभग 1.30 अरब 'क्लास B' रेस्ट्रेक्टेड शेयर हैं. साथ ही, उनके पास स्टॉक ऑप्शंस से जुड़े अधिकार भी हैं, जो 350 मिलियन और 'क्लास B' शेयरों को कवर करते हैं.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation







