Social Media पर पाबंदी से बच्चों का मानसिक स्वास्थ्य सुधरने पर शोधकर्ताओं को संदेह
(एरी लाइटमैन, कार्नेगी मेलन विश्वविद्यालय) पिट्सबर्ग (अमेरिका), 17 अक्टूबर (द कन्वरसेशन) सोशल मीडिया मंचों के लिए वर्ष 2026 खर्चीला साबित हुआ है। मार्च से अब तक यूट्यूब, और इंस्टाग्राम एवं फेसबुक की मूल कंपनी मेटा ने कई मुकदमों में समझौता किया है या हर्जाने के रूप में 17 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक की रकम चुकाई है। इन मुकदमों में आरोप लगाया गया कि कंपनियों ने लापरवाही बरती, जानबूझकर ऐसा डिजाइन तैयार किया, जिससे बच्चों को सोशल मीडिया की लत लग जाये तथा सुरक्षा और निजता के बारे में जनता को गुमराह किया।
यदि इन मुकदमों को इस बात का संकेत माना जाये कि सरकारें और आम लोग सोशल मीडिया मंचों को किस नजरिए से देखने लगे हैं, तो आने वाले समय में ऐसे और भी मुकदमे सामने आ सकते हैं। इन मुकदमों के अलावा, सोशल मीडिया मंचों को कारोबार में भी नुकसान उठाना पड़ रहा है, क्योंकि नाबालिगों के सोशल मीडिया इस्तेमाल को लेकर प्रतिबंध तेजी से बढ़ रहे हैं और दुनियाभर में लगाये जा रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया उन पहले देशों में शामिल था, जिसने दिसंबर 2025 से 16 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया।
इसके कुछ ही समय बाद ब्रिटेन ने भी इसी तरह का प्रतिबंध लागू कर दिया। फिलहाल, इन सोशल मीडिया मंचों पर नाबालिग उपयोगकर्ताओं पर प्रतिबंध लगाने पर विचार कर रहे देशों की संख्या 20 से अधिक हो गई है। इनमें यूनान, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और कनाडा जैसे देश शामिल हैं।
दुनियाभर में प्रस्तावित और लागू किए गए प्रतिबंधों में आयु सीमा, माता-पिता की सहमति संबंधी नियमों और उम्र की पुष्टि करने के तरीकों को लेकर अंतर है। कई देश विभिन्न सोशल मीडिया मंचों पर प्रतिबंध लगाने पर विचार कर रहे हैं, लेकिन इनमें से ज्यादातर में स्नैपचैट, यूट्यूब, टिकटॉक, इंस्टाग्राम, फेसबुक और ‘एक्स’ जैसे मंच शामिल हैं। ये प्रतिबंध केवल मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी चिंताओं के कारण नहीं लगाए जा रहे हैं।
इनमें से कुछ के पीछे विदेशी कंपनियों के स्वामित्व वाले सोशल मीडिया मंचों को लेकर राजनीतिक चिंताएं हैं, जबकि कुछ का उद्देश्य बच्चों की निजता की रक्षा करना है। हालांकि, बच्चों के लिए सोशल मीडिया मंचों पर प्रतिबंध लगाने वाली लगभग हर सरकार इसके लिए एक कारण के रूप में उनके मानसिक स्वास्थ्य का हवाला देती है। सवाल यह है कि क्या ये प्रतिबंध बच्चों के समक्ष मौजूद मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का समाधान हैं?
मैं डिजिटल मीडिया और मार्केटिंग के क्षेत्र में शोध करता हूं तथा नयी तकनीकों के प्रभावों का आकलन करता हूं। मुझे इस बात पर संदेह है कि इन मंचों तक पहुंच पर प्रतिबंध लगाने से वास्तव में बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य में सुधार होगा या नहीं। मानसिक स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं जोनाथन हाइट की 2024 में प्रकाशित पुस्तक ‘द एंग्जायटी जनरेशन’ के बाद से सोशल मीडिया के आलोचकों ने बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर अपना ध्यान और अधिक केंद्रित किया है।
हाइट का तर्क है कि सोशल मीडिया बच्चों के सामाजिक और तंत्रिका संबंधी विकास को बाधित करता है। उनके अनुसार नींद की कमी, बार-बार ध्यान भटकना, लत, अकेलापन, दूसरों से अपनी तुलना करने और हर काम में पूर्णता हासिल करने की प्रवृत्ति के कारण बच्चों में चिंता और अवसाद की समस्या बढ़ रही है। वर्ष 2026 के एक अध्ययन में पाया गया कि 14 से 20 वर्ष आयु वर्ग में मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से ग्रस्त होने की आशंका 50 साल पहले इसी आयु वर्ग के लोगों की तुलना में 100 प्रतिशत से भी अधिक है।
सोशल मीडिया का बढ़ता इस्तेमाल और स्क्रीन पर बिताया जाने वाला अधिक समय नाबालिगों के लिए पहले से ही चुनौतीपूर्ण स्थिति को और गंभीर बना रहा है। वर्ष 2021 में अनुमान लगाया गया था कि दुनियाभर में 20.5 प्रतिशत बच्चों में चिंता के लक्षण सामान्य से अधिक पाए गए, जबकि 25.2 प्रतिशत में अवसाद के बढ़े हुए लक्षण मिले। इसके लिए कई कारक जिम्मेदार हैं।
इनमें बच्चों की मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की बेहतर पहचान और उनके प्रति बढ़ती जागरूकता के साथ-साथ कोविड-19 महामारी के कारण सामाजिक जीवन में आये व्यवधान भी शामिल हैं। जब दुनियाभर में लोग घरों में रहने को मजबूर हुए और कामकाज, पढ़ाई तथा सामाजिक मेलजोल के लिए ऑनलाइन माध्यमों पर निर्भर हो गए, तो सामाजिक अलगाव और अकेलेपन की प्रवृत्ति बढ़ी। इन चिंताओं को देखते हुए, कुछ शोधकर्ताओं का कहना है कि सोशल मीडिया मंचों पर प्रतिबंध लगाना वैसा ही है, जैसे शराब या सिगरेट खरीदने के लिए न्यूनतम आयु सीमा तय करना।
लेकिन इन लत लगाने वाले और संभावित रूप से हानिकारक पदार्थों के विपरीत, सोशल मीडिया के कुछ फायदे भी हैं। खासकर उन किशोरों के लिए, जो अपने स्थानीय समुदाय से कटा हुआ महसूस करते हैं और ऐसे लोगों से जुड़ना चाहते हैं, जो उन्हीं की तरह महसूस करते हैं। सोशल मीडिया मंच दुनियाभर के लोगों को आपस में जुड़ने और समान विचारधारा वाले समूहों के साथ समुदाय बनाने का अवसर प्रदान करते हैं।
ये आत्म-अभिव्यक्ति और नागरिक गतिविधियों में भागीदारी के लिए भी एक मंच उपलब्ध कराते हैं। अमेरिका में किशोरों पर किए गए ‘प्यू रिसर्च सेंटर’ के एक सर्वेक्षण में 80 प्रतिशत किशोरों ने कहा कि सोशल मीडिया उन्हें अपने दोस्तों के जीवन में हो रही घटनाओं से जुड़े रहने में मदद करता है। ऑस्ट्रेलिया फिलहाल उन सोशल मीडिया मंचों पर जुर्माने की राशि बढ़ाने की कोशिश कर रहा है, जो उसके निर्धारित नियमों का पालन नहीं करते हैं।
संयुक्त राष्ट्र ने सिफारिश की है कि बच्चों के लिए ऑनलाइन क्या बेहतर है, इस पर होने वाली चर्चा में उन्हें भी शामिल किया जाए। जाहिर है, इसका मतलब यह नहीं है कि 12 साल की आयु वाले बच्चों को नियामक एजेंसियों की जिम्मेदारी सौंप दी जाए। हालांकि, बच्चे ऑनलाइन मंच पर किन चीजों को महत्व देते हैं, इंटरनेट के इस्तेमाल से उन्हें क्या लाभ मिलता है और किन कारणों से उनके लिए स्क्रीन से नजरें हटाना मुश्किल हो जाता है--इन मुद्दों पर उनकी राय सोशल मीडिया मंचों और शैक्षिक कार्यक्रमों में बदलाव लाने में मदद कर सकती है।
इससे बच्चों को ऑनलाइन दुनिया में अधिक सुरक्षित तरीके से जुड़ने और इंटरनेट के इस्तेमाल तथा जीवन की अन्य गतिविधियों के बीच स्वस्थ संतुलन बनाए रखने में मदद मिल सकती है।
Bangladesh Resort Fire: कॉक्स बाज़ार में जिंदा जले 10 लोग, शवों की पहचान के लिए होगा DNA टेस्ट
दक्षिण-पूर्वी बांग्लादेश के कॉक्स बाज़ार में एक समुद्र तटीय रिसॉर्ट में आग लगने से कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य घायल हो गए। आग ने तीन मंजिला इमारत को पूरी तरह से जलाकर राख कर दिया, जो मुख्य रूप से बांस और लकड़ी से बनी थी। आग सुबह करीब 6:30 बजे मरीन ड्राइव के किनारे पटुआर्टेक बीच के पास, इनानी स्थित 'टुपटुप रेस्टो एंड रिसॉर्ट' में लगी। कई घंटे बीत जाने के बाद भी अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे थे कि आग कैसे लगी, जबकि रिसॉर्ट में मौजूद माने जा रहे कुछ लोगों की स्थिति और उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई थी।
इसे भी पढ़ें: फर्जी Passport बनवाकर UAE गया बांग्लादेशी नागरिक Chennai Airport पर पकड़ा गया
कॉक्स बाज़ार के रिसॉर्ट में क्या हुआ?
उखिया पुलिस स्टेशन के प्रमुख मोहम्मद अतीकुर रहमान मजूमदार ने बताया कि शनिवार सुबह रिसॉर्ट में आग लग गई। फायर सर्विस के प्रवक्ता तलहा बिन जासिम ने दोपहर करीब 1:30 बजे 10 लोगों की मौत और नौ लोगों के घायल होने की पुष्टि की।
यह रिसॉर्ट कोलाटोली से लगभग 29 किलोमीटर दूर, बीच टाउन के प्रवेश द्वार के पास स्थित है। 'ढाका ट्रिब्यून' के अनुसार, आग लगने के समय वहां लगभग 30 लोग मौजूद थे। चार से पांच लोग तो किसी तरह बाहर निकलने में कामयाब रहे, लेकिन बाकी लोगों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी कि वे कहां हैं या किस हालत में हैं। कॉक्स बाज़ार फायर सर्विस के डिप्टी असिस्टेंट डायरेक्टर सैयद मुहम्मद मोर्शेद हुसैन ने बताया कि आग की चपेट में आकर पूरी इमारत जलकर खाक हो गई है।
इसे भी पढ़ें: 'हम बांग्लादेश या नेपाल नहीं हैं, सत्ता परिवर्तन लोकतांत्रिक तरीके से होगा', तिरंगा मार्च रोकने पर केंद्र पर भड़के अभिनेता प्रकाश राज
घायल लोग और शवों की बरामदगी
नौ घायल लोगों को कॉक्स बाज़ार सदर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर सबुकतागिन महमूद सोहेल ने बताया कि पाँच मरीज़ों के शरीर का लगभग 5 प्रतिशत हिस्सा जल गया था। उन्होंने कहा एक अन्य व्यक्ति गिरने से घायल हो गया था, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। जलने वाले पाँचों मरीज़ों को अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है। कॉक्स बाज़ार के डिप्टी कमिश्नर ए. मन्नान ने बताया कि अब तक छह शव बरामद किए जा चुके हैं। शवों को उनके परिवारों को सौंपने से पहले उनके DNA सैंपल लिए जाएंगे।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi











